)
साउथ सिनेमा के सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण इस समय अपने निजी जीवन को लेकर चर्चा में हैं. पवन कल्याण और उनकी रूसी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने शादी के करीब 13 साल बाद अलग होने का फैसला किया है. सोमवार देर रात एक बयान में कपल ने इस बात की पुष्टि की. पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने बताया कि यह फैसला उन्होंने आपसी सहमति से लिया है. दोनों ने कहा कि आगे भी वह एक- दूसरे के अच्छे दोस्त रहेंगे.
दरअसल, सोमवार को एक संयुक्त बयान में पवन कल्याण और अन्ना कोनिडेला ने कहा कि वह 13 साल बाद बतौर पति-पत्नी अलग हो रहे हैं, लेकिन उनके बीच दोस्ती का रिश्ता कायम रहेगा. उन्होंने बताया कि दोनों अपने बच्चे के जिम्मेदार पैरेंट्स हैं और उनकी परवरिश करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे. हालांकि, दोनों अपने बयान में तलाक की वजहों का जिक्र नहीं किया.
पवन कल्याण और कोनिडेला की ओर से जारी एक संयुक्त बयान में कहा गया कि अपने जीवन का एक लंबा हिस्सा एक साथ बिताने के बाद, हमने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है. दोनों के इस बयान को पवन कल्याण की राजनीतिक पार्टी जन सेना ने शेयर किया है.
बयान में कहा गया कि भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त हमेशा रहेंगे और अपने प्यारे बच्चों के लिए समर्पित माता पिता की भूमिका निभाते रहेंगे. बच्चों की खुशियां हमारी प्राथमिकता होंगी. इसके साथ ही दोनों ने उन लोगों को धन्यवाद भी दिया है, जिन्होंने इतने साल तक उनका साथ दिया है. इस बयान में यह भी कहा गया कि जीवन के इस बदलाव के दौर में, हम आपसे समझदारी, दया और हमारी प्राइवेसी का सम्मान करने की उम्मीद करते हैं.
पवन कल्याण ने साल 2013 में अन्ना कोनिडेला से शादी रचाई थी. अन्ना कोनिडेला रूसी नागरिक हैं. कपल के दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और एक बेटा है. इस अलगाव के बाद पवन कल्याण की तीसरी शादी भी खत्म हो गई. इससे पहले पवन कल्याण ने 1997 में नंदिनी से शादी की थी. हालांकि, साल 1999 में ही वे अलग हो गए. इसके बाद साल 2009 में उन्होंने एक्ट्रेस रेणु देसाई से शादी रचाई थी, लेकिन साल 2012 में उनका तलाक हो गया.