App

गोलियों से दहशत, उगाही से कमाई: सलमान से कनेक्शन नहीं, इस कारण टाइगर श्रॉफ पर हुआ था हमला; पुलिस ने खोला राज

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर केवल इसलिए हमला किया गया था, जिससे लोगों के भीतर दहशत फैलाई जा सके. मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम की जांच में ये जानकारी सामने आई है. इसके अलावा मामले में शामिल दो महिलाओं की भूमिका की जांच भी की जा रही है.

गोलियों से दहशत, उगाही से कमाई: सलमान से कनेक्शन नहीं, इस कारण टाइगर श्रॉफ पर हुआ था हमला; पुलिस ने खोला राज
Image Credit: टाइगर श्रॉफ पर हमले की असली वजह आई सामने. (फोटो- X)

Actor Tiger Shroff Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए जानलेवा हमले की जांच मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है. मामले की तह तक जाने के लिए सभी संभावित एंगल से जांच जारी है. इस बीच मुंबई पुलिस ने बताया कि कथित रूप से वसूली, वर्चस्व और लोगों में दहशत पैदा करने के लिए हमलावरों ने एक्टर को निशाना बनाया था. मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच के बाद एक्टर पर हमले के पीछे की आधिकारिक वजह की पुष्टि हो गई है.

पुलिस ने दावा किया कि आरोपी लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैं और पैसों की वसूली, गैंग का वर्चस्व स्थापित करने और लोगों में दहशत पैदा करने के लिए टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया गया था. एक संगठित अपराध के सक्रिय सदस्य के रूप में ये आरोपी काम कर रहे थे. पुलिस का कहना है कि इस हमले के लिए आरोपियों ने पहले विधिवत प्लानिंग की और फिर घटना को अंजाम दिया.

टाइगर श्रॉफ पर हमला क्यों किया?

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आर्थिक लाभ हासिल करने और समाज में डर फैलाने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया था. पुलिस ने जांच में पाया कि आरोपियों ने अंतरराज्यीय नेटवर्क के जरिए साजिश रची. एक्टर टाइगर श्रॉफ पर 18 अक्टूबर की शाम को जुहू इलाके में हमला हुआ था. एक फुटबॉल ग्राउंड के परिसर से जब उनकी कार निकल रही थी, तभी बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस हमले में एक्टर बाल-बाल बचे थे.

हालांकि, एक्टर की कार के ड्राइवर और एक प्रशंसक को इस हमले में चोट लगी, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया. इस पूरी घटना में अभी तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. यह भी सामने आया है कि 11 आरोपियों में से 8 सीधे तौर पर मुख्य आरोपी अनिल पंडित के संपर्क में थे. एक्टर पर हमले के बाद अनिल पंडित ने इसकी जिम्मेदारी ली थी. अनिल पंडित फरार है. दावा किया जा रहा है कि वह इस समय विदेश में है.

महिलाओं की भूमिका की जांच जारी

टाइगर श्रॉफ पर हमले मामले में 2 महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है. इन महिलाओं पर मुंबई तक हथियार पहुंचाने का आरोप है. अब मुंबई क्राइम ब्रांच गिरफ्तार महिलाओं बबीता और राधा की भूमिका की जांच कर रही है. पुलिस ने शक जताया है कि दोनों महिलाओं ने मुंबई के बांद्रा बैंडस्टैंड इलाके में रेकी की थी. यह वही जगह है, जहां पर बॉलीवुड एक्टर सलमान खान सहित कई जानी-मानी फिल्मी हस्तियां रहती हैं.

ऐसे में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं, इन दोनों महिलाओं का वहां जाने का मकसद क्या था. इसके अलावा इस सवाल का जवाब भी तलाशा जा रहा है कि क्या उन्होंने उस इलाके में रहने वाली फिल्मी हस्तियों के घरों की रेकी की थी. पुलिस का कहना है कि महिलाओं की गतिविधियों के बारे में जानकारी उनके मोबाइल फोन की जांच और तकनीकी सबूतों से मिली है. (इनपुट- आईएएनएस)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो