App

धनबाद में ये क्या हो गया: बच्चे को सीने से चिपकाकर आग की लपटों से घिरी महिला छत से गिरी, दोनों की मौत

आखिर ऐसा क्या हुआ कि महिला ने अपने बच्चे को सीने से लगाकर आग लगा ली और उसके बाद दोनों छत से नीचे गिर गए. इस बारे में सोचकर ही दिल दहल उठता है. हालांकि, उसके पिता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराली उसे परेशान करते थे.

धनबाद में ये क्या हो गया: बच्चे को सीने से चिपकाकर आग की लपटों से घिरी महिला छत से गिरी, दोनों की मौत
Image Credit: धनबाद से बड़ी ही वीभत्स खबर है, जिसमें एक महिला ने अपने बेटे को सीने से लगाकर आग लगा ली और उसके बाद छत से गिर गई. (AI Image)

धनबाद: झारखंड के धनबाद में एक दिल दहला देने वाली घटना में 23 वर्षीय महिला और उसके 10 माह के बेटे की मौत हो गई. मृतका के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने ससुराल पक्ष पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. महिला ने बच्चे को सीने से चिपकाकर खुद को आग लगा ली और इसके बाद दोनों छत से नीचे गिर गए. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरुवार को मां-बेटे ने दम तोड़ दिया. घटना भूली ओपी क्षेत्र के आजाद नगर की है. मृतकों की पहचान सहाना खातून और उसके बेटे फैजान के रूप में हुई है.

बताया जा रहा है कि बुधवार को आग की चपेट में आने के बाद महिला बच्चे को लेकर छत से नीचे गिरी. वह पड़ोसी अधिवक्ता के कार्यालय की छत के एस्बेस्टस शेड को तोड़ते हुए नीचे रखी मेज पर जा गिरी. आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को गंभीर हालत में बाहर निकाला और तत्काल अशर्फी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी.

भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर ने मां-बेटे की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है. इधर, मृतका के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने ससुराल पक्ष पर बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि शादी के बाद से ही सहाना को परेशान किया जाता था और घटना से एक दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था.

परिवार ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है. दूसरी ओर, सहाना के पति शहनवाज अंसारी उर्फ राजा ने इन आरोपों से इनकार किया है. उसका कहना है कि घटना के समय वह परिवार के साथ बाजार गया था. लौटने पर दोनों को अस्पताल ले जाया गया. मृतका के पिता के लिखित बयान पर पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया गया है.

-आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sunil Mishra

Sunil Mishra

इंडस्ट्री में 2 दशकों का अनुभव है तो खबरों की बाजीगरी आती है. डिजिटल मीडिया में आधे दशक हो चुके हैं. लंबे समय तक प्रिंट मीडिया में काम करना डिजिटल की दुनिया में मददगार साबित हुआ. दैनिक जागरण से शुरू हुआ सफर, अमर उजाला, हिन्दुस्तान, News Nation, ABP और India Ahead होते हुए Z Bihar Jharkhand तक पहुंचा है. बिहार और झारखंड की स्थानीय और राजनीतिक खबरों की विशेष समझ.
Read More