नशा तस्करी का विरोध, जान पर आई आफत: ATM जा रहे AAP सरपंच के पति पर दिनदहाड़े फायरिंग; पैर में गोली लगने से घायल
पंजाब के तरनतारन में एक महिला सरपंच और उसके पति पर हमला हुआ है. आरोप है कि सरपंच का परिवार नशे के खिलाफ मुहिम चला रहा था और गांव के ही कुछ लोगों को नशा बेचने से रोका था.
पंजाब के तरतारन से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पर नशा के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर फिर से सवाल खड़े हो रहे हैं. हालिया मामला खडूर साहिब विधानसभा क्षेत्र के गांव डालेके के मोड़ पर दिनदहाड़े फायरिंग की घटना ने लोगों को डरा दिया है. जानकारी के अनुसार, यहां पर आम आदमी पार्टी से जुड़ी महिला सरपंच मंजीत कौर के पति सुखबीर सिंह पर हमलावरों ने गोली चला दी.
हालांकि, गनीमत रही कि होली सुखबीर सिंह को छूकर निकल गई, जिससे वह जख्मी हो गए. उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें छुट्टी मिल गई है. इस घटना को लेकर महिला सरपंच ने बताया कि वह अपने पति के साथ एटीएम जा रही थी. इसी दौरान कुछ बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
फिर आरोपियों ने उनकी बाइक पर गोली चलाई और फिर हाथापाई शुरू कर दी. सरपंच ने कहा कि हमलावरों ने उनका मोबाइल भी छीन लिय, जिससे वह किसी को मदद के लिए न बुला पाएं. इसके बाद आरोपियों ने फिर से फायरिंग की, जिसमें सुखबीर सिंह गंभीर रूप से जख्मी हो गए. वहीं, हमलावर मौके से फरार हो गए.
नशा के खिलाफ छेड़ी थी मुहिम
घटना को लेकर महिला सरपंच मंजीत कौर ने आरोप लगाया कि गांव में कुछ लोग नशे का कारोबार करके हैं, जिसका वो और उनका परिवार काफी विरोध करता है. सरपंच ने कहा कि हमने पहले भी इस युवक को नशा बेचने से रोका था, जिस कारण परिवार को धमकियां मिल रही थी. अब उनके पति पर जानलेवा हमला हुआ है.
रंजिश के कारण बनाया गया निशाना
सरपंच का कहना है कि इसी रंजिश के कारण उनके पति को निशाना बनाया गया है. इसके अलावा उन्होंने पुलिस पर भी देरी से पहुंचने का आरोप लगाया. महिला सरपंच ने आरोपियों की जल्दी से गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है. बताया जा रहा है कि इस मामले में पुलिस ने बताया कि गोली लगने के कारण शख्स को गहरा घाव नहीं आया है और मामूली खरोंच आई हैं.
तरनतारन के एसएसपी ने बताया कि दोनों गुटों के बीच काफी पुरानी रंजिश है. पुलिस का कहना है कि सरपंच के पति पर हमला करने के मामले की जांच की जा रही है. मामले में 2 संदिग्धों की तलाश कर ली गई है और इनका आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है.
यह भी पढ़ें: LoC पर हलचलः कठुआ में मिला 'टॉय एयरप्लेन', संदिग्ध गुब्बारे से भेजा गया सीक्रेट संदेश! सुरक्षा एजेंसियां चौकन्ना
यह भी पढ़ें: स्कूल में पापा की बंदूक दिखा रौब दिखा रहा था छात्र, शो ऑफ के चक्कर में दबा ट्रिगर; क्लासमेट को लगी गोली से दहशत