App

धनबाद में फिर धंसी जमीन: जामाडोबा बड़कीटांड़ में बना 20 फीट गहरा गोफ, दहशत में लोग

धनबाद के जामाडोबा बड़कीटांड़ में मकान के बगल में बड़ा गोफ बन गया है. इसकी वजह से वहां के स्थानीय लोग दहशत में है. स्थानीय लोगों ने टाटा के अधिकारियों को गोफ बनने के बारे में जानकारी दी. कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

धनबाद में फिर धंसी जमीन: जामाडोबा बड़कीटांड़ में बना 20 फीट गहरा गोफ, दहशत में लोग
Image Credit: धनबाद में फिर धंसी जमीन: बना 20 फीट गहरा गोफ (जी मीडिया)

धनबाद में गोफ बनने का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है. जामाडोबा बड़कीटांड़ में मोहम्मद सलीम के घर के पास अचानक एक गोफ बनने से इलाके में दहशत फैल गई. कुछ ही पल में यह गोफ बढ़कर लगभग 20 फीट का हो गया. सलीम और स्थानीय लोगों ने टाटा कंपनी के एक अधिकारी को इस घटना की जानकारी दी. अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे, स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है.

स्थानीय लोगों ने लगाया लापरवाही का आरोप
इस दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कुछ दिन पहले इसी स्थान पर छोटी गोफ बनी थी. इसकी सूचना संबंधित विभाग और अधिकारियों को दी गई थी, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इसी लापरवाही के कारण अब गोफ का आकार बढ़कर करीब 20 फीट हो गया है. गोफ के अचानक बढ़ने से आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल है. क्षेत्र में करीब पांच हजार की आबादी रहती है. यदि समय रहते गोफ की भराई और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति गंभीर हो सकती है.

समस्या का जल्द समाधान बेहद जरूरी
दूसरी तरफ लोगों का कहना है कि कंपनी के बंद होने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा समुचित कार्रवाई नहीं किए जाने से ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और कंपनी प्रबंधन से तत्काल गोफ की भराई कराने, आसपास के क्षेत्र की जांच कराने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि इस क्षेत्र में आने-जाने के लिए कोई दूसरा वैकल्पिक रास्ता भी नहीं है, ऐसे में समस्या का जल्द समाधान बेहद जरूरी है.

गोफ क्या होता है?
बता दें कि कोयला खनन वाले इलाकों या जमीन के नीचे खनन वाले क्षेत्रों में नीचे की मिट्टी या चट्टानों के धंसने से बनने वाले बड़े और गहरे गड्ढे को 'गोफ' (goph) कहा जाता है.धनबाद, झरिया समेत अन्य जगहों पर ऐसी घटनाएं अधिक होती है.

रिपोर्ट: नितेश कुमार मिश्रा

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ranjana Kumari

Ranjana Kumari

रंजना कुमारी Zee Bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-Editor अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं. बिहार के सिवान जिले के जीरादेई से ताल्लुक रखने वाली रंजना स्थानीय और जमीनी मुद्दों पर गहरी पकड़ रखती हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में वे मुख्य रूप से राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और देश-दुनिया की अहम रूटीन खबरों को प्रमुखता से कवर करती हैं. Zee Media का हिस्सा बनने से पहले रंजना ने न्यूज इंडिया 24x7 में भी डेढ़ साल तक अपनी सेवाएं दी थीं. एकेडमिक की बात करें तो रंजना GJU से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन कर रही हैं.
Read More