टेरर इकोसिस्टम पर प्रहार: राजौरी में आतंकी हैंडलर पर बड़ा वार, PoK में बैठे अरशद की 81 लाख की प्रॉपर्टी कुर्क
आतंकवाद के खिलाफ एक निर्णायक कार्रवाई करते हुए, जम्मू-कश्मीर की पुलिस ने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) स्थित एक आतंकी हैंडलर की 81 लाख की अचल संपत्ति को कुर्क किया है. इस हैंडलर का नाम मोहम्मद अरशद, पुत्र नूर हुसैन, निवासी खबलान, थानामंडी बताया जा रहा है.
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के इको सिस्टम से जुड़े तमाम लोगों की कमर तोड़ने के लिए पुलिस-प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. इस सिलसिले में राजौरी पुलिस ने पीओके में बैठकर आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने वाले हैंडलर मोहम्मद अरशद की लाखों रुपये की प्रॉपर्टी को कुर्क कर दिया है. मोहम्मद अरशद थानामंडी के खबलान इलाके का रहने वाला है. कुर्क की गई संपत्ति में खबलान गांव में खसरा नंबर 125, 128 और 160 के तहत आने वाली 2 कनाल 14 मरला जमीन शामिल है.
पीओके में बैठे 10 आतंकियों की संपत्ति कुर्क
यह कार्रवाई थानामंडी पुलिस स्टेशन द्वारा CrPC की धारा 87/88 के तहत की गई है, जो FIR नंबर 04/2011 (EIMCO एक्ट की धारा 2/3 के तहत दर्ज) से जुड़ी है. आतंकी नेटवर्क और उन्हें समर्थन देने वाले तंत्र के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत, राजौरी पुलिस ने अब तक पीओके में बैठे 10 आतंकी हैंडलरों की करोड़ों रुपये की संपत्ति कुर्क की है.
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आगे भी आतंकी नेटवर्क और उनसे जुड़े लोगों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई जारी रखने के अपने संकल्प को दोहराया है. राजौरी पुलिस ने कहा कि आतंकवादियों से किसी भी तरह का तालुक रखने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. आतंकवादी ड्रग्स यानी नशे का इस्तेमाल भी आतंकी गतिविधियों में कर रहे हैं. इसलिए पूरे राज्य में नशे के सौदागरों पर कानून की चाबुक चलाई जा रही है. ड्रग पैडलर्स दबोचे जा रहे हैं.
कुलगाम के गुनहगारों की तलाश जारी
इल बीच कुलगाम आतंकी हमले के दोषियों को दबोचने के लिए सेना और सुरक्षाबलों समेत एजेंसियां दबिश दे रही हैं. उस हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए थे. घायल जवानों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आतंकी हमले के बाद आतंकियों ने भागने की कोशिश की. कुलगाम क्विक रियेक्शन टीम ने फौरन मौके पर पहुंचकर पूरे इलाके को घेर लिया था. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा भी बुधवार को कुलगाम में मौजूद थे, हालांकि वह हमले वाली जगह के आसपास नहीं थे.
इसी दौरान जम्मू-कश्मीर में दो एसपीओ की हत्या के मामले की जांच भी जारी है. दोनों ऑन ड्यूटी लापता हुए थे. उनके शव बाद में बरामद हुए. उनके शरीर में गोलियों के निशान थे और हथियार भी गायब थे. इस बीच पाकिस्तान में मौजूद एक आतंकी गुट ने पाक फौज से बात की है. इस बीच जम्मू-कश्मीर में 100 के आस-पास आतंकियों के होने का अनुमान लगाया है. इसमें से 90 फीसदी पाकिस्तानी हैं. जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सुरक्षाबल आतंकियों की पड़ताल कर रहे हैं.