पहले मां का कत्ल, फिर शव पर चढ़ाया प्लास्टर, 2 महीने बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा कातिल बेटा; हैरान कर देगा मामला
ओडिशा के कुमारपारा में एक लड़के ने अपनी ही मां का कत्ल कर उस स्लैब के अंदर छिपा दिया और फिर सीमेंट से प्लास्टर कर फरार हो गया. अब इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था.
Odisha Crime News: ओडिशा के कुमारपाड़ा में इसी साल अगस्त के महीने में एक हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया था. इस मामले की जांच के बाद पुलिस को एक अहम कामयाबी मिली है. मामले में एक महिला की हत्या कर उसके शव को स्लैब के अंदर छिपाकर सीमेंट से प्लास्टर कर दिया गया था. पुलिस ने जांच में पाया की हत्यारा कोई दूसरा नहीं, बल्कि अपना बेटा ही निकला. वारदात को अंजाम देने के बाद से वह फरार था.
दरअसल, कुमारपाड़ा में हुई इस घटना ने लोगों को सकते में ला दिया था. मामले की जांच को लेकर एसपी प्रतीक सिंह ने कहा कि 24 अगस्त को थाने में एक मामला दर्ज किया गया था. जांच के दौरान पता चला कि एक महिला की हत्या कर उसके शव को स्लैब में डालकर ऊपर से सीमेंट का प्लास्टर कर दिया गया था, ताकि किसी को पता न चले.
जांच में खुला राज
पुलिस ने जब पूरे मामले की जांच गहराई से की, तो पता चला कि इस जघन्य वारदात को अंजाम देने वाला उसी का लड़का था. आरोपी की पहचान के बाद पुलिस ने तुरंत उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान शुरू कर दिया. एसपी प्रतीक सिंह ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए कई विशेष टीमें बनाई गई थीं.
पुलिस को लगातार उसके लोकेशन के बारे में जानकारी मिल रही थी, जिसके आधार पर टीमों को अलग-अलग राज्यों में भेजा गया. जांच में पुलिस ने पाया कि आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा. हालांकि, उसने अपनी मां की हत्या क्यों की इसको लेकर जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है.
पुलिस को चकमा देते हुए बदलता रहा लोकेशन
वह गजपति, कोलकाता, रायपुर, जमशेदपुर, मुंबई और तमिलनाडु जैसी जगहों पर मूवमेंट करता रहा. पुलिस ने कहा कि जैसे ही उसकी मौजूदगी की सूचना मिलती, पुलिस वहां पहुंचकर छापेमारी करती थी, लेकिन बार-बार वह पुलिस को चकमा देकर निकल जा रहा था. हालांकि, पुलिस ने लगातार उसका पीछा किया.
आखिरकार पुलिस को ऑपरेशन में सफलता मिली. पुलिस को खुफिया सूचना मिली कि आरोपी जमशेदपुर में छिपा है और वहां एक दुकान पर काम कर रहा है. इसी सूचना के आधार पर पुलिस की टीम वहां के लिए रवाना हुई और बताए गए ठिकाने पर छापा मारा, जहां से आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी. (इनपुट-आईएएनएस)
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी का विदेश टूरः सवालों से भड़के थरूर, बोले- मैं नहीं हूं ट्रैवल एजेंट
यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ केस: क्या होता है डेड लेटर बॉक्स, जहां से उठाए गए हथियार; सिंडिकेट का भंडाफोड़