App

तमिलनाडु में पहली बार पुरुष कर्मियों को मिलेगी 15 दिन की पैटर्निटी लीव, जानिए कब और कैसे लाभ उठा सकेंगे मर्द

तमिलनाडु में अब बच्चे का जन्म होने पर पुरुष सरकारी कर्मियों को भी 15 दिन का अवकाश मिल सकेगा. वहां पर महिला सरकारी कर्मियों को पूरे एक साल के मातृत्व अवकाश की सुविधा पहले से हासिल थी.

तमिलनाडु में पहली बार पुरुष कर्मियों को मिलेगी 15 दिन की पैटर्निटी लीव, जानिए कब और कैसे लाभ उठा सकेंगे मर्द
Image Credit: तमिलनाडु में जोसेफ विजय सरकार ने सरकारी कर्मियों के लिए पितृत्व अवकाश की घोषणा की (इमेज क्रेडिट फ्रीपिक)

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने पहली बार तमिलनाडु सरकार में काम करने वाले पुरुष कर्मचारियों के लिए 15 दिनों का पितृत्व अवकाश यानी पैटर्निटी लीव शुरू करने की घोषणा की है. यह अवकाश सरकारी सेवा में कार्यरत शादीशुदा पुरुष कर्मचारियों को ही मिलेगा. इस नीति के तहत राज्य के सरकारी विभागों में तैनात कोई भी पुरुष कर्मचारी बच्चे के जन्म से 15 दिन पहले या जन्म के 6 महीने के भीतर कभी भी यह अवकाश ले सकता है.

पुरुष सरकारी कर्मचारियों को भी मिला पितृत्व अवकाश

सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया, 'तमिलनाडु में महिला सरकारी कर्मचारी वर्तमान में 365 दिनों के मातृत्व अवकाश (मैटर्निटी लीव) की हकदार हैं, वहीं सरकार को पुरुष सरकारी कर्मचारियों से भी पितृत्व अवकाश शुरू करने के अनुरोध प्राप्त हुए हैं. बच्चे के जन्म के आसपास की अवधि मां और बच्चे दोनों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है. इस दौरान, मां को शारीरिक और भावनात्मक सहारा देने के साथ-साथ नवजात शिशु की देखभाल करने में भी पिता का सहयोग जरूरी होता है.'

रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु सरकार के इस फैसले को दूरगामी और महिला-पुरुष समानता की नजर में अहम माना जा रहा है. इससे नवजात शिशु की देखभाल में बच्चे की मां का हाथ बंटाने में पिता भी मदद कर सकेगा.

तमिलनाडु की जोसेफ विजय सरकार की पहल

बताते चलें कि तमिनलनाडु में महिलाओं को पूरे एक साल का मातृत्व अवकाश मिलता है, लेकिन पुरुषों को इस तरह की कोई सुविधा नहीं थी. राज्य के सरकारी कर्मचारियों के संगठन लंबे वक्त से पुरुषों के लिए भी ऐसी सुविधा शुरू करने की मांग उठा रहे थे. उनका कहना था कि नवजात की देखभाल में मां के साथ पिता की भी अहम भूमिका होती है. लिहाजा उन्हें भी यह अवकाश मिलने चाहिएं.

केंद्रीय कर्मचारियों को पहले से मिल रही सुविधा

तमिनाडु सरकार ने यह पहल भले ही अब शुरू की हो, लेकिन केंद्र सरकार के पुरुष कर्मचारियों को यह सुविधा पहले से हासिल है. केंद्र के पुरुष कर्मचारियों को 15 दिनों का पितृत्व अवकाश मिलता है. इसी तरह, हरियाणा, सिक्किम और केरल समेत कई अन्य राज्यों में पुरुष कर्मचारियों को भी पितृत्व अवकाश दिया जाता है. जिससे वे अपने नवजात बच्चे की देखभाल में सहयोग कर सकें. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Devinder Kumar

Devinder Kumar

अनुभवी पत्रकार और अंतर्राष्ट्रीय मामलों के विश्लेषक हैं. पिछले 18 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. अमर उजाला और नवभारत टाइम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में काम करने के बाद, वर्तमान में वे Zee News में कार्यरत हैं. देश-दुनिया और ब्रेकिंग न्यूज पर नजर रखते हैं. अंतर्राष्ट्रीय राजनीति, वैश्विक घटनाक्रमों और खोजपरक पत्रकारिता में विशेष पकड़ है.
Read More