एक्ट्रेस के कपड़ों पर उंगली उठाने वाला मौलाना POCSO के तहत अरेस्ट, नाबालिग से कई बार दरिंदगी, एकेडमी सील
इस्लामिक धर्मगुरु मुहम्मद नियास जुहारी दो अलग-अलग वजहों से चर्चा में है. करीब एक हफ्ते पहले उसने मुस्लिम एक्ट्रेस नजरिया नाजिम के कपड़ों पर टिप्पणी की थी और अब नाबालिग से यौन शोषण के मामले में अरेस्ट किया गया है.
मौलाना मुहम्मद नियास जुहारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सोशल मीडिया पर 'उस्ताद' के नाम से मशहूर इस मौलाना पर 16 साल की नाबालिग लड़की से यौन शोषण का संगीन आरोप है. POCSO एक्ट के तहत दर्ज इस मामले में केरल की कोल्लम पुलिस ने इस इस्लामिक धर्मगुरु को गिरफ्तार किया है. यह वही मौलाना है, जिसने करीब एक हफ्ते पहले मलयालम एक्ट्रेस नजरिया नाजिम के कपड़ों पर टिप्पणी करके सुर्खियां बटोरी थीं.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओचिरा स्थित 'हबीबिया इस्लामिक एकेडमी' का डायरेक्टर है. 34 साल के मौलाना पर आरोप है कि उसने प्रार्थना और दुआ के जरिए बीमारी ठीक करने का झांसा देकर नाबालिग का कई बार यौन शोषण किया. जब लड़की की दादी अपनी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से राहत पाने के लिए मौलाना के पास पहुंची तो जुहारी ने भरोसा दिलाया कि वह दुआ और इबादत के जरिए बीमारी को पूरी तरह ठीक कर देगा.
आरोप है कि जुहारी ने परिवार को बताया कि दादी पर किसी बुरी आत्मा का साया है और उन्हें इससे छुटकारा दिलाने के लिए शुद्धीकरण की रस्म करनी होगी. पुलिस का दावा है कि इसी बहाने उसने परिवार का भरोसा जीता और कथित तौर पर कई बार नाबालिग का यौन शोषण किया और फिर उसे डराया-धमकाया. 16 साल की लड़की के साथ अक्टूबर और नवंबर 2025 के दौरान यह सब कुछ हुआ, जिसके बाद पीड़िता ने आखिरकार अपनी सहेलियों को जानकारी दी और फिर मामला पुलिस तक पहुंचा.
पुलिस पूछताछ में कबूला गुनाह, एकेडमी सील
पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को उसके संस्थान से ही दबोचा. पूछताछ के दौरान मौलाना ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. पुलिस को शक है कि आरोपी ने अन्य नाबालिगों को भी निशाना बनाया हो सकता है, इसलिए जांच अधिकारियों ने उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसकी जांच की जा रही है, ताकि पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें.
पुलिस ने 'हबीबिया इस्लामिक एकेडमी' को सील कर दिया है. इस धार्मिक स्कूल में 40 बच्चे पढ़ रहे थे, जिन्हें अब प्रशासन की ओर से काउंसलिंग दी जाएगी. पुलिस के मुताबिक, आरोपी इस संस्थान की आड़ में नाबालिग लड़कियों का शोषण कर रहा था.
एक्ट्रेस नजरिया की ड्रेस पर उठाए थे सवाल
गिरफ्तार मौलाना मुहम्मद नियास जुहारी ने करीब एक हफ्ते पहले साउथ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस नजरिया नाजिम की ड्रेस पर सवाल खड़े किए थे. 28 अक्टूबर को दुबई में एक प्रमोशनल इवेंट में नजरिया शामिल हुई थीं. वह अपनी आने वाली फिल्म के प्रमोशन के लिए वहां पहुंची थीं. इस दौरान उन्होंने पीले रंग की ऑफ-शोल्डर ड्रेस पहनी थी.
उनकी इस ड्रेस को लेकर मौलाना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उसने मुस्लिम फिल्म एक्ट्रेस बताते हुए उनके पहनावे को 'अनुचित' करार दिया था. मौलाना ने एक्ट्रेस के पति और फिल्म इंडस्ट्री से उनके जुड़ाव पर भी टिप्पणी की थी.
इंस्टाग्राम पर रील बनाकर जुहारी ने सवाल उठाया कि आखिर एक्ट्रेस के धार्मिक आचरण का क्या मतलब है? उसने फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को धार्मिक बातें समझाने की तुलना एक ऐसे शख्स को समझाने से की, जो नशे में धुत्त हो और जिसे शराब पीने से पहले 'बिस्मिल्लाह' पढ़ने की सलाह दी जा रही हो. मौलाना ने नजरिया के कपड़ों को गलत बताया था. साथ ही यह भी सवाल किया था कि मुस्लिम अभिनेत्रियों के कपड़ों पर ही सवाल क्यों उठाए जाते हैं, जबकि पुरुष कलाकारों के धार्मिक कर्तव्यों को लेकर ऐसी चर्चा नहीं होती.