SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

गोलियां बरसाईं, 15 सेकंड में भाग निकला: CRPF की टीम पर हमले के पीछे कौन? लश्कर के वांटेड आतंकी लतीफ भट पर घूमी शक की सुई

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ की एक टीम पर हुए हमले की जांच जारी है. तमाम खोजबीन और अन्य पड़ताल के बीच हमलावर को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने अपने पुराने अनुभव के हवाले जो अनुमान लगाया है, उससे शक की सुई पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा की ओर घूम रही है.

Written By Shwetank Ratnamber
Published: Nov 12, 2026, 09:26 AM IST | Updated: Nov 12, 2026, 10:36 AM IST
Image Credit: (X)
Join

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ की टीम पर हुए हमलों के पीछे पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है. माना जा रहा है कि इस अटैक में आतंकी मोहम्मद लतीफ उर्फ लतीफ भट का हाथ हो सकता है. आपको बताते चलें बुधवार को कुलगाम में CRPF की नाका पार्टी पर हमला हुआ था. पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि कुलगाम में हुए हमले का पैटर्न यानी तरीका भी काफी हद तक वही था जैसा लश्कर के हमलों में अक्सर देखने को मिलता है.

इस वारदात में भी अचानक गोलियों की बौछार होती है और फिर आतंकवादी चंद सेकेंडों में मौके से फरार हो जाता है. ताजा हमले में जब तक सुरक्षा बल आतंकी को पकड़ पाते, उससे पहले ही वो मौके से नौ दो ग्यारह हो गया. लापता होने के बाद लश्कर के आतंकी आम लोगों के बीच घुल-मिल जाते हैं.

कौन है लतीफ भट?

लतीफ भट, कश्मीर घाटी के सबसे वांटेड आतंकियों में शामिल है. जांचकर्ताओं का कहना है कि ‘शूट एंड स्कूट’ का यह तरीका जुलाई में हुए आतंकी हमलों की श्रृंखला से मेल खाता है. इससे ये शक गहरा रहा है कि इन हमलों के पीछे एक ही आतंकी संगठन का हाथ हो सकता है. लतीफ और उसके साथी पहले भी सुरक्षाबलों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर चुके हैं.

सूत्रों के मुताबिक, कुलगाम का रहने वाला लतीफ भट पाकिस्तानी आतंकियों के साथ मिलकर अपनी आतंकी दुकान चला रहा है. दक्षिण कश्मीर में वह ठिकाने बदल-बदलकर रह रहा है और इसके लिए उसके पास ओवरग्राउंड वर्कर्स का एक नेटवर्क है जो उसकी मदद करते हैं. पुलिस और एजेंसियां उसके मददगारों के खात्मे की कोशिश में जुटी हैं. 

 

कैसे गहराई शक की सुई?

सबसे अहम बात यह है कि कुलगाम हमले वाली जगह से मिले कारतूसों के खोखे पहले के हमलों में इस्तेमाल हुए खोखों से मेल खाते हैं. इससे सुरक्षा एजेंसियों का शक और मजबूत हुआ है कि इस हमले में लतीफ भट और उसका समूह शामिल हो सकता है.

15 लाख का इनाम

माना जा रहा है कि सीमा पार बैठे पाकिस्तानी हैंडलर्स ने लतीफ को कुछ समय तक शांत रहने को कहा था. इसके बाद वह कुछ समय तक छिपा रहा और फिर धीरे-धीरे घाटी में अपना नेटवर्क दोबारा खड़ा करने लगा. खुफिया इनपुट में कहा गया है कि घाटी में आतंकियों को पाकिस्तान से बड़ा हमला करने का आदेश मिला था.

कुलगाम का हमला इस नए आतंकी अभियान की शुरुआत हो सकता है. इसके बाद सुरक्षा बलों ने दक्षिण कश्मीर में ओवरग्राउंड वर्कर्स (OGWs) से बड़े पैमाने पर पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि लतीफ के मददगारों के नेटवर्क तक पहुंचा जा सके.

चार दिन पहले पुलिस ने लतीफ की तस्वीर वाले पोस्टर भी जारी किए थे. जिसमें उसके बारे में कोई जानकारी देने या उसकी गतिविधियों और ओवरग्राउंड नेटवर्क का पता बताने पर 15 लाख रुपये के इनाम का ऐलान हुआ था.

इस साल लतीफ भट का नाम कई आतंकी हमलों से जुड़ चुका है. 22 जुलाई को अनंतनाग के लाल चौक इलाके में हुई पुलिस कांस्टेबल की हत्या और 31 जुलाई को कुलगाम में प्रवासी मजदूरों की हत्या में इसका नाम सामने आया था.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES