SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

आसमान से गायब हुए काले बादल, क्या खत्म होने वाला है मानसून? सैटेलाइट तस्वीरों ने खोला राज

क्या इस बार झमाझम बारिश का दौर पूरी तरह थमने वाला है? सैटेलाइट तस्वीरों में उत्तर-पश्चिम भारत का आसमान साफ नजर आ रहा है. जानिए मानसून की विदाई पर IMD का नया अपडेट.

Written By Udbhav Tripathi
Published: Sep 29, 2026, 08:18 PM IST | Updated: Sep 29, 2026, 08:42 PM IST
Image Credit: Img- IMD, Windy
Join

मानसून का मौसम अब धीरे धीरे खत्म होने की ओर बढ़ रहा है. ऐसे में लोगों के मन में सवाल आ रहा है कि क्या अब झमाझम बारिश का दौर सचमुच थमने वाला है? आसमान में छाए रहने वाले काले बादलों की जगह अब धीरे-धीरे साफ नीला आसमान नजर आने लगा है. स्पेस से ली गई लेटेस्ट सैटेलाइट तस्वीरों ने देश के मौसम में आ रहे इस बड़े बदलाव की एक साफ तस्वीर पेश कर दी है. उत्तर-पश्चिम भारत से मानसून अब अपनी बोरिया-बिस्तर समेटकर लौटने लगा है, जिससे लोगों को उमस और बारिश से राहत तो मिल रही है, लेकिन क्या देश के बाकी हिस्सों से भी मानसून पूरी तरह विदा हो चुका है? आइए जानते हैं मानसून की ताजा स्थिति.

बारिश का मौसम अब अपने आखिरी दौर में है. देश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों तक बारिश और बादलों से घिरा आसमान अब साफ नजर आने लगा है. खासकर उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में इसका असर साफ दिखाई दे रहा है. सैटेलाइट से सामने आई तस्वीरों में भी इन इलाकों में बादलों की मौजूदगी पहले के मुकाबले काफी कम नजर आ रही है. भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के अनुसार दक्षिण पश्चिम मानसून की वापसी लगातार आगे बढ़ रही है. फिलहाल मानसून की वापसी की रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ, धौलपुर, उदयपुर, डीसा और नलिया से होकर गुजर रही है. इसके बाद यह रेखा अरब सागर की ओर बढ़ रही है.

राजस्थान से शुरू हुई मानसून की वापसी

दक्षिण पश्चिम मानसून ने पश्चिमी राजस्थान से लगभग 19 सितंबर से पीछे हटना शुरू किया था. इसके बाद 23 सितंबर को मानसून दिल्ली से भी विदा हो गया. दिल्ली में इस बार मानसून की विदाई सामान्य तारीख 25 सितंबर से कुछ दिन पहले हुई.

हालांकि मानसून की वापसी का मतलब सिर्फ इतना नहीं है कि बारिश रुक गई. IMD मानसून की वापसी तय करने के लिए कई चीजों को देखता है. इनमें लगातार बारिश का रुकना, निचले स्तर की हवाओं की दिशा में बदलाव और वातावरण में नमी का कम होना शामिल है.

हर जगह नहीं खत्म हुआ मानसून

ताजा सैटेलाइट इमेज में उत्तर पश्चिम भारत के बड़े हिस्से में आसमान काफी साफ दिखाई दे रहा है. हाल की बारिश के दौरान जिन इलाकों में घने बादल नजर आ रहे थे, वहां अब बादलों की गतिविधि कम हो गई है. लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि पूरे देश से मानसून चला गया है. पूर्वी और दक्षिणी भारत के कुछ हिस्सों में अभी भी बादलों की गतिविधि बनी हुई है. यानी मानसून की वापसी पूरे देश में एक साथ नहीं हो रही है.

IMD के ताजा अपडेट में हरियाणा, चंडीगढ और दिल्ली के लिए 4 अक्टूबर तक कोई मौसम चेतावनी भी जारी नहीं की गई है. इससे इन इलाकों में फिलहाल मौसम के शांत रहने के संकेत मिल रहे हैं.

कब पूरी तरह विदा होगा मानसून?

दक्षिण पश्चिम मानसून की पूरे देश से वापसी में अभी समय लग सकता है. IMD मानसून की आगे की वापसी के लिए मौसम में लगातार बने बदलाव, वातावरण में घटती नमी और सूखे मौसम को देखता है.

पूरे देश से मानसून की वापसी के लिए 1 अक्टूबर के बाद बनने वाले व्यापक वायुमंडलीय बदलाव भी अहम होंगे. इस दौरान दक्षिण पश्चिमी हवाओं का प्रभाव कम होने लगता है और मौसम का मिजाज धीरे धीरे बदलता है. ऐसे में उत्तर पश्चिम भारत में साफ आसमान और कम बादल यह जरूर संकेत दे रहे हैं कि मानसून की विदाई शुरू हो चुकी है, लेकिन देश के बाकी हिस्सों से यह अभी पूरी तरह नहीं गया है.

फिलहाल सैटेलाइट तस्वीरें यही बता रही हैं कि मानसून की वापसी तेजी से आगे बढ़ रही है और देश के कई हिस्से अब बारिश वाले मौसम से निकलकर मानसून के बाद वाले मौसम की ओर बढ़ रहे हैं.

(ये भी पढ़ेंः अंतरिक्ष में ये क्या था? SpaceX की LIVE स्ट्रीम में दिखा अजीब निशान, UFO को लेकर छिड़ी चर्चा  )

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

उद्भव त्रिपाठी जी न्यूज डिजिटल में सब एडिटर हैं. वह जुलाई 2025 में जी न्यूज से जुड़े. साइंस और ऑटो-टेक की खबरें लोगों तक पहुंचाने का काम करते हैं. उन्होंने अब तक Samsung, Realme और  Vivo जैसे स्मार्टफोन्स के रिव्यू किए हैं. 2025 के बिहार चुनाव में इन्होंने लाइव खबरें चलाई थी जो लोगों को काफी पसंद आई थी. इनकी खबरें काफी भरोसेमंद होती हैं. इससे पहले वे हरिभूमि में काम कर चुके हैं. जहां उन्होंने टेक, एक्सप्लेनर और देश दुनिया पर भी काम किया. इनकी पढ़ाई की बात करें तो इन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मॉस कम्यूनिकेशन में PG कर रखा है. अगर आपको इनसे बात करनी है, तो आप udbhavtripaathi@gmail.com पर जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES