SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मंगलसूत्र गिरवी रख पति की ही दे दी सुपारी, अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने रची खौफनाक साजिश; करवा दिया कत्ल

अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने पति की हत्या की साजिश रची और इसके लिए अपना मंगलसूत्र गिरवी रख दिया. पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Nov 21, 2026, 18:17 IST | Updated: Nov 21, 2026, 18:47 IST
Image Credit: AI Generated Image - दो प्रेमियों के प्यार में अंधी हुई पत्नी, मंगलसूत्र बेचकर खरीदी पिस्तौल और करवा दिया पति का मर्डर
Join

ओडिशा के सुवर्णपुर जिले से पति-पत्नी के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसे सुनकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए हैं. यहां एक बेवफा पत्नी ने अपने ही पति को रास्ते से हटाने के लिए सुहाग की निशानी कहे जाने वाले अपने सोने के मंगलसूत्र को 45,000 रुपये में गिरवी रख दिया. इस रकम से खरीदे गए देसी तमंचे से उसके प्रेमी ने बीच सड़क पर पति को गोलियों से भून डाला. 

पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए आरोपी पत्नी और उसके दो प्रेमियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है. सुवर्णपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) नारायण नायक ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि इस खूनी खेल की जड़ अवैध प्रेम प्रसंग था. पुलिस ने मृतक वेल्डर सुदाम नाग की 34 वर्षीय पत्नी कविता नाग, उसके वर्तमान प्रेमी त्रिलोचन उर्फ टिंकू बाग (34) और एक पुराने प्रेमी युवराज साहू (42) को गिरफ्तार किया है.

अवैध रिश्तों में रोड़ा बन रहा था पति

जांच में सामने आया कि कविता का युवराज के साथ पिछले 12 साल से और त्रिलोचन के साथ बीते दो साल से अफेयर चल रहा था. पति सुदाम को पत्नी की इस बेवफाई की भनक लग गई थी. वह कविता पर इन दोनों से रिश्ते खत्म करने का लगातार दबाव बना रहा था, जिसे लेकर घर में आए दिन क्लेश होता था. रोज-रोज की रोक-टोक से तंग आकर कविता ने अपने दोनों प्रेमियों के साथ मिलकर सुदाम को हमेशा के लिए खत्म करने का खौफनाक प्लान तैयार किया.

मंगलसूत्र गिरवी रखकर राउरकेला से मंगाया हथियार

कत्ल को अंजाम देने के लिए सबसे बड़ी जरूरत हथियार की थी. इसके लिए कविता ने बिना किसी झिझक के अपने गले का सोने का मंगलसूत्र उतारा और प्रेमी त्रिलोचन को थमा दिया. त्रिलोचन ने एक सुनार के पास उस मंगलसूत्र को 45,000 रुपये में गिरवी रखा.

यह भी पढ़ेंः इश्क, शक और साजिश: दोस्त की पत्नी ने लिखी मौत की स्क्रिप्ट, पुणे की एयर होस्टेस मर्डर केस में बड़ा खुलासा

पैसे हाथ में आते ही त्रिलोचन सीधे राउरकेला पहुंचा और वहां से एक देसी पिस्तौल व जिंदा कारतूस खरीदे. पुलिस की तफ्तीश में हथियार की खरीद-फरोख्त के लिए किए गए ऑनलाइन पेमेंट और नकद लेन-देन के पुख्ता सबूत भी हाथ लगे हैं.

रेकी कर बीच सड़क पर दागीं ताबड़तोड़ 4 गोलियां

वारदात मंगलवार शाम करीब 7:30 से 8:00 बजे के बीच की है. सुदाम डुंगुरीपाली स्थित पठान गैराज से काम खत्म कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. पहले से तय साजिश के तहत पुराने प्रेमी युवराज ने फोन के जरिए सुदाम की लोकेशन ट्रेस की और कविता को खबर दी. कविता इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप के जरिए पल-पल की लोकेशन शूटर बने प्रेमी त्रिलोचन को भेजती रही.

सटीक लोकेशन मिलते ही त्रिलोचन ने डुंगुरीपाली थाना क्षेत्र के सालेपाली-ऐंलासारी रोड पर पंकेल चौक के पास सुदाम को घेर लिया. सुदाम कुछ समझ पाते, उससे पहले ही त्रिलोचन ने फायरिंग शुरू कर दी. पहली गोली सुदाम के पैर में लगी. जान बचाने के लिए जब वे भागे, तो दूसरी गोली उनकी पीठ में जा धंसी. सुदाम के जमीन पर गिरते ही हमलावर ने बेहद करीब से उनके सीने और सिर में दो और गोलियां उतार दीं. सुदाम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हत्या के बाद आरोपी सुदाम का मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया.

खुद दर्ज कराई FIR, लेकिन पुलिस के जाल में फंसी

पुलिस की आंखों में धूल झोंकने और खुद को बेकसूर दिखाने के लिए शातिर कविता ने उसी रात डुंगुरीपाली थाने पहुंचकर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ पति की हत्या की लिखित शिकायत दर्ज कराई. लेकिन कानून के लंबे हाथों से वह बच नहीं सकी.

पुलिस ने जब तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल्स और गवाहों के बयानों की कड़ियां जोड़ीं, तो शक की सुई सीधे त्रिलोचन पर जाकर टिक गई. पुलिस ने दबिश देकर तीनों आरोपियों को धर दबोचा. इनके पास से वारदात में इस्तेमाल देसी पिस्तौल, चार खाली कारतूस, दो बाइक, पांच मोबाइल फोन और 1,460 रुपये नकद बरामद किए गए हैं.

यह भी पढ़ेंः 14 महिलाओं को शादी का झांसा देकर शोषण, लाखों की उगाही और भाग गया UAE, इंटरपोल की मदद से भारत खींच लाई CBI, वांटेड माजिन की निकली हेकड़ी

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES