)
सियासत की भागदौड़, लंबे-लंबे दौरे और कई जिम्मेदारियां... राजनेताओं की दुनिया कुछ ऐसी ही दिखती है. मगर, इस सियासी भागदौड़ के पीछे भी एक इंसान रहता है, जिसके अंदर तमाम रिश्ते धड़कते हैं. शुक्रवार को कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा राजनेता के चोले से बाहर निकलकर पूरी तरह से केवल एक बेटे की भूमिका में नजर आए.
दरअसल, सोशल मीडिया पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो वह अपनी बीमार मां के पास बैठे नजर आ रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि अस्पताल के उस कमरे में नजारा बिल्कुल अलग था. एक तरफ बिस्तर पर बीमार मां सायरा मुंडा लेटी थीं, जो कुछ वक्त से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही हैं. दूसरी तरफ अर्जुन मुंडा खड़े हैं, जिनके हाथ में उनकी पसंदीदा बांसुरी है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि अर्जुन मुंडा ने जैसे ही बांसुरी पर अपनी उंगलियां रखी और सुर छेड़े, वैसे कमरे का माहौल ही बदल गया. दर्द और थकान से भारी फिजा में बांसुरी की वह मीठी और सधी हुई धुन तैरने लगी. संगीत के उन शांत सुरों ने जैसे जादू कर दिया हो. कुछ पल पहले तक दर्द से कराहती या शांत लेटी मां ने आंखें खोलीं और उनके चेहरे पर एक सुकून भरी, मीठी सी मुस्कान बिखर गई. वह एकटक अपने बेटे को निहारने लगी. मां ने अपना कांपता हुआ हाथ उठाकर बेटे के सिर पर रखा और उसे आशीर्वाद दिया. यह पल वीडियो में कैद हो गया. इस दौरान वहां मौजूद हर शख्स का दिल भर आया.
अर्जुन मंडा और उनकी मां के साथ के इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर यूजर खूब रिएक्शन दे रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि बहुत प्यारे और क्यूट अर्जुन मुंडा सर, आपकी मां के जल्दी ठीक होने की कामना करता हूं, जल्दी ठीक हो जाये. वहीं, एक और अन्य यूजर ने लिखा कि बहुत खूबसूरत दृश्य, दुनिया में माता-पिता ही एकमात्र अमूल्य रत्न हैं, जो एक बार खो जाने के बाद दोबारा नहीं मिल सकते. इसी तरह वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर रिएक्शन आ रहे हैं.