)
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी के बयान को लेकर झारखंड बीजेपी आग बबूला है. बीजेपी नेता दीपक प्रकाश के नेतृत्व में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इरफान अंसारी के खिलाफ अरगोड़ा थाने में मामला दर्ज करवाया. दीपक प्रकाश ने कहा कि इरफान अंसारी ने एक चुनी हुई सरकार के तख्ता पलटने की साजिश रची है. संविधान को शपथ लेकर देश में नौजवानों के हिंसा फैलाने की साजिश रच रहा है. देश की अखंडता को खतरे में डालने का काम कर रहा है.
बीजेपी नेता ने कहा कि चालीस लाख युवा नौजवानों की सेना खड़ी कर, देश की सेना को चुनौती देने का काम कर रहे हैं. भारत के संविधान की धज्जियां उड़ाने की काम कर रहे हैं. भारत की कानून व्यवस्था को बर्बाद करने का काम कर रहे हैं. देश के बाहर खड़े लोगों के साथ साजिश कर भारत के टुकड़े टुकड़े करने का काम कर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि ऐसे अपराधी जो देश के खिलाफ साजिश रच रहे हैं, उसको देश द्रोही कहा जाता है. इस लिए हम लोगों ने अरगोड़ा थाना में एफआईआर दर्ज करने का काम किया है. इस मामले में कानून संवत कार्रवाई होनी चाहिए. मंत्री पर कानून कार्रवाई नहीं करेगी तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाने का काम करेगें. देश द्रोही मंत्री को झारखंड की जनता अगली बार सबक सिखाएगी.
रांची में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान प्रतुल शाहदेव ने सीधे तौर पर हमला बोलते हुए कहा कि इरफान अंसारी ने जिस संविधान और देश की अखंडता की शपथ ली थी, वे उसी के खिलाफ जाकर बयानबाजी कर रहे हैं. उन्हें एक मिनट भी कैबिनेट में रहने का नैतिक अधिकार नहीं है.
शाहदेव ने अंसारी के बयान का हवाला देते हुए पूछा कि आखिर इरफान अंसारी क्या साबित करना चाहते हैं? वे कह रहे हैं कि 40 लाख युवा राहुल गांधी के एक इशारे पर सड़कों पर उतरने और देश की सेना तक का सामना करने को तैयार हैं. क्या कांग्रेस देश के छात्रों और हमारी सेना को आपस में टकराना चाहती है? सच तो यह है कि बीजेपी का विरोध करते-करते कांग्रेस अब सीधे देश का ही विरोध करने पर उतर आई है.
वहीं, झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी इस मामले में कांग्रेस को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि इरफान अंसारी ने कुछ नया नहीं कहा है, उन्होंने बस वही बोला है जो कांग्रेस पार्टी की असली मानसिकता है. राहुल गांधी का मकसद ही देश में अराजकता फैलाकर किसी तरह सत्ता हासिल करना है. इरफान अंसारी ने वही उगला है जो उनके मन में छुपा हुआ था.
रिपोर्ट: कुमार चंदन