MP में बना एक डिप्रेशन और बिगड़ गया पूरे उत्तर भारत का मौसमी गणित; एक सिस्टम ने दिल्ली से बंगाल तक कैसे मचा दी हलचल?
IMD ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली-NCR, मध्य प्रदेश, बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. 26-27 सितंबर को तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होगी, जबकि कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी है.
Weather Update: एक बार भारत के कई राज्यों में लगातार तेज बारिश के सिलसिला जारी है. जिसके चलते स्कूलों छुट्टियां और धार्मिक यात्राएं के अलावा आम जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है. हालांकि, अभी आगे भी ऐसी स्थिति बनी रहने का अंदेशा है. बताया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के उत्तर पूर्वी हिस्से और नजदीकी उत्तर छत्तीसगढ़ के ऊपर बना डिप्रेशन अब उत्तर-पश्चिमी दिशा की तरफ बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि 26 सितंबर की शाम तक उत्तर पूर्वी मध्य प्रदेश से होते हुए यह दक्षिणी-पूर्वी और उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ सकता है.
IMD ने बताया कि यह डिप्रेशन पिछले 6 घंटे में लगभग 13 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में तरफ बढ़ रहा है. मौसम विभाग का अंदाजा है कि यह डिप्रेशन 26 सितंबर की शाम तक दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ेगा. इसके बाद अगले 12 घंटों में यह कमजोर होकर Well-Marked Low Pressure Area यानी स्पष्ट रूप से चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र में बदल सकता है.
मौसम विभाग का कहना है कि डिप्रेशन के चलते उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली-NCR, मध्य प्रदेश, बिहार और कई अन्य राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा. इसी को लेकर मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में तेज बारिश का अनुमान जाहिर किया है. साथ ही दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी 26-27 सितंबर को तेज बारिश हो सकती है.
कैसे काम करता है डिप्रेशन?
मध्य प्रदेश में जिस जगह डिप्रेशन बन रहा है, वह कम दबाव वाला क्षेत्र है. जिसके चलते यहां आसपास की हवा इसकी तरफ खिंच जाती है. इस दौरान हवा में मौजूद नमी ऊपर पहुंच जाती है और फिर वो इकट्ठा होकर बादलों में तब्दील हो जाती है. यही प्रक्रिया कई बार तेज बारिश और गरज की वजह भी बनती है. इस समय खास बात यह है कि सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है. जमीन के ऊपर आने के बाद इसकी ताकत धीरे-धीरे कम हो सकती है, लेकिन इसके साथ मौजूद नमी और अस्थिर वातावरण कुछ समय तक बारिश को बनाए रख सकते हैं.
मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़
- 27 सितंबर: पूर्वी मध्य प्रदेश में कई जगहों पर बारिश जारी रहेगी. इस दौरान गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.
- 28 सितंबर: पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश होगी. यहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
- 29 सितंबर: पूर्वी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश होगी. पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी बारिश की संभावना है. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
- 30 सितंबर: पूर्वी मध्य प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहेगा. पश्चिमी मध्य प्रदेश में तेज हवाओं का असर भी रह सकता है.
- 1-2 अक्टूबर: पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश को लेकर IMD का अलर्ट
- 26 सितंबर: दोनों हिस्सों (पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश) में कुछ जगह अत्यंत भारी बारिश हो सकती है.
- 27 सितंबर: पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की संभावना.
- 27 सितंबर: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ जगह बहुत भारी बारिश हो सकती है.
- 27 सितंबर से 1 अक्टूबर: पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है.
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश
- 27 सितंबर: दोनों राज्यों में बारिश का दौर जारी रहेगा. उत्तराखंड में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी.
- 28 सितंबर: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश की संभावना है.
- 29 सितंबर: दोनों राज्यों में कुछ स्थानों पर बारिश होगी.
- 30 सितंबर-2 अक्टूबर: हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कुछ जगहों पर बारिश जारी रहने की संभावना है.
दिल्ली-NCR, हरियाणा और चंडीगढ़
- 27 सितंबर: दिल्ली-NCR, हरियाणा और चंडीगढ़ में बारिश का दौर जारी रहेगा. तेज हवाओं और गरज-चमक का असर भी देखने को मिल सकता है.
- 28 सितंबर: हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
- 29 सितंबर: इन इलाकों में कुछ स्थानों पर बारिश जारी रहने की संभावना है.
बिहार-झारखंड-पश्चिम बंगाल
- 27 सितंबर: बिहार में कुछ जगहों पर बारिश होगी. झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल व उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कुछ जगहों पर बारिश जारी रहेगी. झारखंड में तेज हवाएं चल सकती हैं.
- 28 सितंबर: इन राज्यों में कुछ स्थानों पर बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है.
- 29-30 सितंबर: झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल व उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कुछ स्थानों पर बारिश होगी. बिहार में भी बारिश जारी रह सकती है.
- 1-2 अक्टूबर: बिहार में 1 अक्टूबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 1-2 अक्टूबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है.
चार धाम यात्रा भी स्थगित
बारिश के खतरे को देखते हुए मौसम विभाग ने चार धाम यात्रा को भी 27 सितंबर तक के लिए स्थिगित कर दिया है. इस संबंध में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने जिला मजिस्ट्रेट्स को पत्र जारी किया है. आयुक्त ने पत्र में कहा कि IMD के पूर्वानुमान को देखते हुए देश-विदेश से आने वाले तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए चार धाम चात्रा शनिवार से रविवार तक स्थगित की जाती है. आयुक्त ने सभी मजिस्ट्रेट्स से अपने-अपने जिले के अंदर के जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं.