SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

धरने के बाद आमरण अनशन: ‘SSP को हटाओ, तभी लूंगा अन्न-जल...’, परमिंदर झोटा के पिता का ऐलान, PGI में पोस्टमार्टम

पंजाब से आई खबर के मुताबिक परमिंदर का शव पोस्टमार्टम के लिए शुक्रवार को चंडीगढ़ पीजीआई लाया गया. इस बीच पीड़ित पिता भीम सिंह ने सरकार की ओर से घोषित मुआवजा और नौकरी लेने से इनकार कर दिया है. इसके साथ ही उन्होंने मानसा SSP के तबादले की मांग को लेकर आमरण अनशन शुरू किया है.

Written By Shwetank Ratnamber
Published: Nov 06, 2026, 12:18 PM IST | Updated: Nov 06, 2026, 01:05 PM IST
Image Credit: (ANI)
Join

पंजाब में नशा मुक्ति कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा के अंतिम संस्कार से पहले पीड़ित पिता ने अपनी एक मांग को लेकर अन्न-जल त्यागने का ऐलान किया है. इससे पहले शुक्रवार को कई दिनों से चल रहे गतिरोध टूटने और धरना प्रदर्शन खत्म होने के बाद परविंदर का शव पोस्टमार्टम के लिए चंडीगढ़ पीजीआई लाया गया. इसी दौरान उनके पिता ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली पंजाब सरकार से किसी भी तरह की मदद लेने से इनकार कर दिया है. उन्होंने अपने परिवार के सम्मान की बात को लेकर अन्न-जल त्यागने यानी आमरण अनशन पर बैठने का संकल्प लिया है. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, 'जब तक कि मानसा के एसएसपी को नहीं बदला जाता, तब तक वे कुछ भी नहीं खाएंगे.' 

मानसा में एंटी-ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड के 23वें दिन परिवार पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुआ था. हालांकि, अंतिम संस्कार किस दिन किया जाएगा, यह अभी साफ नहीं हुआ है. 

 मामले ने पकड़ा तूल

इस तरह मानसा के ड्रग्स एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के मामले में बीते तीन हफ्तों से जारी धरने के खत्म होने के बाद मामले ने फिर से तूल पकड़ लिया है. इससे पहले पंजाब सरकार और परविंदर सिंह झोटा के परिवार के बीच मांगों को लेकर सहमति बनने का दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के इस्तीफे की मांग को छोड़कर परिवार की बाकी सभी मांगें मान ली गई हैं. इसके बाद संघर्ष कमेटी ने धरना खत्म करने पर सहमति जताई थी.

कब और कैसे हुई थी परविंदर की मौत

दवा की दुकानों पर नशीली दवाओं की गैर-कानूनी बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जाने जाने वाले झोटा की पंजाब के मानसा में एक व्यस्त बाजार में एक मेडिकल स्टोर के अंदर दिनदहाड़े गोली मार कर हत्या कर दी गई थी. बताया गया कि झोटा मेडिकल स्टोर पर कथित तौर पर नशीली दवाओं की बिक्री का विरोध करने पहुंचे थे. इसी दौरान उन्हें गोली मार दी गई. 13 अक्टूबर को हुई इस वारदात ने एक बार फिर पंजाब में नशा माफिया के एक्टिव होने और युद्ध नशिया दे विरुद्ध जैसे अभियानों की पोल खोल कर रख दी थी.

सीबीआई कर रही मामले की जांच

इस हत्याकांड की जांच सीबीआई को सौंपी गई थी. झोटा के शव का पोस्टमार्टम 6 नवंबर को हो रहा है.  पार्थिव शरीर को चंडीगढ़ भेजने से पहले सीबीआई की टीम वहां मौजूद थी और परविंदर झोटा के पिता भीम सिंह की उपस्थिति में धरना स्थल पर आत्मा की शांति के लिए अरदास भी हुई थी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

श्वेतांक रत्नाम्बर वरिष्ठ पत्रकार हैं, जिन्हें टीवी और डिजिटल न्यूज़ मीडिया में 22 वर्षों से ज्यादा का व्यापक अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News (Hindi) की डिजिटल टीम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय (देश-दुनिया) खबरों की डेस्क पर कार्यरत हैं. समसामयिक मुद्दों, वैश्विक राजनीति और कूटनीति पर गहरी समझ रखने वाले श्वेतांक जटिल अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और राजनीतिक समीकरणों का सटीक विश्लेषण करने के विशेषज्ञ हैं.Zee News डिजिटल से पहले उन्होंने ज़ी मीडिया नेटवर्क के ग्लोबल न्यूज़ चैनल 'WION' के साथ काम किया है. इस दौरान उन्होंने 'Gravitas', 'The West Asia Post' और 'One Africa' जैसे कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्राइम-टाइम शोज़ के हिंदी प्रोडक्शन और इंटरप्रिटेशन में अहम भूमिका निभाई. 2004 से शुरू हुए अपने पत्रकारिता करियर में श्वेतांक ने रिपोर्टिंग और एंकरिंग के साथ-साथ चार लोकसभा और कई राज्यों के विधानसभा चुनावों की व्यापक ग्राउंड कवरेज की है.जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI), नई दिल्ली से जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा के बाद मास कम्युनिकेशन और पॉलिटिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री हासिल करने वाले श्वेतांक लंबे समय से 'प्रेस क्लब ऑफ इंडिया' (PCI) के सम्मानित सदस्य हैं.आप श्वेतांक रत्नाम्बर से सीधे shwetank.ratnamber@india.com पर ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), मेटा (फेसबुक) और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.' 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES