SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ZEE मीडिया का 'नशा मुक्त भारत' अभियान: अफगानिस्तान से म्यांमार तक ड्रग्स का जाल, देश के युवाओं पर कितना बड़ा खतरा?

ZEE मीडिया का 'नशा मुक्त भारत' अभियान देश में बढ़ते ड्रग्स नेटवर्क, तस्करी के रास्तों और अवैध लैब का खुलासा करता है. जानिए नशे के खिलाफ कार्रवाई और युवाओं को बचाने की चुनौती.

Written By Tahir Kamran
Published: Nov 23, 2026, 22:38 IST | Updated: Nov 23, 2026, 22:45 IST
Image Credit: नशा मुक्त भारत अभियान
Join

नशे के खिलाफ ZEE मीडिया के राष्ट्रीय अभियान 'नशा मुक्त भारत' का मकसद देश को ड्रग्स से आजादी दिलाना है. ड्रग्स एक ऐसी समस्या है, जो पहले एक व्यक्ति का जीवन खराब करती है, फिर उसके परिवार को प्रभावित करती है. इसके बाद इसका असर समाज और देश पर पड़ता है. इसीलिए इस अभियान से हर किसी को जुड़ना चाहिए.

देश में ड्रग्स का नेटवर्क हर साल बढ़ता जा रहा है. आज हम आपको बताएंगे कि हमारे देश में नशे का सामान कहां से आता है, देश में कितनी ड्रग लैब हैं, इन लैब में कितने तरह के ड्रग्स बनाए जाते हैं और ड्रग तस्करों का जाल किस तरह फैला हुआ है. लेकिन इससे पहले एक ऐसे व्यक्ति की कहानी जानना जरूरी है, जो नशे की लत से बाहर आने वाले लोगों के लिए मिसाल हैं.

700 से ज्यादा युवाओं को नशे की लत से दिलाई मुक्ति

गुरदासपुर के पंकज महाजन अब तक 700 से ज्यादा युवाओं को नशे की लत से मुक्ति दिलवा चुके हैं. वह देशभर में 700 से ज्यादा नशा मुक्ति सेमिनार लगा चुके हैं और हर दिन युवाओं को नशा छोड़ने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं. लेकिन पंकज महाजन की कहानी सिर्फ इतनी ही नहीं है. एक वक्त था, जब वह खुद बुरी तरह नशे की गिरफ्त में थे.

उनके शरीर की एक भी नस ऐसी नहीं थी, जिसमें हेरोइन का इंजेक्शन न चुभाया गया हो. स्थिति यह हो गई थी कि पत्नी और बेटी ने भी उन्हें छोड़ दिया था. नशे की गिरफ्त में पंकज इस कदर फंस गए थे कि एक दिन पुलिस ने उन्हें नशा करने की वजह से गिरफ्तार भी कर लिया. नशे की लत ने उनसे परिवार और सम्मान सब कुछ छीन लिया था. एक समय ऐसा भी आया, जब उन्होंने आत्महत्या करने के बारे में सोचा.

यह भी पढ़ें: नशे के जाल में तबाह हुआ हनुमानगढ़ का परिवार:पहले दोनों जवान बेटे और फिर पति को लील गए ड्रग्स, अब दूसरों के घरों में काम कर रही मां

लेकिन पंकज ने अपनी जिंदगी दोबारा शुरू करने की ठानी. वह नशा मुक्ति केंद्र गए और साल 2017 में उन्होंने पूरी तरह नशा छोड़ दिया. पंकज ने नशे की लत से नशा मुक्ति तक के अपने सफर का टैटू अपनी बांह पर बनवा रखा है. नशा छोड़ने के बाद पंकज ने अपना जीवन पूरी तरह देश को नशा मुक्त करने के लिए लगा दिया. आज वह 'फ्रीडम फ्रॉम ड्रग्स' ग्रुप के जरिए युवाओं को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करते हैं.

भारत में कहां से आ रहा है ड्रग्स?

पंकज महाजन जैसे और लोगों की जरूरत है, लेकिन यहां एक बड़ा सवाल है कि भारत में ड्रग्स की सप्लाई कहां से हो रही है? हमारे देश में इतना ड्रग्स आ कहां से रहा है? भारत की भौगोलिक स्थिति ड्रग्स तस्करी के लिहाज से बहुत संवेदनशील है. भारत के पश्चिम में अफगानिस्तान, पाकिस्तान और ईरान हैं. यहां बड़ी मात्रा में अफीम, हेरोइन और चरस का उत्पादन होता है और इसी रास्ते भारत में इसकी स्मगलिंग की जाती है. भारत के दूसरी तरफ म्यांमार, लाओस और थाईलैंड हैं, जो MDMA और दूसरे सिंथेटिक ड्रग्स के उत्पादन के केंद्र हैं. इन दोनों ही क्षेत्रों से भारत में ड्रग्स की तस्करी की जाती है. लेकिन इसके अलावा भारत में नए ड्रग्स बनाने की लैब भी बन रही हैं.

देश में पकड़ी गईं 30 अवैध ड्रग लैब

आपको यह जानकर हैरानी होगी कि साल 2025 में देश में 30 अवैध ड्रग लैब पकड़ी गईं, जहां मेफेड्रोन जैसे सिंथेटिक ड्रग्स बनाए जा रहे थे. इसके अलावा 42 हजार एकड़ क्षेत्र में अफीम की खेती और 38 हजार एकड़ में भांग की अवैध खेती को नष्ट किया गया.

भारत में कितने तरह के ड्रग्स का चलन?

भारत में ड्रग्स की समस्या को समझने के लिए यह भी जानना जरूरी है कि कितने तरह के ड्रग्स युवाओं की जिंदगी खराब कर रहे हैं. पहला प्रकार कैनाबिस यानी गांजा, चरस और हशीश है. ये सबसे कॉमन ड्रग्स हैं. इसके अलावा अफीम, पोस्त, मॉर्फिन और हेरोइन का सेवन सबसे ज्यादा होता है. इन्हें ओपिओइड्स कहा जाता है. MDMA और एक्सटसी जैसे सिंथेटिक ड्रग्स का चलन भी खूब है. साथ ही LSD और केटामाइन जैसे ड्रग्स भी युवाओं का जीवन बर्बाद कर रहे हैं.

ड्रग्स के खिलाफ 2025 में कितनी हुई कार्रवाई?

अगर ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई की बात करें तो साल 2025 में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने कुल 447 मामले दर्ज किए. इस दौरान 994 ड्रग्स तस्करों को गिरफ्तार किया गया, 265 अपराधियों को सजा हुई और 1 लाख 33 हजार किलो ड्रग्स की जब्ती हुई, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या यह एक्शन देश को नशा मुक्त करने के लिए पर्याप्त है? नशा मुक्त भारत के सपने को साकार करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों के अलावा आम लोगों को भी लड़ना होगा. इसीलिए ZEE मीडिया के नशा मुक्त अभियान से जुड़ना जरूरी है, ताकि भारत से ड्रग्स की समस्या को पूरी तरह खत्म करने में हर कोई अपना योगदान दे सके.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES