App

खरगे के बयान पर सियासतः कांग्रेस अध्यक्ष पर राजनाथ का पलटवार, बोले- PM मोदी पर ऐसी टिप्पणियों का जनता देगी जवाब

पीएम मोदी के पिता पर विवादित बयान को लेकर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को आड़े हाथों लिया है. रक्षामंत्री ने कहा कि स्तरहीन राजनीति अब कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच चुकी है.

खरगे के बयान पर सियासतः कांग्रेस अध्यक्ष पर राजनाथ का पलटवार, बोले- PM मोदी पर ऐसी टिप्पणियों का जनता देगी जवाब
Image Credit: रक्षामंत्री राजनाथ सिंह (File Photo- ANI)

पीएम मोदी के पिता पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के विवादित बयान को लेकर सियासी विवाद बढ़ता ही जा रहा है. बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष से मांफी मांगने की मांग की है. इसके लिए पार्टी आज देशभर में विरोध-प्रदर्शन कर रही है. इसी कड़ी में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी कांग्रेस अध्यक्ष को आड़े हाथों लिया है. राजनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री के पिता पर इस तरह की टिप्पणी निंदनीय है. रक्षामंत्री ने कहा कि मैं कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी को ऐसी टिप्पणियों से न तो विचलित किया जा सकता है और न ही जनसेवा के उनके संकल्प को कमजोर किया जा सकता है.

'कांग्रेस का वैचारिक पतन हुआ'

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की इस तरह की टिप्पणी उनकी हताशा को दिखाता है. आज कांग्रेस का राजनीतिक पतन के साथ-साथ वैचारिक पतन भी हो चुका है. उन्होंने कहा कि राजनीति का स्तर गिराने में कांग्रेस पार्टी हर रोज नया रिकॉर्ड बना रही है. उन्होंने कहा कि नेताओं की ओर से पहले भी पीएम मोदी पर विवादित टिप्पणी की जाती रही हैं. कल तक कांग्रेस के कुछ नेता प्रधानमंत्री की साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि का मजाक उड़ाते थे. उनकी माताजी के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते थे. आज वही स्तरहीन राजनीति कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंच चुकी है.

कांग्रेस को जनता देगी जवाब- राजनाथ

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए रक्षामंत्री ने कहा कि जनता सबकुछ याद रखती है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता हर बात का हिसाब रखती है और समय आने पर जवाब भी देती है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस खुद को देश की 'सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी' कहती है और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष की ओर से इस तरह की टिप्पणी से मैं हैरान हो गया. यह टिप्पणी कांग्रेस के किसी सामान्य कार्यकर्ता या किसी युवा नेता ने नहीं की. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने आचरण से करोड़ों देशवासियों की भावनाओं को आहत किया है.

राजनाथ ने माफी मांगने को कहा

राजनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष से माफी मांगने की मांग करते हुए कहा कि अपनी गलती स्वीकार करके माफी मांगने के बजाय अब कांग्रेस पार्टी के नेता इसे सही ठहराने में लगे हुए हैं. वे अब खरगे के शब्दों को जस्टिफाई कर रहे हैं. पूरी कांग्रेस पार्टी इस बयान को सही ठहराने में जुटी है. रक्षामंत्री ने कहा कि ऐसा करके कांग्रेस पार्टी देश के करोड़ों लोगों की भावनाओं को आहत कर रही है. जनता उन्हें चुनावों में सबक सिखाने का काम करेगी.

रिपोर्ट- आईएएनएस

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

K. Raj Mishra

K. Raj Mishra

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More