'एक भारतीय ने 9/11 जैसी घटना होने से बचा लिया', PM Modi ने कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से की बात; राष्ट्रपति ने भी की सराहना
यूपीएससी के के शताब्दी समारोह में बोलते हुए पीएम मोदी ने फ्लाईदुबई के कैप्टन पायलट स्मित मच्छार की तारीफ की. उन्होंने कहा कि कैप्टन मच्छार ने एक और 9/11 होने से बचा लिया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (01 अक्टूबर) को फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से फोन पर बात की. पीएम मोदी ने इस दौरान मच्छार की पत्नी, उनके माता-पिता से बात करते हुए भारतीय कैप्टन की तारीफ की. पीएम ने इस दौरान उन्होंने कहा कि कैप्टन के साहस ने सैकड़ों लोगों की जान बचाई. इसके साथ ही उन्होंने परिवार को भरोसा दिया कि भारतीय मिशन उनकी हर संभव मदद की कोशिश करेगा.
दरअसल, फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में बुधवार को बीच हवा में ऐसी स्थिति पैदा हो गई, जिसने दुनिया को हिला कर रख गिया. दुबईफ्लाई एयरलाइन का ये विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था. इस दौरान कॉकपिट में पायलटों के बीच विवाद हुआ और को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया. इसके बाद भी मच्छार ने कॉकपिट का दरवाजा खोला और फिर क्रू मेंबर की मदद से हमलावर को काबू में किया गया और विमान सुरक्षित तरीके से सऊदी अरब में लैंड कर पाया.
अस्पताल में चल रहा स्मित का उपचार
पायलट स्मित मच्छार ताबुक शहर के एक अस्पताल में भर्ती हैं और उनका जरूरी इलाज चल रहा है. खबर लिखे जाने तक आई उनकी हेल्थ रिपोर्ट के अनुसार, वह चिकित्सकों की निगरानी में हैं और उनकी स्थिति स्थिर है. रियाद स्थित भारतीय दूतावास और जेद्दा स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास सऊदी अधिकारियों के संपर्क में हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मच्छार के परिवार को आश्वास दिया है कि मदद के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा.
पीएम ने मच्छार को बताया 'हीरो'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में आयोजित UPSC के शताब्दी समारोह में हिस्सा लिया. इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कैप्टन स्मित मच्छार की जमकर तारीफ की. पीएम मोदी ने कहा कि स्मित की इस उपलब्धि पर हमें गर्व है। आज मैंने उनके पिता भूपेंद्र, उनकी मां गीता और उनकी पत्नी सोनल से भी बात की। अभी उनका इलाज चल रहा है। आज पूरी दुनिया को उन पर गर्व है। मैं अपने देशवासियों से अपील करता हूं कि वे स्मित की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करें और स्मित को सलाम करें, जिन्होंने भारत का मान बढ़ाया है. पीएम ने कहा कि एक हिंदुस्तानी ने 9/11 होने से दुनिया को बचा लिया. यह हमारे लिए गर्व की बात.
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन मच्छार के साहस की सराहना की थी. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया और लिखा कि कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं. सबसे बड़े खतरे का सामना करते हुए और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद, उन्होंने दूसरों की जान बचाने के लिए बहुत हिम्मत और अटूट संकल्प दिखाया. उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई.
राष्ट्रपति मुर्मू ने की कैप्टन स्मित की तारीफ
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से लेकर केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ तक ने कैप्टन की वीरता को सलाम किया है और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि देश को कैप्टन स्मित मच्छार पर गर्व है. उनकी वीरता और मुश्किल समय में सूझ-बूझ ने हम सभी का दिल जीत लिया है. गंभीर खतरे के बीच बुरी तरह घायल होने के बावजूद, वे दूसरों की जान बचाने के लिए डटे रहे. उनकी बहादुरी और तुरंत कार्रवाई ने एक बड़ी त्रासदी को टालने और कई कीमती जानें बचाने में मदद की. मैं उनके अदम्य साहस को सलाम करती हूं. मैं उनके जल्द ठीक होने और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं.
केंद्रीय मंत्रियों ने कैप्टन की जमकर की प्रशंसा
वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पोस्ट में लिखा कि पूरा देश कैप्टन स्मित मच्छरा के साथ खड़ा है और उनके असाधारण साहस पर गर्व करता है. अपनी जान जोखिम में डालकर, उन्होंने कर्तव्य और सेवा की सर्वोच्च परंपराओं का पालन किया और विमान में सवार सभी लोगों की जान बचाने में मदद की.
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कैप्टन को सच्चा हीरो बताया. उन्होंने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार, हर मायने में एक सच्चे हीरो. जबरदस्त हमले का सामना करते हुए, गंभीर रूप से घायल होने और अपने विमान के अचानक 14,000 फीट नीचे गिरने के बावजूद, उन्होंने अदम्य साहस के साथ मुकाबला किया, विमान पर फिर से नियंत्रण हासिल किया और 174 लोगों की जान को निश्चित तबाही से बचाया.(इनपुट- आईएएनएस)
यह भी पढ़ें: Ground Report: जांबाज मच्छार की दिलेरी की कहानी, जानिए दोस्त की जुबानी