)
पंजाब के मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 24 घंटे के अंदर हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के मुताबिक, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी राजस्थान के सालासर में छिपा हुआ था. पंजाब पुलिस ने उसे देर रात को धर दबोचा. अब उसे पंजाब लाने की तैयारी की जा रही है. यहां आरोपी को कोर्ट में पेश करके आगे की कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि 13 अक्टूबर को मानसा जिले में एंटी ड्रग-एक्टिविस्ट परमिंदर झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. स्थानीय मेडिकल स्टोर के मालिक अश्विनी कुमार पर झोटा की हत्या करने का आरोप लगा था. घटना के बाद से वह फरार था और पुलिस उसे लगातार तलाश कर रही थी.
नशा कारोबार का विरोध करने पर हुई हत्या!
बता दें कि परमिंदर झोटा, मानसा और आसपास के जिलों में नशीले पदार्थों के खिलाफ अभियान चला रहे थे. जानकारी के मुताबिक, कल यानी मंगलवार (13 अक्टूबर) को झोटा को जानकारी मिली थी कि अश्विनी की मेडिकल स्टोर से नशीली गोलियां बेची जा रही हैं. इस सूचना पर वह अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे थे. वहां उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालक से दवाएं दिखाने को कहा तो बहस हो गई थी. आरोप है कि मेडिकल स्टोर के संचालक अश्विनी ने गुस्से में अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से झोटा पर फायर दिया था. इस घटना में झोटा गंभीर रूप से घायल हुए थे, जबकि उन्हें साथियों को भी चोटें आई थीं.
आरोपी अश्विनी के एनकाउंटर की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां झोटा की मौत हो गई. मृतक परमिंदर सिंह झोटा की मां ने अश्विनी का एनकाउंटर किए जाने की मांग की है. पीड़ित मां ने कहा कि वह (परमिंदर झोटा) कहता था कि मेरे बहुत से दुश्मन हैं और वे मुझे मरवा देंगे. ड्रग माफिया को फांसी होनी चाहिए, उन्हें गोली मार देनी चाहिए. मां ने पुलिस पर भी हत्या की बात छुपाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने हमें बेटे की मौत के बारे में जानकारी तक नहीं दी.
कांग्रेस सांसद ने की परिवार से मुलाकात
कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने परविंदर सिंह झोटा के घर जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की. कांग्रेस सांसद ने दोषियो को सख्त से सख्त सजा दिए जाने के साथ-साथ पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने भगवंत मान सरकार पर भी जमकर हमला बोला.
#WATCH | Punjab: Congress MP Amarinder Singh Raja Warring visits the residence of Parvinder Singh Jhota - the anti-drug activist who was shot dead in Mansa yesterday. https://t.co/s55aJm97KP
— ANI (@ANI) October 14, 2026
CM मान पर फूटा पीड़ित मां का गुस्सा
इस घटना पर मृतक की मां ने सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ गुस्से का इजहार किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि मुख्यमंत्री की अपील के बाद मेरा बेटा ड्रग्स के खिलाफ अभियान में जुड़ा था. मैं उसे बहुत समझाती थी, लेकिन वह नहीं माना और आज दुनिया से चला गया. बता दें कि इससे पहले भी अलग-अलग जिलों में नशे के कारोबार का विरोध करने वालों की हत्या कर दी गई थी. मई 2026 में फगवाड़ा में वकील सिमरनजीत सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. वह नशा तस्करी के खिलाफ आवाज उठाते थे. हालांकि, पुलिस के अनुसार उनकी हत्या चचेरे भाई के साथ पैसे से संबंधित विवाद को लेकर की गई थी.