SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कैंसर की दवाओं पर 1000% मुनाफा: सुप्रीम कोर्ट की अस्पतालों और सरकार को दो टूक, पूछा- क्या इस लूट को सही ठहराएंगे?

सुप्रीम कोर्ट ने कैंसर की दवाओं और इंजेक्शन पर अस्पतालों द्वारा वसूले जा रहे 1000% तक के अत्यधिक मुनाफे पर केंद्र सरकार और निजी अस्पतालों को कड़ी फटकार लगाई है. अदालत ने पूछा कि क्या इस खुली लूट को सही ठहराया जा सकता है? पढ़ें पूरी खबर.

Written By Ravindra Pratap Singh
Published: Oct 27, 2026, 06:39 PM IST | Updated: Oct 27, 2026, 07:00 PM IST
Image Credit: कैंसर की दवाओं पर सुप्रीम कोर्ट की कड़ी फटकार: 1,000% तक मुनाफाखोरी को बताया 'खुलेआम डकैती'
Join

कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी के इलाज में अस्पतालों और मेडिकल माफिया द्वारा की जा रही भारी लूट को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है. शीर्ष अदालत ने कैंसर की दवाओं और मेडिकल कंज्यूमेबल्स पर 1,000% से ज्यादा मुनाफा वसूलने पर केंद्र सरकार और निजी अस्पतालों को आड़े हाथों लिया है. कोर्ट ने साफ शब्दों में कहा है कि जीवन बचाने के नाम पर मरीजों से इस तरह की लूट को किसी भी कीमत पर सही नहीं ठहराया जा सकता.

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस संदीप मेहता की बेंच इस मामले की सुनवाई कर रही है. सुनवाई के दौरान अदालत ने मैन्युफैक्चरर से लेकर रिटेलर और अस्पतालों तक कीमतों में आ रहे इस खतरनाक अंतर पर गहरी नाराजगी जताई. कोर्ट ने एक बानगी देते हुए बताया कि कीमोथेरेपी का जो इंजेक्शन डीलर को मात्र 11,000 रुपये में मिलता है, वही एक प्रतिष्ठित निजी अस्पताल में मरीज को 1,30,000 रुपये में दिया जाता है.

ये तो खुलेआम डकैती हैः सुप्रीम कोर्ट

कोर्ट ने इस बात पर भी जोर दिया कि जब कोई व्यक्ति कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा हो और उसका तीमारदार अस्पताल के दरवाजे पर खड़ा हो, तो वह मोलभाव करने की स्थिति में बिल्कुल नहीं होता. ऐसी लाचारी और असहाय स्थिति का फायदा उठाकर मुनाफा कमाना खुलेआम डकैती जैसा है. कोर्ट ने यहां तक कहा कि सिर्फ कैंसर की दवाएं ही नहीं, बल्कि महज 15 रुपये की सलाइन (Saline) ड्रिप लाइन भी मरीजों को 250 रुपये तक में दी जा रही है.

यह भी पढ़ेंः कैंसर की दवाओं पर ट्रेड मार्जिन कैप लगाएगी मोदी सरकार, सुप्रीम कोर्ट को दी जानकारी

सरकार की मूल्य नियंत्रण नीतियों पर उठे सवाल

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार की मौजूदा मूल्य नियंत्रण नीतियों को पूरी तरह नाकाम बताया. जब केंद्र की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल ऐश्वर्या भाटी ने कहा कि सरकार कीमतों पर लगाम लगाने के लिए लगातार कदम उठाती है और भारत में दवाइयां दुनिया में सबसे सस्ती दरों पर उपलब्ध हैं, तो जस्टिस संदीप मेहता ने कड़ा सवाल किया. चीफ जस्टिस ने पूछा कि अगर नीतियां काम कर रही हैं, तो 11,000 रुपये का इंजेक्शन 1,30,000 रुपये में कैसे बिक रहा है? कोर्ट ने यह भी सवाल उठाया कि सरकार ऐसी व्यवस्था क्यों होने देती है जहां 10 रुपये की लागत वाली दवा पर 100 रुपये तक की एमआरपी (MRP) छापकर बेचने की खुली छूट मिल जाती है. अदालत ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि जब किसी की जिंदगी दांव पर लगी हो, तो केवल पूंजीवादी सोच के आधार पर व्यापार नहीं किया जा सकता.

निजी अस्पतालों की दलील और कोर्ट का जवाब

निजी अस्पतालों की तरफ से पेश हुए वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतागी ने दलील दी कि निजी अस्पतालों को बेहतरीन बुनियादी ढांचा तैयार रखने और चौबीस घंटे सेवाएं देने के लिए भारी-भरकम खर्च उठाना पड़ता है. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इस तर्क को सिरे से खारिज कर दिया. अदालत ने स्पष्ट किया कि अस्पताल अपनी अन्य सेवाओं या सुविधाओं के जरिए मुनाफा कमाने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन दवाओं और इलाज की बुनियादी जरूरतों के नाम पर मरीजों का खून चूसना और इस तरह की लूट मचाना कतई जायज नहीं है.

बाजार में 90 फीसदी दवाएं DPCO के दायरे से बाहर

इसके साथ ही, जब सरकार की तरफ से फार्मा इंडस्ट्री के अनुसंधान (Research) और विकास खर्चों का हवाला दिया गया, तो कोर्ट ने तीखा सवाल किया कि क्या पिछले 30 सालों में भारतीय फार्मा कंपनियों द्वारा कोई 5 नए मॉलिक्यूल खोजे गए हैं, जिनकी आड़ में यह मुनाफा वसूला जा रहा है. कोर्ट ने यह भी चिंता जताई कि कैंसर रोधी दवाओं पर मुनाफा 30% तक सीमित करने के दावों के बावजूद, बाजार में करीब 90 फीसदी दवाइयां ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर (DPCO) के दायरे से बाहर हैं. फिलहाल, सुप्रीम कोर्ट ने सभी पक्षों की लंबी दलीलें सुनने के बाद इस संवेदनशील मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है. आम जनता और मरीजों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि इस ऐतिहासिक मामले में अदालत का अंतिम फैसला क्या दिशा तय करता है.

यह भी पढ़ेंः कैंसर की दवाओं पर मुनाफे का खेल होगा खत्म! 70% तक घट सकती हैं महंगी मेडिसिन की कीमतें

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

रवींद्र प्रताप सिंह ने साल 2015 में जागरण.कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा मौजूदा समय वो ज़ी न्यूज डिजिटल में चीफ सब एडिटर हैं. अगस्त 2025 में उन्होंने ज़ी न्यूज ज्वाइन किया है. रवींद्र देश और दुनिया की खबरों के अलावा खेलों में क्रिकेट जगत और क्राइम की खबरों पर बेहतरीन पकड़ रखते हैं. इसके पहले रवींद्र रिपब्लिक भारत में इवनिंग शिफ्ट के इंचार्ज रहे और शाम की शिफ्ट संभालते हुए होम पेज की जिम्मेदारी रवींद्र के ऊपर थी. उससे पहले रवींद्र ने जनसत्ता और न्यूज नेशन में भी शाम की शिफ्ट और होम पेज की जिम्मेदारी बखूबी निभाई. इसके पहले रवींद्र ने 5 सालों तक पी7 और लाइव इंडिया जैसे न्यूज चैनलों में काम किया था. रवींद्र आकाशवाणी में काम करने का अनुभव रखते. अवध यूनिवर्सिटी से मॉस कम्युनिकेशन से पोस्ट ग्रेजुएट रवींद्र पिछले डेढ़ दशक से सक्रिय पत्रकारिता कर रहे हैं. आप रवींद्र से जुड़ने के लिए Ravindra.Singh@India.com पर मेल कर सकते हैं या फिर फेसबुक पर संपर्क करने के लिए https://www.facebook.com/pintu.singh.397 और एक्स पर https://x.com/rs66533 रवींद्र से संपर्क किया जा सकता है. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES