त्रिपुरा में TTAADC चुनाव: बैलेट पेपर के साथ आज हो रहा मतदान, भारी सुरक्षा के बीच बूथों पर पहुंचे वोटर्स
Tripura TTAADC Elections: त्रिपुरा में आज जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद ( TTAADC) ग्राम समिति का चुनाव हो रहा है. वोटिंग के लिए सुबह से ही लोग मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे. राज्य में 119 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं.
Tripura Elections: त्रिपुरा में सोमवार ( 28 सितंबर2 206) को कड़ी सुरक्षा के बीच त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद ( TTAADC) ग्राम समिति चुनावों के लिए सुबह 7 बजे से बैलेट पेपेर के जरिए मतदान हुआ. सुबह से ही राज्य के 44 ब्लॉक में 2,954 सीटों पर प्रतिनिधि चुनने के लिए बड़ी संख्या वोटर्स मतदान केंद्र पहुंचे.
दक्षिणी त्रिपुरा में रूपाइछारी आरडी ब्लॉक के BDO और रिटर्निंग ऑफिसर प्रतिम देबनाथ ने समाचार एजेंसी 'IANS' के साथ बात करते हुए कहा कि आज TTAADC ग्राम समिति चुनाव के लिए मतदान हो रहा है. रूपाइछारी RD ब्लॉक के तहत 18 में से 17 ग्राम समितियों में मतदान जारी है.
सिक्योरिटी के बीच मतदान
रिटर्निंग ऑफिसर प्रतिम देबनाथ ने बताया कि रूपाइछारी आरडी ब्लॉक में कुल 29 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और सभी जगहों पर वोटिंग शुरू हो चुकी है. उन्होंने कहा कि हर जगह मतदान शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है और कम से कम एक पोलिंग एजेंट और कई जगहों पर अलग-अलग पार्टियों के 2-3 पोलिंग एजेंट मौजूद हैं. उन्होंने ये भी कहा कि अभी स्थिति सामान्य है. रिटर्निंग अधिकारी प्रतिम देबनाथ ने बताया कि मतदान के दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं. सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है और जहां भी परेशानी की संभावनाएं हैं, वहां हमने टीमें भेजी हैं.
सुबह 7 बजे से जारी मतदान
रूपाइछारी आरडी ब्लॉक के बूथ नंबर 13 मौजूद पीठासीन अधिकारी (PO) कार्तिक दास ने कहा,' मैंने सुबह 7 बजे शांतिपूर्ण ढंग से मतदान शुरू किया. मतदाता बिना किसी परेशानी के आसानी से वोट डाल रहे हैं. केंद्रीय सुरक्षा बल यहां मौजूद हैं और अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं और मतदान शांतिपूर्वक चल रहा है.'
कितनी सीटों पर हो रहा चुनाव?
रूपाइछारी आरडी ब्लॉक में कुल 337 उम्मीदवार 119 सीटों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं. इस क्षेत्र में कुल 22,615 मतदाता वोट डालने के लिए योग्य हैं. बता दें कि त्रिपुरा जनजातीय क्षेत्र स्वायत्त जिला परिषद (TTAADC) ग्राम समिति चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP), CPI (M), टिपरा मोथा पार्टी और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस समेत कई अलग-अलग राजनीतिक दलों के उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. वोटों की गिनती 5 अक्टूबर 2026 को होगी. (इनपुट-IANS)