)
कुछ मां-बाप बच्चों की सही तरबियत करने के नाम पर कुछ ऐसी हरकतें कर देते हैं, जो उन्हें बेहतर बनाने की बजाए और उनका नुकसान कर देती हैं. ऐसा ही एक मामला सिंगापुर में सामने आया है. यहां एक पिता ने अपने मासूम बेटे को ऐसी सजा दी कि मामला अदालत तक पहुंच गया और फिर 6 महीने के लिए पिता को जेल में भी डाल दिया गया.
बताया जा रहा है कि पिता ने अपने 9 साल के बेटे को झूठ बोलने की सजा के तौर पर उसके सारे कपड़े उतार दिए. बात सिर्फ यहीं तक नहीं रुकी, बल्कि पिता ने उस मासूम बच्चे को निर्वस्त्र हालत में अपने अपार्टमेंट के अंदर भी घुमाया. हैरानी की बात यह है कि इस दौरान उसी की 7 वर्षीय बेटी अपने भाई का वीडियो बना रही थी. अब इस मामले में अदालत ने पिता को 6 महीने जेल की सजा सुनाई है.
40 वर्षीय पिता अपने 9 साल के बेटे से इस बात पर नाराज था कि उसने उससे झूठ बोला था. इसी बात को लेकर उसने बच्चे को अजीब और अपमानजनक सजा देने का फैसला किया. पिता ने बेटे को अपने सारे कपड़े उतारने का तालिबानी हुक्म दिया. इसके बाद उसे 8वीं मंजिल पर मौजूद अपने फ्लैट से लिफ्ट के जरिए ग्राउंड फ्लोर तक जाने और फिर वापस आने के लिए कहा. इस दौरान बच्चा पूरी तरह निर्वस्त्र था. पिता ने अपनी 7 साल की बेटी को इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड करने की जिम्मेदारी भी दी.
बताया जा रहा है कि बच्चा जब लिफ्ट से नीचे जा रहा था, तो उस समय उसमें दो अन्य लोग भी सवार हो गए. इस तरह अनजान लोगों ने भी बच्चे को इस अपमानजनक स्थिति में देखा. एक पिता की तरफ से दी गई इस सजा ने बच्चे को न सिर्फ पब्लिकली शर्मिंदगी का सामना पड़ा, बल्कि उसके मानसिक स्वास्थ्य पर भी असर डाला.
मामला सिर्फ बेटे तक सीमित नहीं है, इस घटना के करीब एक महीने बाद पिता ने चांगी एयरपोर्ट पर अपनी 7 साल की बेटी के साथ भी मारपीट की. दरअसल, बच्ची को उल्टी हो गई थी और वह इसकी वजह नहीं बता पा रही थी. इस पर पिता ने उसे थप्पड़ मारे और मुक्के से भी हमला किया.
मामले की सुनवाई के दौरान पिता ने बच्चों के साथ दुर्व्यवहार से जुड़े आरोप स्वीकार कर लिए. सरकारी वकील ने आरोपी के लिए 9 महीने की जेल की मांग की थी, लेकिन अदालत ने उसे 6 महीने की सजा सुनाई. जज एडी थाम ने कहा कि इस घटना से बच्चे को वास्तविक भावनात्मक नुकसान पहुंचा है. अदालत ने इस बात को भी गंभीरता से लिया कि पिता ने अपनी छोटी बेटी को भाई के अपमानजनक अनुभव की रिकॉर्डिंग करने के लिए कहा था. आरोपी को 15,000 सिंगापुर डॉलर के मुचलके पर रिहा किया गया है. उसे 1 दिसंबर से अपनी जेल की सजा काटनी होगी.