900 साल पुराना इतिहास, खोलेगा रोहिंग्याओं की पहचान का राज, BHU-ढाका यूनिवर्सिटी के रिसर्च में बड़ा खुलासा
रोहिंग्या कौन हैं, कहां से आए, कहां से उनकी उत्पत्ति हुई? ये ऐसे सवाल हैं, जिनके जवाब लंबे वक्त से ढूंढने की कोशिशें चल रही हैं. अब बीएचयू और ढाका यूनिवर्सिटी समेत अन्य कई संस्थानों ने इस पर रिसर्च की है.
पूरी दुनिया में रोहिंग्या मुसलमानों की पहचान और मूल उत्पत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद और असमंजस बना हुआ है. म्यांमार से लेकर भारत तक रोहिंग्या समुदाय की मौजूदगी और उनकी नागरिकता का सवाल लगातार चर्चा में रहा है. लेकिन, अब BHU और ढाका यूनिवर्सिटी के ज्वॉइंट रिसर्च से रोहिंग्या समुदाय के इतिहास और आनुवंशिक उत्पत्ति को समझने की दिशा में अहम जानकारी सामने आई. शोध में कुल 2217 DNA सैंपल की जांच की गई है. DNA विश्लेषण में 59 प्रतिशत आनुवंशिक संबंध बांग्लादेशी आबादी से और 41 प्रतिशत दक्षिण-पूर्व एशियाई आबादी से जुड़ा बताया गया है.
सबसे अहम बात यह है कि यह शोध रोहिंग्या समुदाय की पहचान से जुड़े एक बड़े ऐतिहासिक सवाल पर नई रोशनी डालता है. म्यांमार में लंबे समय से रोहिंग्या समुदाय को नागरिकता और पहचान के संकट का सामना करना पड़ रहा है. 1982 के नागरिकता कानून के बाद से उनकी नागरिकता का मुद्दा और गंभीर हुआ है. म्यांमार से विस्थापित होकर लाखों रोहिंग्या बांग्लादेश में शरण ले चुके हैं. भारत में भी रोहिंग्या शरणार्थियों की मौजूदगी है.
भारत में कितने रोहिंग्या?
भारत में 40 हजार से ज्यादा रोहिंग्या होने का आंकड़ा विभिन्न रिपोर्टों में सामने आता रहा है, हालांकि UNHCR के जून 2026 के आंकड़ों में भारत में रजिस्टर्ड रोहिंग्या शरणार्थियों और शरण मांगने वालों की संख्या 22,400 बताई गई है.
UNHCR के अनुसार, म्यांमार के भीतर दिसंबर 2025 तक लगभग 5.19 लाख रोहिंग्या स्टेटलेस थे. ऐसे में BHU और ढाका यूनिवर्सिटी का यह शोध रोहिंग्या समुदाय के ऐतिहासिक मूल और दक्षिण एशिया से उसके संबंधों को समझने के लिए अहम माना जा रहा है. हालांकि, यह शोध नागरिकता या किसी देश की कानूनी राष्ट्रीयता तय नहीं करता. DNA से आनुवंशिक इतिहास का पता चलता है, कानूनी नागरिकता का नहीं. शोध से रोहिंग्या समुदाय के इतिहास को लेकर वैज्ञानिक बहस को नया आधार जरूर मिला है. इससे भविष्य में उनकी पहचान और ऐतिहासिक दावों पर चर्चा को दिशा मिल सकती है.
पहली बार, 10 संस्थानों के 12 वैज्ञानिकों की एक बड़ी ग्लोबल जीनोमिक स्टडी ने रोहिंग्या समुदाय पर पहला बड़ा डीएनए रिसर्च पूरा किया है. इस टीम में मुख्य रूप से जेनेटिसिस्ट और भाषाविद शामिल थे. रिसर्च से पता चला है कि रोहिंग्या लोग आनुवंशिक रूप से मुख्य रूप से पूर्वी दक्षिण एशिया से जुड़े हैं, जिसकी पुष्टि भाषाई विश्लेषण से भी होती है. यह भी देखा गया कि म्यांमार के अराकान क्षेत्र में लंबे समय तक रहने के बावजूद, पड़ोसी तिब्बती-बर्मी भाषा बोलने वाले समुदायों के साथ उनका कुछ हद तक, लेकिन साफ जीनोमिक मिक्स हुआ है.
रिसर्च में क्या सामने आया?
पड़ोसी बांग्लादेशी आबादी की तुलना में, उनमें पूर्वी/दक्षिण-पूर्वी एशियाई मूल का अंश ज्यादा है. इसके अलावा, उनके DNA में पहचाने गए कुछ खास जीन यह संकेत देते हैं कि उन्होंने खुद को स्थानीय पर्यावरणीय परिस्थितियों के मुताबिक ढाल लिया है.
इस रिसर्च में BHU वाराणसी, ढाका यूनिवर्सिटी (बांग्लादेश), टार्टू यूनिवर्सिटी (एस्टोनिया), CDFD हैदराबाद, KU ल्यूवेन (बेल्जियम), बारी यूनिवर्सिटी (इटली), ट्रिनिटी कॉलेज डबलिन, कलकत्ता यूनिवर्सिटी और बर्न यूनिवर्सिटी (स्विट्जरलैंड) के वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया.
बांग्लादेश के आपदा प्रबंधन और राहत मंत्रालय से इजाजत लेने के बाद, DNA वैज्ञानिक गाजी नूरुन नहार सुल्ताना ने बांग्लादेश के कॉक्स बाजार कैंप में 25 रोहिंग्या लोगों के रक्त के नमूने एकत्र किए. तुलना करने के मकसद से, 27 बांग्लादेशी मुसलमानों, 9 बांग्लादेशी हिंदुओं और 'बॉम' जनजाति के 9 सदस्यों के भी नमूने लिए गए. इन आंकड़ों की तुलना यूरेशिया के 2,217 लोगों की आनुवंशिक जानकारी से की गई.
ढाका विश्वविद्यालय की मेन रिसर्चर गाजी नूरुन नहार सुल्ताना के मुताबिक, शुरुआती DNA विश्लेषण से पता चला है कि रोहिंग्या लोग दक्षिण एशियाई समूहों के सबसे करीब एक समूह (क्लस्टर) बनाते हैं. हालांकि, वे दक्षिण एशिया और पूर्वी/दक्षिण-पूर्वी एशिया के बीच थोड़े झुके हुए दिखाई देते हैं, लेकिन उनका मूल पूर्वज आधार दक्षिण एशियाई ही था.
मुसलमानों की तुलना में हिंदुओं की आबादी भारत में बढ़ेगी या घटेगी? क्या कहती है प्यू की स्टडी
उत्तर भारत जैसी वंशावली
मुख्य लेखक प्रज्वल प्रताप सिंह ने बताया,'मॉडल-आधारित सांख्यिकीय विश्लेषण से पता चला है कि रोहिंग्या लोगों में लगभग 59 प्रतिशत 'कोल-संबंधित' (उत्तर भारतीय जैसी) वंशावली है और लगभग 41 प्रतिशत वंशावली बर्मी स्रोतों से जुड़ी है. पड़ोसी बांग्लादेशी मुस्लिम समूह में भी लगभग ऐसा ही अनुपात (करीब 69 प्रतिशत और 31 प्रतिशत) देखा गया. ये परिणाम बताते हैं कि रोहिंग्या लोगों के DNA में म्यांमार के लोगों के DNA का मिश्रण है.'
टीम ने DNA डेटा के आधार पर इस मिश्रण के समय का भी पता लगाया. रोहिंग्या आबादी में दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशियाई घटकों का यह मिश्रण 701 से 974 साल पहले हुआ था. इससे साफ होता है कि रोहिंग्या लोग कम से कम पिछले 1,000 वर्षों से अराकान घाटी (म्यांमार) में रह रहे हैं.
'होमोजायगोसिटी' के विश्लेषण से पता चलता है कि रोहिंग्या लोग कभी भी बहुत छोटे या केवल अपने ही समूह के भीतर विवाह करने वाले समुदाय के रूप में नहीं रहे. उनकी प्रभावी जनसंख्या का आकार काफी बड़ा रहा, जो बांग्लादेशी और भारतीय जाति समूहों में देखे गए पैटर्न के समान है.
जेनेटिक्स से न केवल यह पता चलता है कि पूर्वज कहां से आए थे, बल्कि यह भी पता चलता है कि किसी समूह के जीनोम के कुछ हिस्से दूसरों की तुलना में ज्यादा तेजी से कैसे विकसित होते हैं.