भारतीय एजेंसियों को कामयाबी: VHP नेता विकास प्रभाकर हत्याकांड का मामला, BKI आतंकी सोनू बरनाला UAE से डिपोर्ट
पंजाब VHP नेता विकास प्रभाकर की हत्या से जुड़े मामले में अधिकारियों को बड़ी सफलता मिली. हत्याकांड के मुख्य आरोपी हरविंदर कुमार उर्फ सोनू बरनाला को दुबई से भारत डिपोर्ट किया गया है.
पंजाब के नांगल में VHP नेता विकास प्रभाकर की हत्या से जुड़े मामले जांच में जुड़े अधिकारियों को बड़ी कामयाबी मिली है. गृह मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में बताया गया कि भारतीय एजेंसियों ने पंजाब के नांगल में VHP नेता विकास प्रभाकर की हत्या से जुड़े हरविंदर कुमार उर्फ सोनू बरनाला को डिपोर्ट करने में सफलता पाई है.
दरअसल, वीएचपी नेता प्रभाकर की हत्या आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के गुर्गों ने सांप्रदायिक अशांति फैलाने की कोशिश में की थी; यह हत्या संगठन के पाकिस्तान में रहने वाले प्रमुख वाधवा सिंह, उर्फ बब्बर, के कहने पर की गई थी. आरोपी को डिपोर्ट करने के लिए भारतीय अधिकारी काफी समय से प्रयास कर रहे थे, जिसमें उन्हें सफलता मिली है.
पूरा मामला जानिए
UAE में रहने वाले सोनू बरनाला के खिलाफ इसी साल अप्रैल के महीने में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था. भारतीय एजेंसियों ने 17 अप्रैल 2026 को बरनाला के विरुद्ध रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। गृहमंत्रालय के अनुसार, भारतीय एजेंसियों के 19 जून 2026 के अनुरोध के बाद, UAE के अधिकारियों ने उसे भारत को सौंप दिया.
गृह मंत्रालय के एक बयान में कहा गया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आतंकवाद के प्रति जीरो टॉलरेंस (सख्त रवैये) के विज़न के तहत, गृह मंत्रालय ने 'प्रहार' (PRAHAAR) पहल शुरू की है, जिसके तहत आतंकवादियों को भारत डिपोर्ट करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है.
पिछले साल दाखिल की गई थी चार्जशीट
गौरतलब है कि विश्व हिंदू परिषद (VHP) के नेता विकास प्रभाकर हत्या मामले की जांच एनआईए कर रही थी. पिछले साल एनआईए की ओर से मामले में आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) के दो सदस्यों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की गई थी. इसी चार्जशीट में धर्मिंदर कुमार (उर्फ कुणाल) और हरविंदर कुमार (उर्फ सोनू) और हरविंदर कुमार का नाम शामिल था. हरविंदर कुमार को ही डिपोर्ट करने में सफलता मिली है.
यह भी पढ़ें: NIA की नजर: 3 राज्य, 16 ठिकाने और 13 अरेस्ट, बांग्लादेशी आतंकी संगठन JMB के स्लीपर सेल के ब्रेन वाश का शक
यह भी पढ़ें: SIR ट्रिब्यूनल के जज का त्यागपत्र: खराब सड़क और लंबे सफर से परेशान, जज ने कर दिया इस्तीफे का ऐलान