)
परिसीमन बिल को लेकर राजनीतिक पार्टियों में खींचतान जैसी स्थिती पैदा हो गई है. अब तक इंडिया गठबंधन के सहयोगी रहे स्टालिन और शरद पवार को मनाने की तमाम कोशिशें जारी हैं. इसके अलावा विपक्षी पार्टियां लगातार केंद्र सरकार के इस कदम का विरोध कर रही हैं. इसी कड़ी में शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने रविवार को बीजेपी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि परिसीमन की आड़ में चुनावी क्षेत्रों का ऐसा पुनर्गठन करने की तैयारी है, जिससे सत्ताधारी पार्टी को राजनीतिक फायदा मिल सके.
ठाकरे ने इस पूरी प्रक्रिया को अपारदर्शी बताते हुए इसे 'वोट चोरी का मुद्दा' करार दिया. उद्धव ने कहा कि बीजेपी ने क्या करना है, इसकी स्क्रिप्ट पहले ही तैयार कर ली है और समिति का गठन भी सवालों के घेरे में है. उद्धव ठाकरे ने कहा कि रविवार को लोगों को परेशानी देने के लिए वह माफी मांगते हैं, लेकिन जो बिल लाया जा रहा है, वह देश को इससे कहीं ज्यादा परेशानी देने वाला है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसी राजनीतिक पक्ष को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि देश के हित को देखते हुए इस बिल का विरोध कर रही है.
लगातार आज के अपडेट्स पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
उद्धव ठाकरे ने परिसीमन के लिए गठित समिति की संरचना पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि समिति में ज्ञानेश कुमार को शामिल किया गया है और एक पूर्व मुख्य न्यायाधीश को भी रखा गया है. उनके मुताबिक, इन सदस्यों के चयन की प्रक्रिया पर सवाल हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि समिति में विपक्ष का कोई प्रतिनिधि नहीं है और पूरी प्रक्रिया बीजेपी के प्रभाव में तैयार की गई है. ठाकरे ने कहा कि कम से कम समिति में विपक्ष के किसी नेता को शामिल किया जाना चाहिए था. उन्होंने कहा कि जब पूरी प्रक्रिया ही सवालों के घेरे में है तो उसके निष्पक्ष होने पर भरोसा कैसे किया जा सकता है. उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर भी भरोसा नहीं जताया और कहा कि इस तरह के महत्वपूर्ण फैसले पारदर्शी तरीके से होने चाहिए.
#WATCH | Mumbai, Maharashtra: On the Delimitation Bill, Shiv Sena (UBT) chief Uddhav Thackeray says, "Regarding the bill that the BJP intends to introduce in the Lok Sabha tomorrow, I would like to point out that currently, Maharashtra has 48 Members of Parliament, while Uttar Pradesh has 80. If there is a 50% increase, the number of MPs from Maharashtra would naturally rise to 72. Currently, there is a difference of 32 seats between Uttar Pradesh and Maharashtra. With this increase, the number of seats in Uttar Pradesh would grow by 48—meaning an entire Maharashtra’s worth of additional seats would be added to Uttar Pradesh. Similarly, there is currently a difference of 41 seats between Tamil Nadu and Uttar Pradesh; if this proposal is approved tomorrow, that gap would widen by 61 seats. This means Tamil Nadu would fall even further behind Uttar Pradesh—and this is just in relation to Uttar Pradesh. I have not spoken to them (Sharad Pawar) personally, but if I could understand this, then surely they should be able to understand it too."
— ANI (@ANI) November 29, 2026
उद्धव ठाकरे ने लोकसभा सीटों की तादाद बढ़ाने और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन को लेकर भी कई सवाल उठाए. उन्होंने पूछा कि अगर लोकसभा की सीटें बढ़ाई जा रही हैं, तो क्या राज्यसभा की सीटों की संख्या भी बढ़ेगी? इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है. उन्होंने कहा कि बीजेपी को पता है कि किन क्षेत्रों में उसे कितने वोट मिलते हैं और किन इलाकों में उसे राजनीतिक फायदा हो सकता है. ठाकरे ने आरोप लगाया कि निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण अपने हिसाब से करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने सवाल उठाया कि 850 लोकसभा सीटें कैसे तय होंगी और यह फैसला कौन करेगा?
ठाकरे ने महिला आरक्षण को परिसीमन बिल के साथ जोड़ने पर भी सवाल उठाए. उन्होंने साफ किया कि उनकी पार्टी महिला आरक्षण के खिलाफ नहीं है और 33 फीसदी रिजर्वेशन का समर्थन करती है. हालांकि, उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार महिलाओं को आरक्षण देना चाहती है, तो इसे मौजूदा 543 लोकसभा सीटों में ही क्यों नहीं लागू किया जा सकता?
उन्होंने कहा कि महिलाओं के नाम पर लोगों को फंसाने की कोशिश नहीं होनी चाहिए. महिला आरक्षण और परिसीमन को एक साथ जोड़ने की जरूरत नहीं है. उद्धव ने बताया कि उन्होंने अपनी पार्टी के सभी नौ सांसदों को इस बिल पर किस तरह मतदान करना है, इसकी जानकारी दे दी है.
उन्होंने मुंबई महानगरपालिका के परिसीमन का भी जिक्र करते हुए कहा कि साल 2017 में मुंबई में महानगरपालिका के परिसीमन के दौरान किस तरह का खेल हुआ था, यह उनकी पार्टी देख चुकी है. इसी अनुभव के आधार पर उन्हें मौजूदा परिसीमन प्रक्रिया पर भरोसा नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार को सिर्फ सांसदों की तादाद बढ़ाने पर ध्यान नहीं देना चाहिए, बल्कि यह भी देखना चाहिए कि संसद में कितने सांसद वास्तव में मौजूद रहते हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 150 करोड़ की आबादी के लिए अगर एक प्रधानमंत्री से काम नहीं चल रहा तो क्या प्रधानमंत्री की संख्या भी बढ़ा दी जाएगी?
ठाकरे ने कहा कि उन्हें भी फोन आए थे और बिल का समर्थन करने के लिए कहा गया था. उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा,'मुझे क्या अप्रोच नहीं किया होगा, लेकिन हम पार्टी से आगे लोगों के हित को आगे रख रहे हैं.' इसके अलावा उनकी पार्टी के नेता संजय राउत का दावा है कि संसद में बिल पास करवाने के लिए सांसदों की खरीद-फरोख्त की जा रही है. उनके मुताबिक बिल के समर्थन में सांसदों को 150 करोड़ रुपये तक की पेशकश की जा रही है. इस दावे ने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
उद्धव ठाकरे ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से भी इस बिल का विरोध करने की अपील की. उन्होंने कहा कि स्टालिन को इस मुद्दे को गंभीरता से समझना चाहिए और देखना चाहिए कि इससे राज्यों के हितों पर क्या असर पड़ सकता है. उन्होंने आशंका जताई कि परिसीमन के बाद राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का संतुलन बदल सकता है. ठाकरे ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की लोकसभा सीटों का उदाहरण देते हुए कहा कि परिसीमन के बाद उत्तर प्रदेश में सीटों की संख्या बढ़ जाएगी. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ किसी एक पार्टी का मामला नहीं है, बल्कि राज्यों के प्रतिनिधित्व और लोकतंत्र से जुड़ा सवाल है.
परिसीमन बिल पर विपक्षी एकजुटता को लेकर उद्धव ठाकरे ने शरद पवार का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि शरद पवार लंबे समय तक राजनीति और सरकार में रहे हैं, इसलिए उन्हें इस मुद्दे की गंभीरता समझनी चाहिए. उद्धव ने कहा कि उनकी पार्टी राजनीतिक दलों से आगे देश और जनता के हित को रख रही है. उन्होंने बताया कि आज शाम शरद पवार से मुलाकात होनी है और उनकी ओर से आदित्य ठाकरे उनसे मिलने जाएंगे. उद्धव ने कहा कि शरद पवार अभी भी महाविकास अघाड़ी का हिस्सा हैं और गठबंधन में किसी तरह की देरी नहीं हुई है. उन्होंने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से भी अपील की कि देर होने से पहले इस बिल का विरोध करें.