App

साल में 10 दिन बिना बैग के स्कूल जाएंगे छात्र, 7 घंटे की होगी शिफ्ट... किस राज्य में लागू हुआ स्किल लर्निंग का नया फॉर्मूला?

मेघालय के स्कूलों में अब साल में कम से कम 10 दिन 'बैगलेस डेज' होंगे, यानी बच्चे बिना बस्ते के स्कूल जाएंगे. इसके साथ ही स्कूलों की टाइमिंग और एग्जाम पैटर्न को भी पूरी तरह बदला जा रहा है. आइए डिटेल से जानते हैं...

साल में 10 दिन बिना बैग के स्कूल जाएंगे छात्र, 7 घंटे की होगी शिफ्ट... किस राज्य में लागू हुआ स्किल लर्निंग का नया फॉर्मूला?
Image Credit: AI जनरेडेट इमेज...

मेघालय सरकार ने प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. 2027-28 शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 8 फरवरी 2027 से होगी. इस नए सेशन में जो सबसे बड़ा डिसीजन लिया गया है, वो साल में कम से कम 10 दिन बैगलेस डेज है. इसका मतलब है कि बच्चे बिना बैग के स्कूल जाएंगे और प्रैक्टिकल लर्निंग से जुड़ेंगे.

शिक्षा विभाग की ओर से जारी नए नोटिफिकेशन के मुताबिक, प्री-स्कूल से लेकर कक्षा 2 तक के स्टूडेंट्स का सत्र 26 नवंबर 2027 को खत्म होगा, जबकि कक्षा 3 से 10 तक की पढ़ाई 16 दिसंबर तक चलेगी. इसके अगले ही दिन से सर्दियों की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी.

शिक्षा विभाग ने सभी क्लासेज के लिए साल में कम से कम कितने दिन स्कूल खुलेगा और कितने घंटे पढ़ाई होगी, इसका हिसाब भी तय कर दिया है.

  1. पहली से पांचवीं क्लास तक के बच्चों के लिए साल में कम से कम 200 वर्किंग डेज और 1,000 घंटे की पढ़ाई जरूरी होगी.
  2. छठी से आठवीं क्लास के लिए 220 वर्किंग डेज और 1,320 घंटे तय किए गए हैं.
  3. नौवीं से बारहवीं क्लास के स्टूडेंट्स के लिए 220 वर्किंग डेज और 1,540 घंटे की पढ़ाई का नियम रखा गया है.

नया टाइम-टेबल भी जारी किया गया

शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों के खुलने और बंद होने का नया टाइम-टेबल भी जारी कर दिया है. अब लोअर प्राइमरी की क्लास सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक (5 घंटे) चलेगी. अपर प्राइमरी के बच्चों की क्लास सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक (6 घंटे) होगी, जबकि सेकेंडरी और हायर सेकेंडरी स्कूल सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक (7 घंटे की शिफ्ट) लगेंगे.

'बैगलेस डेज' पर क्या सीखेंगे बच्चे?

नए नियमों के तहत हर स्कूल को साल में कम से कम 10 दिन बिना बैग के पढ़ाई करानी होगी. इन दिनों में बच्चों को क्लासरूम की चारदीवारी से बाहर निकालकर असल जिंदगी के अनुभव दिए जाएंगे.

इन 10 दिनों में स्कूली बच्चों को स्थानीय कारीगरों व किसानों से बातचीत, पारंपरिक शिल्प (क्राफ्ट), ऐतिहासिक स्थलों और खेतों का भ्रमण, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नेचर वॉक, पर्यावरण संरक्षण, वित्तीय साक्षरता (फाइनेंशियल लिटरेसी) और एंटरप्रेन्योरशिप जैसी गतिविधियों में शामिल किया जाएगा. खास तौर पर कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को वोकेशनल ट्रेनिंग देने पर जोर रहेगा.

स्किल लर्निंग के जुड़ेंगे 50 नंबर

सबसे खास बात यह है कि 2027-28 सत्र से कक्षा 6 से 10 तक के छात्रों के लिए 'कम्युनिटी-इंटीग्रेटेड स्किल लर्निंग' (CISL) को अनिवार्य किया गया है. इसे हेल्थ एंड फिजिकल एजुकेशन विषय के तहत जोड़ा गया है, जिसमें 100 में से 50 अंक CISL के और 50 अंक फिजिकल एजुकेशन के होंगे. इसके तहत बच्चों को खेती-बाड़ी, पारिवारिक व्यवसाय, डिजिटल स्किल्स और कम्युनिटी सर्विस सिखाई जाएगी.

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत अब परीक्षाओं का पैटर्न भी बदलेगा. रट्टा मारने की प्रवृत्ति को खत्म कर बच्चों की समझ के आधार पर मूल्यांकन होगा. इसमें लिखित परीक्षा के साथ-साथ मौखिक टेस्ट, प्रोजेक्ट, असाइनमेंट, प्रेजेंटेशन और क्लासरूम की गतिविधियों के नंबर जुड़ेंगे.

मॉर्निंग असेंबली और PTM भी अनिवार्य

नए नियमों के मुताबिक, अब स्कूल खुलने वाले हर दिन मॉर्निंग असेंबली (सुबह की प्रार्थना सभा) होना जरूरी होगा. खास बात यह है कि इस असेंबली को टीचर्स नहीं, बल्कि खुद बच्चे लीड करेंगे और चलाएंगे. इसका मकसद बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ाना है. इस दौरान बच्चे खबरें पढ़ेंगे, स्पीच देंगे, कहानियां सुनाएंगे, क्विज खेलेंगे और हेल्थ व पर्यावरण जैसे जरूरी मुद्दों पर बात करेंगे.

इसके अलावा, पेरेंट्स को बच्चों की पढ़ाई से जोड़े रखने के लिए भी सख्त नियम बने हैं. अब मिड-टर्म और फाइनल एग्जाम के बाद स्कूल में पैरेंट्स-टीचर मीटिंग (PTM) कराना अनिवार्य होगा, ताकि माता-पिता को बच्चे की प्रोग्रेस और अटेंडेंस की पूरी जानकारी मिल सके. साथ ही, स्कूल प्रिंसिपल की यह जिम्मेदारी होगी कि वे पहले से प्लानिंग करके समय पर 100% सिलेबस पूरा करवाएं.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Bhoopendra Rai

Bhoopendra Rai

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो