)
गोपालगंज से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां नगर थाना क्षेत्र के बंजारी स्थित गोपाल मोटर गैरेज में शॉर्ट सर्किट की वजह से अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे गैरेज को अपनी चपेट में ले लिया. यह घटना 30 अक्टूबर शुक्रवार की है.
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. गनीमत यह रही कि दमकल विभाग की गाड़ियां समय पर मौके पर पहुंच गईं. हालांकि, आग इतनी भयानक थी कि दमकल कर्मियों को इस पर काबू पाने के लिए घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.
गैरेज के मालिक गोपाल केडिया ने बताया कि उन्हें उनके स्टाफ से आग लगने की सूचना मिली थी. जब तक कोई कुछ समझ पाता, आग विकराल रूप ले चुकी थी. इस भीषण अग्निकांड में गैरेज के अंदर खड़ी 5 गाड़ियां और वहां रखे तमाम कीमती पार्ट्स और अन्य सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गए. गोपाल केडिया कहा कि इस आगजनी में उन्हें करीब 25 लाख रुपये का भारी नुकसान हुआ है.
फिलहाल, दमकल और पुलिस की टीम ने मिलकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया है, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने गैरेज मालिक को गहरे सदमे में डाल दिया है.
वहीं, 29 अक्टूबर गुरुवार को बिहार की राजधानी पटना के रामकृष्णानगर थाना क्षेत्र के खेमनीचक सब्जी मंडी में अचानक आग लग गई थी. आग लगने से मंडी में अफरा-तफरी मच गई थी. आग की चपेट में आने से कई दुकानों को नुकसान पहुंचा है. हालांकि, समय पर दमकल की गाड़ियां पहुंचने से बड़ा हादसा टल गया.
गुरुवार सुबह आग लगने की सूचना अग्निशमन विभाग के कंट्रोल रूम को मिली थी. इसके बाद अनुमंडल अग्निशामालय लोदीपुर, कंकड़बाग, सचिवालय, पटना सिटी समेत 10 जगहों से दमकल की गाड़ियां भेजी गईं. कुल 12 दमकल गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू किया और काबू पाने में करीब एक घंटे का समय लगा. यह इलाका काफी रिहायशी है. ऐसे में आग आसपास की दुकानों और घरों तक फैलने पर बड़ा हादसा हो सकता था. दमकल विभाग की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया.
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी अजीत कुमार ने बताया था कि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है. फिलहाल, स्थिति सामान्य है. मंडी की दुकानों को नुकसान पहुंचा है. नुकसान का आकलन किया जा रहा है. आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है. अग्निशमन विभाग की ओर से मामले की जांच की जा रही है.
रिपोर्ट: मदेश तिवारी