SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अमरनाथ यात्रा के सबसे पवित्र पड़ाव पर क्यों पहुंची JCB? शेषनाग झील के वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप, भड़क उठीं महबूबा

जम्मू कश्मीर में शेषनाग झील के किनारे जेसीबी से खुदाई का वीडियो वायरल होने के बाद बवाल मचा हुआ है. महबूबा मुफ्ती समेत घाटी के कई नेताओं ने झील के किनारे चल रहे निर्माण कार्य रोकने की मांग की है.

Written By Khalid Hussain Edited By Devinder Kumar
Published: Nov 24, 2026, 16:42 IST | Updated: Nov 24, 2026, 16:50 IST
Image Credit: श्री अमरनाथ यात्रा रूट पर शेषनाग झील के किनारे चलती हुई जेसीबी
Join

सोशल मीडिया पर सोमवार से एक वीडियो वायरल है, जिसमें कश्मीर घाटी में शेषनाग झील के किनारे जेसीबी मशीन काम करती हुई दिखाई दी. यह फुटेज सबसे पहले एक खुदाई मशीन ऑपरेटर के सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया गया. इसमें भारी मशीनरी को झील के किनारे खुदाई करते और मिट्टी डालते हुए देखा जा सकता है. जल्द ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पूरे कश्मीर में चिंता फैल गई.

'उत्तराखंड बर्बाद किया, नेपाल से भी नहीं सीखा सबक'

जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम महबूबा मुफ्ती ने इस पर विरोध जताते हुए मंगलवार को शेषनाग झील जाने की कोशिश की. उनके साथ पार्टी विधायक मुफ्ती के साथ विधायक वहीद पारा, आगा मुंतजिर और शब्बीर मीर भी थे लेकिन रास्ते में सुरक्षाबलों ने उन्हें रोक लिया. इस पर उनकी जवानों के साथ बहस भी हुई. महबूबा मुफ्ती ने काम रोकने की मांग करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से तीखे सवाल पूछे.

महबूबा ने कहा, 'उन्होंने उत्तराखंड को बर्बाद कर दिया. इसके बाद नेपाल आपदा से भी कोई सबक नहीं सीखा. अब वे यही काम जम्मू-कश्मीर में कर रहे हैं. अगर शेषनाग झील ही नहीं रहेगी, तो शिवलिंग कैसे बनेगा. आज जो कुछ छिपाया जा रहा है, वह कल एक मानव-निर्मित आपदा बन सकता है.'

झील ही नहीं रही तो कैसे बनेगा शिवलिंग- महबूबा मुफ्ती

जम्मू कश्मीर की पूर्व सीएम ने मांग की कि अमरनाथ गुफा, यात्रा मार्ग और आसपास के पहाड़ों को एक संपूर्ण इकोलॉजिकल इकाई के रूप में संरक्षित किया जाना चाहिए. अगर झील ही नहीं रहेगी, तो शिवलिंग कैसे बनेगा?

यात्रियों के लिए रास्ते को किया जा रहा चौड़ा- BRO

वहीं, बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन ने इन आरोपों का खंडन किया है. संगठन का कहना है कि यह काम केवल अमरनाथ यात्रा के बाद रास्ते को चौड़ा करने और मौजूदा हिस्सों को स्थिर करने के लिए किया जा रहा है. इसका मकसद भीड़ के दबाव से निपटना और तीर्थयात्रियों के लिए सुरक्षित रास्ता सुनिश्चित करना है.

ये भी पढ़ें- घाटी में सर्दी का टॉर्चर शुरू: कोहरे के बीच माइनस में पहुंचा तापमान, कब होगी बर्फबारी?

उन्होंने स्पष्ट किया कि काम केवल मौजूदा रास्तों तक ही सीमित है, इसमें सुरक्षा नियमों और पर्यावरण संबंधी सावधानियों का पालन किया जा रहा है, खुदाई से निकली सामग्री को सुरक्षित तरीके से हटाने और प्राकृतिक जल निकासी को बचाने के उपाय किए गए हैं. बीआरओ ने झील के आसपास नए निर्माण के दावों को भी गलत बताया. अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि पारंपरिक रास्ते की जगह कोई पक्की मोटर-सड़क नहीं बनाई जा रही है.

शेषनाग झील का हिंदू संस्कृति में क्या है महत्व?

बताते चलें कि शेषनाग झील पहलगाम रूट के जरिए श्री अमरनाथ यात्रा का अहम पड़ाव होती है. यह झील करीब लगभग 3590 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. पहलगाम बेस कैंप से पवित्र गुफा की ओर प्रस्थान करते वक्त यात्री शेषनाग के पास बनने वाली टेंट सिटी में रात को विश्राम करते हैं.

ये भी पढ़ें- 'जल्दबाजी में कुछ कहना ठीक नहीं...,' श्रीनगर पहुंचे रिजिजू ने JKSSB मामले पर तोड़ी चुप्पी, संसद में देंगे जवाब

हिंदू परंपरा में शेषनाग को पवित्र स्थान माना गया है. मान्यता है कि जब भोलेनाथ, माता पार्वती को अमरकथा सुनाने के लिए गुफा की ओर जा रहे थे तो उन्होंने इसी जगह पर अपने गले में मौजूद शेषनाग को छोड़ दिया था. इस जगह के चारों ओर ऊंची बर्फीली चोटियां हैं, जिनसे पिघलने वाली बर्फ से इस झील का निर्माण होता है. यह झील प्रदेश की उन 14 उच्च-जोखिम वाली हिमनद झीलों में से एक है, जिनकी लगातार निगरानी की जाती है.

यह झील लगभग एक किलोमीटर लंबी और 0.7 किलोमीटर चौड़ी है. इस झील से निकलने वाली जलधारा बाद में लिद्दर नदी न जाती है, जो दक्षिण कश्मीर में सिंचाई और पीने के पानी का बहुत बड़ा साधन है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

सैयद खालिद हुसैन जम्मू-कश्मीर के एक पुरस्कार विजेता पत्रकार हैं, जिन्हें 24 वर्षों से अधिक का अनुभव है. साल 2014 से 'ज़ी न्यूज़' में चीफ  स्पेशल कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम कर रहे हैं.जी मीडिया से पहले हुसैन ने न्यूज़ 18 में नौ साल तक सीनियर कोरेस्पोंडेंट के रूप में काम किया. हुसैन ने अपने करियर की शुरुआत डीडी न्यूज से की थी. हुसैन ने अपनी तालीम श्रीनगर के पब्लिक स्कूल और डीएवी हाई स्कूल से हासिल की. फिर ग्रेजुएशन तक का सफ़र एस.पी हायर सेकेंडरी स्कूल और अमर सिंह कॉलेज से पूरा किया. उसके बाद मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के लिए दिल्ली के सर अरबिंदो इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से पूरी की. इसके अलावा हुसैन लेखक फ़िल्म/ वीडियो कैमरा का स्पेशल कोर्स एफटीआई पुणे से कर चुके हैं.  मुंबई और दिल्ली में कई साल काम करने के बाद 2004 में उन्होंने जम्मू-कश्मीर में काम करना शुरू किया. डीडी न्यूज़, डीडी कश्मीर, BAG फ़िल्म्स में फ्रीलांस काम किया. हुसैन पिछले दो दशक से भी ज्यादा समय से जम्मू-कश्मीर से जुड़े कई मुद्दों को बेहतरीन तरीके से कवर कर रहे हैं. लद्दाख से लेकर मुंबई तक हुसैन भारत के कई शहरों से रिपोर्टिंग कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES