SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हजारीबाग में एक के बाद एक 3 बम धमाके: पूरे इलाके में मचा हड़कंप, मौके से बैग... कपड़े और स्कूटी बरामद, 2 संदिग्ध मौके से फरार

हजारीबाग के कटकमदाग के नावाडीह जंगल में तीन बम धमाके से इलाका दहल गया. इस बम धमाके में 3 जानवरों की मौत हो गई. फिलहाल, पुलिस और वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है.

Edited By Shailendra
Published: Oct 06, 2026, 07:24 PM IST | Updated: Oct 06, 2026, 07:30 PM IST
Image Credit: कटकमदाग जंगल में 3 बम धमाके, 3 जानवर मृत, मौके से स्कूटी बरामद (Z News)
Join

हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र के नावाडीह जंगल में 6 अक्टूबर, 2026 दिन मंगलवार को बम विस्फोट की तीन घटनाओं ने वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए. लगातार हुए धमाकों के बाद जंगल पहुंचे ग्रामीणों को वहां तीन जानवर मृत मिले. मृत जानवरों में एक ग्रामीण का सूअर, एक कुत्ता और एक जंगली सियार शामिल हैं. आशंका जताई जा रही है कि शिकार के लिए विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया था.

ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार को जंगल की ओर से एक के बाद एक तीन तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचे. जंगल में पहुंचने पर अलग-अलग स्थानों पर तीन जानवर मृत अवस्था में मिले. घटना की जानकारी तत्काल पुलिस और वन विभाग को दी गई. इसी दौरान ग्रामीणों ने जंगल के आसपास दो संदिग्ध लोगों को भी देखा. ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की, लेकिन दोनों जंगल के रास्ते भागने में सफल रहे.

संदिग्धों के फरार होने के बाद मौके की तलाशी ली गई. वहां से एक बैग, कुछ कपड़े और एक स्कूटी बरामद हुई. पुलिस ने इन सभी सामानों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. बरामद सामान के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में नीलगाय और जंगली सूअर की संख्या काफी है और इनके शिकार के लिए बाहरी लोग जंगल में पहुंचते हैं. हालांकि, इस घटना में वास्तव में विस्फोटक किसने लगाया और उसका उद्देश्य क्या था, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना वन विभाग को दे दी गई है. मामले में आगे की कार्रवाई वन विभाग की ओर से की जाएगी.

वनरक्षी वीरेंद्र कुमार के अनुसार, जंगल में वन्यजीवों का शिकार करना कानूनन अपराध है. शिकार के लिए बम या किसी अन्य विस्फोटक का इस्तेमाल किया जाना मामले को और गंभीर बनाता है. वन विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है और संदिग्ध आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

ग्रामीण सर्वजीत कुमार ने प्रशासन से मामले में जल्द कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि क्षेत्र में वन्यजीवों के शिकार की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी जरूरी है, ताकि जंगल में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके. फिलहाल, पुलिस और वन विभाग की जांच जारी है. बरामद स्कूटी और अन्य सामान के आधार पर संदिग्धों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

रिपोर्ट: यदुवेंद्र मन्नु

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

शैलेंद्र जी न्यूज के रीजनल चैनल, जी बिहार झारखंड की डिजिटल टीम में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम करते हैं. वह बिहार और झारखंड की सियासत और क्राइम समेत कई समसामयिक मुद्दों पर न्यूज लिखते हैं. वह कभी-कभी राष्ट्रीय मुद्दों पर भी लिखते हैं. उनको मीडिया के तीनों प्रारूप प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल में काम करने का अनुभव. जनसंदेश टाइम्स, स्वतंत्र चेतना, टीवी 100, साधना न्यूज, एफएम न्यूज आदि न्यूज चैनलों से होते हुए न्यूज नेशन, इंडिया अहेड, ईटीवी भारत और न्यूज स्ट्रीट मीडिया (NYOOOZ) में अहम जिम्मेदारी निभाई. मीडिया जगत में सफर पिछले 12 सालों से बिना रुके जारी है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES