पहलगाम आतंकी हमले का 'चाइनीज कनेक्शन'! GoPro कैमरे की इस एक जानकारी पर क्यों चुप है ड्रैगन?
पहलगाम आतंकी हमले की जांच में बरामद GoPro कैमरे से जुड़े तकनीकी तथ्यों और संभावित सीमा पार कनेक्शन पर सुरक्षा एजेंसियों की पड़ताल जारी है. जानें इस मामले से जुड़ी अब तक की आधिकारिक जानकारी और जांच के मेन प्वाइंट्स.
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पिछले साल हुए भीषण आतंकी हमले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे इस साजिश के अंतरराष्ट्रीय तार भी सामने आ रहे हैं. इस मामले की जांच कर रही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को हमले से जुड़े एक अहम सुराग यानी 'GoPro कैमरे' के संबंध में अभी तक चीन की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला है. हालांकि, एजेंसी का कहना है कि चीन की चुप्पी के बावजूद जांच अधिकारियों ने इस मामले में कई महत्वपूर्ण फॉरेंसिक सबूत जुटा लिए हैं.
शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए NIA के महानिदेशक (DG) राकेश अग्रवाल ने इस बात की पुष्टि की. जब उनसे पूछा गया कि क्या चीनी अधिकारियों ने भारतीय एजेंसियों के अनुरोध पर कोई प्रतिक्रिया दी है, तो उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, 'हमें अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है... लेकिन हमारे पास कुछ अहम फॉरेंसिक सबूत मौजूद हैं.'
हमले की प्लानिंग और रेकी में हुआ था कैमरे का इस्तेमाल
जांच के दौरान NIA ने पहलगाम हमले से जुड़ा एक 'GoPro Hero 12 Black' कैमरा बरामद किया था, जिसका सीरियल नंबर C3501325471706 है. यह कैमरा पूरी जांच में एक बेहद महत्वपूर्ण कड़ी बनकर उभरा है. NIA ने जम्मू की एक विशेष अदालत को बताया है कि यह डिवाइस आतंकी मॉड्यूल की ओर से हमले से पहले की गई रेकी, आतंकियों की आवाजाही के पैटर्न और उनकी तैयारियों से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है.
एजेंसी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह कैमरा किसने खरीदा था, यह आतंकियों के हाथों तक कैसे पहुंचा और क्या इसका इस्तेमाल हमले को अंजाम देने या उसकी रिकॉर्डिंग करने में भी किया गया था.
चीन के डोंगगुआन में एक्टिव हुआ था कैमरा
इस कैमरे की सप्लाई चेन और इसके असली मालिक का पता लगाने के लिए NIA ने इसे बनाने वाली अमेरिकी कंपनी 'GoPro' से संपर्क किया था. कंपनी ने भारतीय जांचकर्ताओं को जानकारी दी कि यह खास कैमरा मूल रूप से चीन स्थित उसके एक अधिकृत कमर्शियल डिस्ट्रीब्यूटर 'AE ग्रुप इंटरनेशनल लिमिटेड' को सप्लाई किया गया था.
कंपनी के रिकॉर्ड के मुताबिक, इस डिवाइस को पहली बार 30 जनवरी 2024 को चीन के डोंगगुआन शहर में एक्टिवेट किया गया था. हालांकि, अमेरिकी कंपनी ने यह भी साफ किया कि डिस्ट्रीब्यूटर को देने के बाद यह कैमरा आगे किसे बेचा गया और इसका अंतिम खरीदार (End User) कौन था, इसका कोई रिकॉर्ड उनके पास नहीं है. इसी वजह से अब चीन से जानकारी मिलना बेहद जरूरी हो गया है.
यह भी पढ़ेंः सफेद चादर में लिपटी घाटी: गुलमर्ग-पहलगाम में मौसम की पहली बर्फबारी, जानें अगले 48 घंटे कैसा रहेगा मौसम
कूटनीतिक रास्तों से चीन से मांगी गई है मदद
चूंकि भारत और चीन के बीच कोई द्विपक्षीय पारस्परिक कानूनी सहायता संधि (MLAT) नहीं है, इसलिए इस जानकारी को हासिल करने के लिए कानूनी और कूटनीतिक रास्तों का सहारा लिया जा रहा है. केंद्रीय गृह मंत्रालय से मंजूरी मिलने के बाद जम्मू की एक विशेष अदालत ने 2 मार्च को 'लेटर ऑफ रोगेटरी' (न्यायिक अनुरोध पत्र) के जरिए चीनी न्यायिक अधिकारियों से सहायता मांगने की अनुमति दी थी. जांच एजेंसियां इस पहलू की भी गहराई से पड़ताल कर रही हैं कि क्या यह कैमरा किसी बड़े सप्लाई नेटवर्क का हिस्सा है, जो जम्मू-कश्मीर में सक्रिय आतंकी संगठनों को आधुनिक उपकरण और संसाधन मुहैया कराता है.
क्या हुआ था पहलगाम की बैसरन घाटी में?
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित मशहूर पर्यटन स्थल बैसरन घाटी में घूमने आए सैलानियों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी. इस कायराना हमले में 25 पर्यटकों और एक स्थानीय टट्टू चालक समेत कुल 26 लोगों की जान चली गई थी. इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के मुखौटा संगठन 'द रेजिस्टेंस फ्रंट' (TRF) ने ली थी.
'ऑपरेशन महादेव' में मारे गए थे हमलावर
इस नरसंहार के बाद सुरक्षा बलों ने आतंकियों की तलाश में बड़ा अभियान चलाया था. जुलाई महीने में श्रीनगर के बाहरी इलाके दाचीगाम के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ हुई एक मुठभेड़ में हमले में शामिल तीनों आतंकी मारे गए थे. इस सैन्य अभियान को आधिकारिक तौर पर 'ऑपरेशन महादेव' नाम दिया गया था. NIA ने इस मामले में लश्कर-ए-तैयबा और छह अन्य लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है.
इसमें मुठभेड़ में मारे गए तीन आतंकी- फैसल जट्ट उर्फ सुलेमान, हबीब ताहिर उर्फ छोटू और हमजा अफगानी के साथ-साथ लश्कर का स्वयंभू कमांडर साजिद जट्ट शामिल है. इसके अलावा, दो स्थानीय निवासियों बशीर अहमद जोथाड़ और परवेज अहमद को भी आरोपी बनाया गया है, जिन्होंने हमले से एक दिन पहले आतंकियों को पांच घंटे तक अपने पास पनाह और खाना दिया था.