कहीं तूफानी हवाएं, तो कही भारी बारिश का अलर्ट.... दिल्ली से लेकर पहाड़ों तक आज कैसा रहेगा मौसम, IMD का नया अपडेट
देश के कई राज्यों में आज से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. दिल्ली में जहां ठंड ने दस्तक दे दी है, तो दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है. यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में भी आज मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिल सकता है.
Weather Updates: पूरे उत्तर भारत में ठंड ने दस्तक दे दी है. सुबह और शाम में ठंड का एहसास हो रहा है और लोगों ने गर्म कपड़े भी निकाल लिए हैं. उत्तर भारत में बदलते मौसम के बीच आईएमडी का नया अपडेट सामने आया है. आईएमडी ने बताया कि देश के कई राज्यों में मौसम बदल सकता है.
मौसम विभाग का कहना है कि आंध्र के तटीय इलाकों में अभी भी चक्रवाती तूफान 'मुरासु' का थोड़ा असर रह सकता है, जिस कारण तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और आंध्र प्रदेश में आज हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है. आइए आपको बताते हैं कि दिल्ली समेत देश के अलग-अलग राज्यों में आज का मौसम कैसा रहेगा?
इन जगहों पर आंधी-तूफान की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि 6 से 9 नवंबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 6 नवंबर को तेलंगाना में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है. आईएमडी ने कहा कि इस दौरान हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे के रफ्तार से चल सकती है.
इसके साथ ही 6 से 9 नवंबर के दौरान केरलम और माहे में 6 नवंबर को तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में और 6-7 नवंबर के दौरान दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी आंधी-तूफान आने की संभावना है.
दिल्ली के मौसम का हाल
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सामान्यतः आसमान साफ रहेगा. आज सुबह दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्का कोहरा देखने को मिला, लेकिन प्रदूषण के कारण हालात खराब है. शुक्रवार को भी दिल्ली के अधिकांश इलाकों में वायु प्रदूषण सूचकांक खराब स्थिति में दर्ज किया गया. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 27°C से 29°C और न्यूनतम तापमान 15°C से 17°C के करीब रहने की संभावना है.
पहाड़ों पर कैसा रहेगा मौसम?
आईएमडी ने कहा कि देश के पहाड़ी राज्यों में मौसम में हल्के बदलाव देखने को मिल सकते हैं. विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित बाल्टिस्तान समेत आसपास के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है. 10 नवंबर तक इन इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. वहीं, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 9 नवंबर तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है.
पूर्वोत्तर में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वोत्तर भारत में आज से मौसमी गतिविधियों में बदलाव नजर आएगा. अरुणाचल प्रदेश में 6 से 11 नवंबर के बीच अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है. इसके अलावा असम और मेघालय में 6 से 8 नवंबर के बीच बारिश की संभावना है. वहीं, अरुणाचल प्रदेश में भी 9 और 10 नवंबर को भारी से अति भारी बारिश के आसार हैं.
देश के अन्य राज्यों में मौसम का हाल
जहां एक और कई राज्यों में बारिश का अलर्ट है, तो उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी मौसम बदल सकता है. उत्तर प्रदेश में हल्की ठंड का एहसास होगा, तो बिहार के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, झारखंड में भी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इसके साथ ही मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल और पंजाब में भी बारिश और आंधी को लेकर चेतावनी जारी की है.
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में अब नहीं होगी बारिश: हवा फिर हुई जहरीली, ठंड बढ़ने के साथ 472 पहुंचा AQI
यह भी पढ़ें: ओडिशा तट से 'प्रलय' मिसाइल का सफल टेस्ट, DRDO को मिली बड़ी कामयाबी, 500 KM तक है मारक क्षमता