)
वोटर लिस्ट में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर सियासी घमासान थमता नजर नहीं आ रहा है. 'पीपल अगेंस्ट SIR' नामक गठबंधन ने आज (23 अक्टूबर) को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया है. इस आंदोलन में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और AISA अध्यक्ष नेहा बोरा के अलावा अभिनेता प्रकाश राज और वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण भी शामिल हो सकते हैं. किसान नेता राकेश टिकैत ने भी इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है. इतना ही नहीं इस आंदोलन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पति परकला प्रभाकर के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है. प्रदर्शन के लिए 'हर हाथ में तिरंगा, हर गली में जंतर-मंतर' का नारा दिया गया है.
केंद्रीय वित्तमंत्री के पति भी आंदोलन में शामिल
वकील प्रशांत भूषण ने देशवासियों से आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि SIR के जरिए वोट चोरी की जा रही है, इसलिए इस आंदोलन का मकसद भारत के लोकतंत्र को बचाना है. प्रशांत भूषण ने इससे पहले रिजीम चेंज की बात कही थी. उन्होंने कहा कि हम सब चाहते हैं कि रिजीम चेंज हो. इसमें क्या गलती है? आंदोलन में सबसे ज्यादा चर्चा केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पति परकला प्रभाकर की हो रही है. उन्होंने भी आंदोलन का समर्थन किया है. पराकला प्रभाकर ने सोशल मीडिया साइट एक्स से इस आंदोलन के पोस्टर को शेयर किया है.
SIR पर बीजेपी का काउंटर प्लान
उधर, SIR और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में बीजेपी भी अब सड़क पर उतर चुकी है. पार्टी आज से देशभर में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता मिटाओ' अभियान चलाने जा रही है. पार्टी ने पूरे देश में हर जिले के मुख्यालय से एक पदयात्रा निकालने की रणनीति तैयार की है. यात्रा में शामिल नेता-कार्यकर्ता गांव-गांव तक जाएंगे और लोगों को SIR प्रक्रिया की जानकारी देंगे. इतना ही नहीं बीजेपी कार्यकर्ता इस अभियान के तहत लोगों का नाम भी वोचर लिस्ट में दर्ज कराने में मदद करेंगे.
पार्टी ने हर पदयात्रा में करीब 10 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा है. इसके अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों में पार्टी के वरिष्ठ नेता एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन करेंगे. इसके जरिए भी SIR पर विपक्ष के आरोपों का जवाब दिया जाएगा.