Rojgar Mela: पीएम मोदी ने शनिवार ( 19 सितंबर 2026) को 20वें रोजगार मेले में कई सरकारी संगठनों में 51 हजार से ज्यादा नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे.
पीएम मोदी ने इस मौके पर चुने गए नए उम्मीदवारों को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत का युवा हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है. अब सरकार में रहते हुए आपकी जिम्मेदारी है कि युवाओं की आकांक्षाओं को समझते हुए अपने काम को बखूबी निभाएं.
प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोजगार मेले का उद्घाटन किया.
#WATCH | Delhi: Prime Minister Narendra Modi says, "Today, India is a rapidly growing major economy. In the first quarter of this financial year, India's growth rate stood at 7.8 percent. Investment has seen an increase of nearly 12 percent. Rating agencies are upgrading India's… https://t.co/eelZ4sci0h pic.twitter.com/oXDgjqoPX0
— ANI (@ANI) September 19, 2026
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि देश में त्योहारों का समय शुरू हो चुका है. इन खुशियों के बीच आज का दिन हजारों परिवारों के जीवन में एक नई खुशी लेकर आया है. आज देश के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं के लिए नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं. आज आप जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसके पीछे आपकी मेहनत तो है ही, इसके साथ ही आपके माता-पिता और आपके परिजनों की भी तपस्या है.
पीएम मोदी ने कहा कि मैं आप सभी युवा साथियों को और आपके परिवारजनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं. जीवन की इस नई शुरुआत के लिए मैं सभी को शुभकामनाए भी देता हूं. आज आप सभी एक ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़े हैं, जब देश एक बहुत बड़े लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है. ये लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत बनाने का है. इसमें आप जैसे युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है. सरकार में रहते हुए आपको हर वो फैसला लेना है, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को निरंतर सशक्त करे.
उन्होंने कहा कि युवा होने के नाते विशेष तौर पर अन्य युवाओं के प्रति आपकी विशेष जिम्मेदारी है. आज आप देख रहे हैं कि हमारे युवाओं के टैलेंट और स्किल्स ने पूरी दुनिया का भरोसा जीता है. दुनिया को हमारे इनोवेटर, उद्यमी और हमारी युवाशक्ति से बहुत उम्मीदें हैं. इसी बीच, प्रधानमंत्री मोदी ने एक कविता पढ़ते हुए कहा,' सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो. नाव हमारी हो, नाविक भी हमारा हो. लहरों पर विजय लिखें, वो हौसला हमारा हो.' उन्होंने कहा कि आज भारत का युवा इसी हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है. अब आप सभी की भारत सरकार में रहते हुए ये जिम्मेदारी है कि देश के युवाओं की आकांक्षाओं को समझते हुए आप अपने काम को बखूबी निभाएं. (इनपुट-IANS)