धनबाद में झरिया के राजा तालाब पर बनारस की तर्ज पर हुई भव्य गंगा आरती, हजारों दीपों से जगमगाया कोयलांचल
धनबाद में झरिया के राजा तालाब पर बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा आरती की गई. नजारा बेहद ही मनमोहक था. इस दौरान कोयलांचल हजारों दीपों से जगमगा उठा.
बात जब गंगा आरती की हो, तो बनारस की गंगा आरती का जिक्र सबसे पहले होता है. यहां के घाट पर होने वाली आरती दुनिया भर में प्रसिद्ध है. लोग दूर-दूर से गंगा आरती को देखने और महसूस करने के लिए बनारस आते हैं. इसी क्रम में कार्तिक महीने के पवित्र अवसर पर झारखंड के धनबाद में बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा आरती और दीपोत्सव का आयोजन किया गया. झरिया में स्थित ऐतिहासिक राजा तालाब रविवार (1 नवंबर, 2026) की शाम आस्था और भक्ति के एक सुंदर माहौल में डूबा नजर आया.
हर-हर महादेव के नारे से गूंजा कोयलांचल
यह कार्यक्रम झरिया की विधायक रागिनी सिंह और धनबाद के महापौर संजीव सिंह की विशेष पहल पर रखा गया था. इस दौरान पूरा इलाका दीपों की रोशनी से जगमगा उठा, मनमोहक दृश्यों ने वहां मौजूद लोगों को अपनी ओर आकर्षित करने का काम किया. मिली जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत बनारस से आए विशेष पुरोहितों ने की. उन्होंने पूरे विधि-विधान से वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच पारंपरिक तरीके से गंगा आरती की. इस दौरान पूरा कोयलांचल क्षेत्र हर-हर महादेव और गंगा मैया के नारों से गूंज उठा.
अभिषेक पाठक की मधुर आवाज से झूमे श्रद्धालु
इस मौके पर भव्य आयोजन को और भी खास बनाने के लिए प्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक पाठक ने अपनी मधुर आवाज में कई शानदार प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें सुनकर वहां मौजूद सभी श्रद्धालु भक्ति में डूबे नजर आए. इस धार्मिक कार्यक्रम के दौरान झरिया राजघराने की राजमाता सुजाता सिंह को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया.
मौजूद हर व्यक्ति ने महसूस किया खास पल
कार्यक्रम के दौरान विधायक रागिनी सिंह और महापौर संजीव सिंह ने कहा कि इस राजा तालाब को धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए वे पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. बता दें कि इस आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जिन्होंने इस पल को यादगार बनाने का काम किया. श्रद्धालु आरती में लीन नजर आए, भजन गायक अभिषेक पाठक की आवाज से भी रूबरू हुए. हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में आयोजित यह भव्य कार्यक्रम झरिया की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत की यादगार तस्वीर पेश कर गया.
इनपुट: नितेश कुमार मिश्रा
यह भी पढ़ें: गिरिडीह में चाइनीज लाइटों के सामने आज भी भारी हैं कुम्हारों के हाथों के बने मिट्टी के दीये, देखें फोटोज