तमिलनाडु में 'कार्तिगई दीपम' पर सियासी संग्रामः SC की अनुमति के बावजूद नहीं जला दीप, भड़की BJP
सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद भी दीपथून पर दीप नहीं जलाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. हिंदू संगठनों ने इसके खिलाफ सड़क पर जमकर प्रदर्शन किया. इस दौरान केनिकराई पुलिस ने सड़क जाम करने वालों को हिरासत में ले लिया है.
तमिलनाडु के तिरुपरंकुंद्रम में ‘कार्तिगई दीपम’ विवाद अब गहरा गया है. सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद भी दीपथून पर दीप नहीं जलाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. बीजेपी ने थलपति विजय की सरकार पर हिंदू विरोधी होने का आरोप लगाया है. बीजेपी के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष उषा अग्रवाल ने सरकार पर आरोप लगाया कि वह सनातन धर्म की परंपराओं और सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अनदेखी कर वोट-बैंक की राजनीति कर रही है.
सरकार के विरोध में सड़क पर उतरे लोग
उधर, इस मामले में 'हिंदू फ्रंट' के सदस्यों ने तमिलनाडु सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. उनका आरोप है कि सरकार ने तिरुपरनकुंद्रम दीपाथून में 'कार्तिगई दीपम' जलाने के सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू नहीं किया है. इसके बाद, वहां सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात केनिकराई पुलिस ने सड़क जाम करने वालों को हिरासत में ले लिया.
क्या है पूरा विवाद?
दरअसल, तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर 'दीपथून' स्तंभ स्थित है. इसके पास में ही हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह दरगाह है. वहीं, पहाड़ी की तलहटी में भगवान मुरुगन का प्रसिद्ध अरुलमिगु सुब्रमण्यम स्वामी मंदिर है. 'दीपथून' पर हिंदू समाज अपना दावा करता है. हिंदुओं के मुताबिक, यहां 'कार्तिगई दीपम' के मौके पर दीप जलाया जाता है. उधर, सरकार इसे एक सर्वे स्तंभ मानती है, जो इलाके पर निगरानी रखने में उपयोग किया जाता था.
'कार्तिगई दीपम' के मौके पर मदुरै की पहाड़ी पर स्थित प्राचीन 'दीपथून' स्तंभ पर दीप जलाया जाता है. इस बार 'दीपथून' की जगह 'उचि-पिल्लैयार' मंदिर के शिखर पर दीप जलाया गया है. वहीं, 'दीपथून' स्तंभ पर एक लाइट जताई गई. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने अस्थायी व्यवस्था के तहत दीप जलाने की अनुमति दी थी. हिंदू संगठनों का आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट की अनुमति और मद्रास हाईकोर्ट की हिदायत के बावजूद दीपथून पर पारंपरिक दीप नहीं जलाया जा सका. हिंदू संगठनों ने सरकार पर हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है.
श्रीरंगम मंदिर में मनाया गया कार्तिगई दीपम
उधर, तमिलनाडु के श्रीरंगम में स्थित श्रीरंगम मंदिर में कार्तिगई दीपम मनाया गया. नामपेरुमल की उपस्थिति में चोक्कापनई अनुष्ठान आयोजित किया गया. यहां हजारों भक्तों ने चोक्कापनई की औपचारिक रोशनी देखी.
ये भी पढ़ें- अमरनाथ यात्रा के सबसे पवित्र पड़ाव पर क्यों पहुंची JCB? शेषनाग झील के वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप, भड़क उठीं महबूबा