)
रिम्स में बच्चों के हृदय रोग और हार्ट ऑपरेशन को लेकर विशेष कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया. इस दौरान हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की स्क्रीनिंग और जांच की जा रही है. जांच में हृदय रोग से पीड़ित पाए जाने वाले बच्चों का इलाज और हार्ट ऑपरेशन नि:शुल्क किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर बच्चों को इलाज के लिए कोच्चि भी भेजा जाएगा.
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, एनएचएम की मिशन डायरेक्टर शशि झा, रिम्स निदेशक डॉ. डी.के. सिंह समेत कई चिकित्सक मौजूद रहे. रिम्स में आयोजित इस कार्यक्रम में झारखंड के अलग-अलग जिलों से हृदय रोग से पीड़ित बच्चों और उनके परिजनों को बुलाया गया. यहां बच्चों की स्क्रीनिंग और जांच की जा रही है. स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, जिन बच्चों में हृदय रोग की पुष्टि होगी, उनका इलाज और जरूरी होने पर हार्ट ऑपरेशन नि:शुल्क कराया जाएगा.
फिलहाल, गंभीर मामलों के इलाज के लिए बच्चों को कोच्चि के अस्पतालों में भेजा जा रहा है. सरकार ने अमृता अस्पताल, केरल और सत्य साईं अस्पताल के साथ टाई-अप किया है. स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि सरकार की यह पहल अब रंग ला रही है. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में करीब 380 बच्चों की स्क्रीनिंग की गई है और राज्य के अलग-अलग जिलों से बच्चे यहां पहुंच रहे हैं.
उन्होंने कहा कि कई ऐसे गरीब और असहाय परिवार हैं, जो अपने बच्चों के दिल में छेद जैसी गंभीर बीमारी का इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं. ऐसे परिवारों के लिए सरकार की यह योजना किसी वरदान से कम नहीं है. मंत्री ने कहा कि फिलहाल बच्चों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों में भेजा जा रहा है, लेकिन सरकार का लक्ष्य है कि अगले एक साल के भीतर रिम्स में ही बच्चों के हार्ट ऑपरेशन की सुविधा शुरू की जाए.
उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है. आने वाले समय में राज्य में मेडिकल सुविधाओं और एमबीबीएस सीटों में भी बढ़ोतरी की जा रही है. वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि बच्चों के हार्ट ऑपरेशन के लिए सुपर स्पेशियलिटी डॉक्टरों की जरूरत है. डॉक्टरों की जल्द नियुक्ति की जाएगी और आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे. उन्होंने कहा कि सरकार ने एक साल का लक्ष्य रखा है और कोशिश है कि एक साल के भीतर रिम्स में ही बच्चों के हार्ट ऑपरेशन शुरू कर दिए जाएं.
रिपोर्ट: उज्ज्वल मिश्रा