देश के कई हिस्सों में मौसम करवट लेने वाला है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बताया कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक अहम दबाव बन रहा है, जिसके जल्द ही तूफान में बदलने की संभावना है. इस बीच विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मजबूत होकर चक्रवाती तूफान एवं 27 अक्टूबर तक इसके बेहद गंभीर होने की संभावना है. हालांकि, इस तूफान से पहले भी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय अलाकों में अलर्ट जारी किया गया है.
तूफान की आहट से पहले मौसम विभाग ने देश के 17 से अधिक राज्यों में भी तूफान से पहले अलर्ट जारी किया है. विभाग ने कहा कि इस दौरान देश के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है. आज यानी 26 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में बारिश की संभावना है. ऐसे में माना जा रहा है कि दोपहर या उसके बाद मौसम में अचानक बदलाव आ सकता है. बारिश के कारण तापमान में कमी भी दर्ज की जाएगी, तो दिल्ली में प्रदूषण से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है.
उत्तर हिंद महासागर क्षेत्र में बनने वाले चक्रवाती तूफानों के नामों के अनुसार, इस मौसमी सिस्टम का नाम अर्नब रखा जाएगा. इस तूफान का नाम बांग्लादेश ने दिया है. बंगाली भाषा में अर्नब का अर्थ महासागर बताया जाता है. इधर, विश्व मौसम विज्ञान संगठन और भारतीय मौसम विभाग की क्षेत्रीय चक्रवात नामकरण सूची में भी ये नाम शामिल किया गया है.
बता दें कि केवल नाम मात्र तय हो जाने से यह नहीं माना जा सकता है कि मौजूदा कम दबाव का क्षेत्र निश्चित रूप से चक्रवाती तूफान बनेगा ही. विभाग का कहना है कि इस तूफान के कारण आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में 27 से 29 अक्टूबर के बीच भारी से अति भारी बारिश हो सकती है.
तूफान की दस्तक से पहले उत्तर भारत में भी मौसम करवट ले सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया कि दिल्ली में सोमवार को तेज हवा के साथ बारिश की प्रबल संभावना है. इस दौरान 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश और बिहार में भी मौसम का अलग रुख देखने को मिल सकता है. विभाग के अनुसार, पश्चिमी यूपी के अधिकांश जिलों में शाम तक बारिश की संभावना है, तो पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों मे भी मेघ बरस सकते हैं. इसके अलावा बिहार की बात करें, तो अधिकांश जिलों मूसलाधार बारिश की संभावना है.
यूपी की राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस, तो बिहार की राजधानी पटना में अधिकतम तापमान अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.
ठंड की दस्तक के साथ पहाड़ी राज्यों में भी मौसम बदलने जा रहा है. उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और हिमाचल में तापमान गिरने लगा है. कुछ पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी शुरू हो गई है, जिससे सैलानियों में खुशी की लहर है. इस बीच मौसम विभाग ने हिमाचल में बारिश और तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है.
मौसम विभाग ने 27 से 29 अक्टूबर के बीच तटीय आंध्र प्रदेश और ओडिशा में अत्यंत भारी से भारी बारिश की संभावना जताई है. इस बारिश और तटीय इलाके में तूफान के टकराने के कारण दोनों राज्यों के मौसमी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है. आईएमडी की ओर से ओडिशा के तटों और आंध्र प्रदेश के तटों के लिए चक्रवात से पहले निगरानी की चेतावनी जारी की है.