App

'2029 तक नशा मुक्त बनाएंगे पंजाब', चुनाव से पहले अमित शाह ने किए कई बड़े वादे; कांग्रेस-AAP पर चुन-चुनकर प्रहार

मंगलवार (24 नवंबर) को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच गठबंधन का ऐलान हुआ है. एक बार फिर से दोनों दलों के साथ आने के बाद पंजाब में सियासी पारा हाई है.

'2029 तक नशा मुक्त बनाएंगे पंजाब', चुनाव से पहले अमित शाह ने किए कई बड़े वादे; कांग्रेस-AAP पर चुन-चुनकर प्रहार
Image Credit: अमित शाह का ऐलान- नशा मुक्त बनाएंगे पंजाब

पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी पारा हाई है. मंगलवार (24 नवंबर) को शिरोमणि अकाली दल (शिअद) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच करीब 6 साल बाद गठबंधन हुआ है. साल 2020 में दोनों दलों के बीच गठबंधन में दरार पड़ गई थी.

दरअसल, नई दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मौजूदगी में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने SAD और BJP के बीच गठबंधन का ऐलान किया. अमित शाह ने कहा कि पंजाब और पूरे देश में यह गठबंधन हिंदू-सिख भाईचारे का प्रतीक बनेगा.

एनडीए जारी करेगा घोषणा पत्र

अमित शाह ने इस पीसी को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी और अकाली दल पंजाब में कई प्रमुख विषयों को लेकर घोषणा पत्र जारी करेंगे. शाह ने कहा कि पंजाब से नशे का उन्मूलन हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा. राज्य से भ्रष्टाचार का उन्मूलन और राष्ट्रवादी शक्तियों को सशक्त करना भी हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा.

शाह ने इस दौरान कहा कि पंजाब में अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा. चुनाव दोनों दल मिलकर लड़ेंगे, लेकिन बड़े भाई की भूमिका में अकाली दल रहेगा और अकाली दल से ही मुख्यमंत्री रहेगा.

आप सरकार पर अमित शाह का निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमित शाह ने पंजाब की आम आदमी सरकार पर निशाना साधा. अमित शाह ने कहाकि केजरीवाल, पंजाब में तीन माह में नशा समाप्त करने का वादा देकर आए थे, लेकिन नशा समाप्त नहीं हुआ, बल्कि बढ़ा. पंजाब की वर्तमान सरकार वादाखिलाफी वाली सरकार है.

वहीं, उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा और कहा कि 2017 में राहुल गांधी ने उस कार्यकाल में नशा समाप्त करने का वादा किया था, लेकिन उनकी पार्टी ने नशे को समाप्त करने के लिए कुछ नहीं किया.

 

 

अमित शाह ने किया बड़ा वादा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अमित शाह ने वादा किया कि 31 दिसंबर, 2029 तक एनडीए पंजाब को पूर्णतया नशे से मुक्त कर देगा. उन्होंने कहा कि आगामी तीन महीने में पंजाब के किसानों की समस्या, पंजाब के आर्थिक विकास की चिंता और पंजाब के युवाओं के रोजगार की चिंता, इसके बारे में सुखबीर सिंह बादल और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच तीन महीने की लंबी चर्चा के बाद एक रोडमैप बना है. उस रोडमैप पर हमारे एनडीए की बनने वाली सरकार आगे बढ़ेगी.

पंजाब में परिवर्तन होगा

अमित शाह ने कहा कि जब भाजपा और अकाली दल साथ आ रहे हैं तो मुझे विश्वास है कि पंजाब की जनता का फैसला परिवर्तन लाएगा. मुझे भरोसा है कि पंजाब की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए को भारी बहुमत देगी और पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के फैसले का आशीर्वाद देगी. (इनपुट- आईएएनएस) 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

abhinav tripathi

abhinav tripathi

अभिनव त्रिपाठी जी न्यूज हिंदी में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं।  पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 साल से अधिक समय का अनुभव रखते हैं। डेस्क पर रियल टाइम की देश-विदेश की खबरों को कवर करते हैं। राष्ट्रीय राजनीति और अंतरराष्ट्रीय खबरों को लिखना पसंद है। वैश्विक घटनाक्रम के किसी भी जटिल मुद्दे को आसान भाषा में समझाना अच्छी तरीके से आता है। इससे पहले जागरण डॉट कॉम के साथ सब एडिटर के तौर पर काम कर चुके हैं।  करियर की शुरुआत एक सैटेलाइट चैनल से की थी। पत्रकारिता की पढ़ाई काशी विद्यापीठ वाराणसी से की है। 
Read More