SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जन्मदिन पर आडवाणी के घर पहुंचे मोदी: बताया- कैसे रथ यात्रा से लेकर सियासी फैसलों तक बदल गया देश का इतिहास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के सीनियर नेता एलके आडवाणी के आवास पर पहुंचे. आज उनका 99वां जन्मदिन है. इसके अलावा यह दिन दिवाली की वजह से और खास हो जाता है.

Written By Tahir Kamran
Published: Nov 08, 2026, 08:01 PM IST | Updated: Nov 08, 2026, 08:12 PM IST
Image Credit: एलके आडवाणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात की पुरानी तस्वीर
Join

भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता एलके आडवाणी आज 100वें वर्ष में दाखिल हो चुके हैं. आज उनका 99वां जन्मदिन है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें जन्मदिन की मुबारकबाद पेश की. इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके राजनीतिक योगदान, विचारधारा और संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका को याद किया. इसके अलावा उनके अलग-अलग तरह के योगदान के साथ-साथ उनकी सादगी, ईमानदारी और नैतिक शुचिता को लेकर भी अपने विचार रखे.

पीएम मोदी ने प्रमुख समाचार पत्रों में प्रकाशित अपने लेख में कहा कि आडवाणी ने बीजेपी को 'राष्ट्र सर्वोपरि' के सिद्धांत पर आधारित एक मजबूत नींव दी. उनके मुताबिक, आडवाणी की वैचारिक स्पष्टता और बौद्धिक तीक्ष्णता ऐसी खूबियां हैं, जो उन्हें दूसरे नेताओं से अलग बनाती हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने लेख में कहा,'एलके आडवाणी ने लंबे समय तक भारतीय राजनीति में प्रचलित छद्म-धर्मनिरपेक्षता की राजनीति को चुनौती दी. बीजेपी को एक मजबूत राजनीतिक संगठन और राष्ट्रीय विकल्प के रूप में स्थापित करने में उनका अहम योगदान रहा है.

आडवाणी के नेतृत्व में बीजेपी ने हासिल की बड़ी राजनीतिक कामयाबी

पीएम मोदी ने आडवाणी के बीजेपी अध्यक्ष के रूप में कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पार्टी ने कई अहम राजनीतिक उपलब्धियां हासिल कीं. साल 1989 में कांग्रेस की सीटें 400 से घटकर 200 से भी नीचे आ गईं. वहीं, 1996 में बीजेपी पहली बार लोकसभा में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी.

प्रधानमंत्री ने 1991 के लोकसभा चुनाव का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उस चुनाव में आडवाणी ने दो सीटों से चुनाव लड़ा था, जिनमें गांधीनगर भी शामिल थी. मोदी ने कहा कि उस समय उन्होंने आडवाणी के नामांकन पत्र तैयार करने में मदद की थी और उनके चुनाव प्रचार में भी सहयोग दिया था. इस अनुभव को याद करते हुए उन्होंने आडवाणी के साथ अपने पुराने राजनीतिक संबंधों का उल्लेख किया.

सोमनाथ से अयोध्या रथ यात्रा को बताया ऐतिहासिक

प्रधानमंत्री मोदी ने आडवाणी की सोमनाथ से अयोध्या तक निकाली गई रथ यात्रा को भारतीय राजनीति की ऐतिहासिक घटना बताया. उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने भारतीय समाज को एक नई दिशा देने में भूमिका निभाई. यह यात्रा देश के राजनीतिक और सामाजिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुई.

मोदी ने आडवाणी के गृह मंत्री के रूप में किए गए कामों की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि देश के सबसे लंबे समय तक गृह मंत्री रहने वालों में शामिल आडवाणी ने राष्ट्रीय सुरक्षा के ढांचे को मजबूत करने के लिए कई अहम कदम उठाए. उन्होंने सुरक्षाकर्मियों के जीवन और कामकाज की परिस्थितियों को बेहतर बनाने पर जोर दिया. साथ ही, देश में आतंकवाद के खिलाफ सख्त कानून बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES