धनबाद में थाईलैंड के 'अरुण टेम्पल' की तर्ज पर बन रहा भव्य पंडाल, शंख और सीप से सज रहा मां का दरबार
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद के कतरास में दुर्गा पूजा को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. GNM दुर्गापूजा समिति इस बार थाईलैंड के प्रसिद्ध अरुण टेम्पल की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण करा रही है. करीब 40 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस पंडाल में शंख और सीप सहित अन्य वस्तुओं का इस्तेमाल किया जा रहा है.
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद कोयलांचल में शारदीय नवरात्र की धूम देखने को मिल रही है. सभी पूजा समितियां अपने पूजा पंडालों में व्यवस्थित ढंग से पूजा संपन्न कराने में जुट गई हैं. कतरास GNM दुर्गापूजा समिति हर बार की तरह इस बार भी भव्य पूजा पंडाल के निर्माण कार्य में लगी हुई है. इस बार पूजा समिति थाईलैंड के अरुण टेम्पल के प्रतिरूप का निर्माण करा रही है. पूजा पंडाल के निर्माण में शंख, सीप सहित अन्य वस्तुओं का उपयोग किया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा. नगर निगम के मेयर संजीव सिंह भी GNM पूजा कमिटी स्थल पहुंचे. जहां, समिति के सदस्यों ने उनका जोरदार स्वागत किया. वहीं, मेयर संजीव सिंह ने पूजा कमिटी के भक्ति भाव से किए जा रहे कार्य की सराहना भी की. साथ ही, पूजा पंडाल में मां दुर्गा के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसे लेकर साफ-सफाई, पानी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया.
थाईलैंड थीम पर तैयार हो रहा विशाल पंडाल
कतरास में दुर्गापूजा को लेकर तैयारियां अब अंतिम दौर में पहुंचने लगी हैं. GNM ग्राउंड में इस बार मां दुर्गा के भव्य दरबार की तैयारी चल रही है. थाईलैंड थीम पर तैयार हो रहा विशाल पंडाल श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र होगा. वहीं, पूजा समिति ने कहा है कि भव्यता के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और महिलाओं की सुविधा पर भी विशेष फोकस रहेगा. पूजा पंडाल के निर्माण का जिम्मा पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर से आए कारीगरों को सौंपा गया है. करीब 40 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस पंडाल को और भव्य रूप देने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं.
सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
पूजा समिति के सचिव अमन जायसवाल ने बताया कि समिति का लक्ष्य सिर्फ भव्य पूजा आयोजित करना नहीं, बल्कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और बेहतर माहौल भी देना है. पूरे पूजा परिसर और मेला क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी. महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी. पंडाल के निर्माण कार्य में लगे कारीगरों ने बताया कि वे तीन महीने से पंडाल बनाने में जुटे हुए हैं. शंख और सीप को बारीकी से लगाया जा रहा है.सभी कारीगर दिन-रात काम कर 15 अक्टूबर तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं.
संजीव सिंह ने बताया
मेयर संजीव सिंह ने कहा कि GNM दुर्गापूजा समिति द्वारा थाईलैंड के अरुण टेम्पल का निर्माण कराया जा रहा है. पिछले साल जिस तरह समिति ने जिले में पहला स्थान प्राप्त किया था, इस बार राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त करेगी. सभी लोग पूरे लग्न और श्रद्धा से काम में लगे हुए हैं. नगर निगम पूजा के दौरान स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने का काम करेगा.
रिपोर्ट:नितेश कुमार मिश्रा