जीरो चेक कर लो भाई... MLC चुनाव में खाता ना खुलने पर घिरी कांग्रेस; PM के बाद पीयूष गोयल ने ली चुटकी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब भाजपा के अन्य दिग्गज नेता भी MLC चुनाव पर कांग्रेस पर तंज कस रहे हैं. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने तो राहुल गांधी का एक मजेदार मीम ही पोस्ट कर दिया है.
4 राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों पर हुए चुनाव में कांग्रेस के खाते में शून्य देखने को मिला है. इसको लेकर भाजपा और केंद्रीय मंत्री अब चुटकियां ले रहे हैं. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी एक दिलचस्प मीम पोस्ट किया है. इसमें राहुल गांधी को एक पेट्रोल पम्प पर काम करने वाले कर्मचारी के रूप में दिखाया गया है. साथ ही तस्वीर पर लिखा है,'जीरो चेक कर लो भाई.'
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मजेदार पोस्ट करते हुए कांग्रेस पर तीखा तंज कसा था. पीएम मोदी ने लिखा,'4 बड़े राज्यों- उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, बिहार और कर्नाटक में 28 सीटों पर MLC चुनाव हुए. ये चुनाव बैलेट पेपर के जरिए कराए गए. अंदाजा लगाइए कि कांग्रेस ने कितनी सीटें जीतीं?' (पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी ट्वीट करते हुए राहुल गांधी का एक मीम पोस्ट किया है. इसमें राहुल गांधी पीठ पीछे करके पीठे हैं और उनके बराबर में एक बैलेट बॉक्स रखा हुआ है. साथ ही उनके सामने लगी एक तख्ती पर 'बैलेट बॉक्स इस्तीफा दो'. तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा,'कांग्रेस ने 28 में से कितनी सीटें जीती…0'
जेपी नड्डा क्या बोले?
केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पोस्ट करते हुए लिखा,'जो लोग लगातार बैलेट पेपर की मांग कर रहे थे, उन्हें बैलेट पेपर से ही जवाब मिल गया है. चार राज्यों की 28 MLC सीटों पर कांग्रेस सिमटकर शून्य (ZERO) पर आ गई है. समस्या कभी EVM में नहीं थी. असल समस्या यह है कि जनता ने कांग्रेस को नकार दिया है. हर हार के साथ एक नया बहाना सामने आता है, लेकिन कितना भी प्रचार कर लिया जाए, जनता के फैसले को बदला नहीं जा सकता. उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और महाराष्ट्र में मिली शानदार जीत के लिए BJP और NDA के सभी नेताओं को हार्दिक बधाई.'
मोदी कहीं नहीं जाएगा- मनसुख मांडविया
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने पोस्ट करते हुए लिखा,'MLC चुनाव में कांग्रेस - ZERO. EVM हो या बैलेट, हर जगह नतीजा ऐसा ही आएगा. कान खोलकर सुन लीजिए, मोदी कहीं नहीं जाएगा.'
नितिन नवीन ने भी किया पोस्ट
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने लिखा,'कर्नाटक, महाराष्ट्र, बिहार एवं उत्तर प्रदेश के MLC चुनावों में बैलेट पेपर पर भी कांग्रेस का स्कोर 0. जनता का जनादेश बार-बार कांग्रेस की अराजकतावादी राजनीति को सिरे से नकार रहा है. EVM हो या बैलेट, जनता का विश्वास और आशीर्वाद सिर्फ आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के साथ है.'