SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

1 घंटे में बना प्लान, तीसरे घंटे में जेल ब्रेक... पर 48 घंटे में टूट गया सपना: थेनी से भागे सभी 17 कैदी फिर सलाखों के पीछे

तमिलनाडु के थेनी जिले की सब-जेल से फरार 17 कैदियों ने सिर्फ 1 घंटे के अंदर जेल ब्रेक का प्लान बनाया था. उनके पूरे प्लान का खुलासा अब हो गया है. आइए जानते हैं पूरा मामला...

Written By Bhoopendra Rai
Published: Oct 29, 2026, 03:57 PM IST | Updated: Oct 29, 2026, 04:06 PM IST
Image Credit: थेनी जेल ब्रेक मामले में 48 घंटे के अंदर सभी कैदी दोबारा गिरफ्तार किए गए।
Join

फिल्मी स्टाइल में तमिलनाडु के थेनी जिले की सब-जेल से फरार हुए 17 विचाराधीन कैदियों को दोबारा दबोच लिया गया है. पिछले सोमवार को इन कैदियों ने फिल्मी स्टाइल में जेल ब्रेक किया था. इस मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. यहां हम जानेंगे कि कैसे सिर्फ 1 घंटे में कैदियों ने जेल ब्रेक का प्लान बनाया और उसे 3 घंटे में एग्जीक्यूट करके फुर्र हो गए.

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि 17 विचाराधीन कैदियों ने भागने के लिए तगड़ा प्लान बनाया. इस प्लान की शुरुआत 26 साल के एक कैदी के आइडिया से हुई, जिसके बाद एक अन्य कैदी ने मिर्गी का झूठा नाटक किया और सुरक्षाकर्मियों को चकमा देने में सफल हुए.

बेल खारिज होने से भड़का गुस्सा, 3 घंटे में रचा चक्रव्यूह

जांच अधिकारियों के अनुसार, कैदियों ने सोमवार करीब 7 बजे जेल ब्रेक का प्लान बनाया और उसे रात 10 बजे तक अंजाम भी दे दिया. जांच में यह सामने आया कि यह कोई पहले से तय प्लान नहीं था, इसे उस वक्त बनाया गया जब अदालत से जमानत याचिका खारिज हुई. बेल नहीं मिलने के चलते कैदियों के अंदर गुस्सा भड़का और उन्होंने भागने का प्लान बनाया.

दिव्यांग लिंगा प्रसाद बना मास्टरमाइंड

इस जेलब्रेक का मास्टरमाइंड लूट के मामलों में बंद 26 साल के लिंगा प्रसाद को माना जा रहा है, जो मदुरै का रहने वाला है. उसने जेल स्टाफ का ध्यान भटकाने के लिए मेडिकल इमरजेंसी का झूठा बहाना बनाने का आइडिया दिया था. इस पर मुथु एलंगोवन नाम के कैदी ने अमल किया और मिर्गी का दौरा पड़ने का नाटक करके जमीन पर लेटकर तड़पने लगा.

किचन के बर्तनों से हमला कर छीनी चाबियां

मुथु एलंगोवन को जमीन पर तड़पता देख जेल स्टाफ मदद के लिए तुरंत दौड़ा. जैसे ही कर्मचारी बैरक के पास पहुंचे तो अन्य कैदियों ने जानबूझकर शोर मचाना शुरू कर दिया. बवाल मचा और मौका पाकर कैदी अपने ब्लॉक से बाहर आ गए. उनके हाथों में किचन के बर्तन थे, जिनकी मदद से कैदियों ने सुरक्षाकर्मियों पर हमला बोला. फिर मेन गेट के पास मौजूद अन्य स्टाफ को काबू में किया और उनसे चाबियां छीन लीं. इसके बाद 17 कैदी फरार हो गए.

इस पूरे मामले में साउथ जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विजयेंद्र बिदारी ने जरूरी डिटेल दी. उन्होंने बताया कि कैदियों से हुई पूछताछ से साफ हुआ है कि यह प्लान बहुत ही कम समय में बना था. आईजी के मुताबिक, शारीरिक रूप से आंशिक रूप से दिव्यांग लिंगा प्रसाद ने ही सोमवार शाम यह आइडिया रखा था जब कुछ कैदी जमानत खारिज होने से नाखुश थे और आपस में चर्चा कर रहे थे. इसके बाद बाकी कैदी भी तुरंत इस योजना में शामिल हो गए.

32 में से 17 फरार, बाकी कैदियों पर भी शक

दरअसल, जिस दिन कैदियों ने भागने के प्लान को अंजाम दिया उस दिन दो अन्य कैदियों की जमानत खारिज हुई थी, जिससे कैदियों में भारी तनाव और नाराजगी थी. जिस ब्लॉक से यह कैदी भागे, वहां कुल 32 विचाराधीन कैदी बंद थे. इनमें से 17 फरार हो गए थे. अब जेल प्रशासन बाकी कैदियों की भूमिका की भी जांच कर रहा है, इस दौरान पता लगाया जा रहा है कि क्या उन्होंने इस साजिश में कोई अप्रत्यक्ष या मददगार भूमिका निभाई थी.

48 घंटे में सभी दोबारा गिरफ्तार, 9 कर्मचारी निलंबित

17 कैदियों को फरारी के 48 घंटे के भीतर फिर से पकड़ लिया गया है. ड्यूटी में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में जेल के 9 कर्मचारियों को निलंबित किया गया है. इस बड़ी सुरक्षा चूक के बाद तमिलनाडु जेल विभाग ने राज्य भर की सभी जेलों में सुरक्षा ऑडिट शुरू कर दिया है. महीने के अंत तक सिक्योरिटी का गैप एनालिसिस पूरा हो जाएगा. उसके आधार पर जेलों की सुरक्षा टाइट की जाएगी और सेंसिटिव पॉइंट्स वाले वॉचटॉवर्स पर हथियारों से लैस जवान तैनात किए जाएंगे.

ये भी पढ़ें: बंगाल में एनकाउंटर: पुलिस की बंदूक छीनकर भागने लगा दुष्कर्म का आरोपी, जवाबी फायरिंग में ढेर

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES