धनबाद के कतरास में फिर धंसी जमीन, घर के बगल 30 फीट का गोफ, दहशत में आया परिवार
Dhanbad News: धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का 6 नंबर चानक के पास भू-धंसान से करीब 30 फीट गहरा गोफ बन गया. गोफ में एक मवेशी फंस गया, जिसे बीसीसीएल ने चार घंटे की मशक्कत के बाद रेस्क्यू किया. घटना के बाद आसपास के परिवारों में दहशत है.
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद जिले के कतरास थाना क्षेत्र में एक बार फिर भू-धंसान और गोफ बनने की घटना से हड़कंप मच गया. लकड़का 6 नंबर चानक के समीप सोमवार सुबह इंद्रदेव कुंभकार के घर के बगल में अचानक जोरदार आवाज के साथ जमीन धंस गई. देखते ही देखते यहां करीब 30 फीट गहरा गोफ बन गया, जिसमें एक मवेशी गिरकर अंदर फंस गया. घटना के बाद घर के आसपास रहने वाले परिवारों में डर का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई.
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गोफ में फंसे मवेशी को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन गोफ काफी गहरा होने के कारण उन्हें सफलता नहीं मिली. इसके बाद घटना की सूचना बीसीसीएल प्रबंधन को दी गई. सूचना मिलने के काफी देर बाद बीसीसीएल के अधिकारी और सीआईएसएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. मवेशी को निकालने के लिए पोकलेन मशीन मंगाई गई और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.
करीब चार घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद मवेशी को गोफ से बाहर निकाल लिया गया. हालांकि, घटना के बाद इंद्रदेव कुंभकार का परिवार काफी डरा हुआ है. जिस घर के ठीक बगल में जमीन धंसी है, वहां रहने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. स्थानीय रैयतों का कहना है कि इलाके में लगातार भू-धंसान और गोफ बनने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि वे लंबे समय से बीसीसीएल प्रबंधन से सुरक्षित स्थान पर पुनर्वास की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. रैयतों का कहना है कि उनके घर रैयती जमीन पर बने हैं और अब घर के ठीक बगल में 20 से 30 फीट गहरा गोफ बन गया है. लोगों ने बीसीसीएल प्रबंधन से जल्द वार्ता कर उचित मुआवजा देने और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग की है.
रिपोर्ट: नितेश कुमार मिश्रा