SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

पंजाबः मोगा में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों का तांडव! ताबड़तोड़ फायरिंग में 2 की मौत, 4 घायल, इलाके में दहशत

स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने घर के बाहर बैठे लोगों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और 4 अन्य लोगों को गोली लगी है. उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है.

Written By K. Raj Mishra
Published: Oct 26, 2026, 07:38 AM IST | Updated: Oct 26, 2026, 08:08 AM IST
Image Credit: मोगा में स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने 2 लोगों की गोली मारकर हत्या की (Photo- ANI)
Join

पंजाब के मोगा में एक बार फिर से बदमाशों का तांडव देखने को मिला. यहां रविवार (25 अक्टूबर) को स्कॉर्पियो सवार बदमाशों की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. इस घटना में 2 लोगों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि 4 अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल देखने को मिल रहा है. फिलहाल, पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है.

मरने वाले दोनों एक ही परिवार के

प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आपसी रंजिश मान रही है. घटना में मरने वालों की पहचतान गगन जिंदल (30 वर्षीय) और साहिल जिंदल (40 वर्षीय) के रूप में हुई है. दोनों एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं. घटना को लेकर बताया जा रहा है कि रविवार शाम को एक दुकान के बाहर 6-7 लोग बैठे हुए थे. इसी दौरान स्कॉर्पियो गाड़ी से कुछ लोग वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे. हमले में दो लोगों की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि छर्रे लगने से 4 अन्य लोग भी घायल हो गए. इस घटना से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए.

पुलिस ने शुरू कर दी जांच

स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इस घटना की सूचना दी और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल में डॉक्टरों ने गगन और साहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि 4 अन्य का इलाज चल रहा है. वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से खाली खोखे बरामद किए हैं. घटना की गंभीरता को समझते हुए पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. फिलहाल, फायरिंग के कारणों और आरोपियों के बारे में और जानकारी का इंतजार है.

सीसीटीवी से खोजे जा रहे बदमाश

घटना को लेकर मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि काले रंग की स्कॉर्पियो से आए बदमाशों ने फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था. पुलिस घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है. इसके अलावा घायलों के बयान दर्ज करके भी छानबीन शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि पुलिस जल्द ही सारे अपराधियों को गिरफ्तार कर लेगी. 

मान सरकार पर विपक्ष का हमला

उधर, इस घटना को लेकर विपक्ष ने मान सरकार पर जोरदार हमला बोला है. कांग्रेस पार्टी के पंजाब प्रभारी सचिन पायलट ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि मोगा में खुलेआम गोलीबारी की घटना के बारे में जानकर बेहद चिंता हुई. पंजाब में हालात की यह दुखद स्थिति केवल कानून-व्यवस्था का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह शासन, सार्वजनिक सुरक्षा और जवाबदेही के गहराते संकट को दर्शाती है, जिस पर तत्काल ध्यान देने की जरूरत है. वहीं, शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने एक्स पर लिखा कि मोगा में गोलीबारी की घटना बेहद भयावह है. अंगदपुरा युद्ध के मैदान में तब्दील हो गया, जहां गैंगस्टरों ने अंधाधुंध फायरिंग की. निर्दोष लोग गंभीर रूप से घायल हैं और जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें- जज के नाबालिग बेटे ने मर्सिडीज कार से फूड स्टॉल चलाने वाले को रौंदा, पीड़ितों के इंसाफ मांगने पर दिखाई धौंस!

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

कर्मराज मिश्रा ज़ी न्यूज (डिजिटल) टीम में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. वे यहां देश-विदेश की राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लिखते हैं. कानपुर यूनीवर्सिटी से पत्रकारिता में मास्टर की डिग्री हासिल करके IBN-7 न्यूज चैनल से इंटर्नशिप की. इसके बाद खबर फास्ट, नेशन लाइव और साधना न्यूज न्यूज चैनलों में काम करने के बाद डिजिटल का रुख किया और 2017 से 2020 तक हिंदुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी में बतौर सीनियर सब एडिटर काम किया. इसके बाद News Nation, India Ahead के बाद वर्तमान में Z Media का हिस्सा हैं. मीडिया में 10 साल के कार्यकाल के दौरान यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़ और दिल्ली विधानसभा चुनावों के अलावा 2019 और 2024 का लोकसभा चुनाव कवर किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES