SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'यह चौंकाने वाला है': मुंबई में दिल्ली से भी बदतर हुआ प्रदूषण, बॉम्बे हाईकोर्ट ने अफसरों से पूछा- आपको नींद कैसे आ रही है?

अब तक जब भी जहरीली हवा और स्मॉग की बात होती थी, तो सबसे पहला नाम दिल्ली का आता था, लेकिन अब मायानगरी मुंबई की हवा भी इतनी खराब हो चुकी है कि उसने दिल्ली को भी पीछे छोड़ दिया है. इस गंभीर स्थिति पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रशासन को जमकर लताड़ लगाई है.

Written By Bhoopendra Rai
Published: Oct 22, 2026, 04:04 PM IST | Updated: Oct 22, 2026, 08:16 PM IST
Image Credit: मुंबई में बढ़ते प्रदूषण को लेकर बॉम्बे हाईकोर्ट ने अधिकारियों को फटकार लगाई.
Join

मुंबई में प्रदूषण बहुत तेजी से बढ़ रहा है. शहर की खराब होती आबोहवा को देखते हुए बॉम्बे हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है. अदालत ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से सीधा सवाल पूछा कि जब लाखों लोग ऐसी इमरजेंसी जैसी स्थिति में सांस ले रहे हैं, तो अफसरों को चैन की नींद कैसे आ सकती है? कोर्ट ने इस बात पर चिंता जताई है कि चारों तरफ खुला समुद्र होने के बाद भी अगर मुंबई का आसमान साफ नहीं है, तो यह बेहद चौंकाने वाला और शर्मनाक है.

बार एंड बेंच के अनुसार, बॉम्बे हाईकोर्ट ने प्रदूषण से जुड़ी एक स्वतः संज्ञान जनहित याचिका पर सुनवाई की. सुनवाई के दौरान जस्टिस कुलकर्णी की पीठ ने मीडिया रिपोर्ट्स का हवाला दिया कि मंगलवार को शहर में विजिबिलिटी गिरकर 500 मीटर से भी कम रह गई थी. अदालत ने सख्त लहजे में कहा, 'यह चौंकाने वाला है. शहर के पास समुद्री हवाएं हैं, खुला आसमान और बड़ा समुद्री किनारा है, फिर भी हम इस तरह के हालात का सामना कर रहे हैं. अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मुंबई का आसमान साफ रहे'.

150 से 200 के बीच मुंबई का AQI

दरअसल, पिछले 1 हफ्ते में मुंबई का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 150 से 200 के बीच बना हुआ है, जो सेहत के लिए काफी खराब है. इस पर जस्टिस कुलकर्णी ने सवाल पूछा कि जब लाखों नागरिक इस आपात स्थिति से जूझ रहे हैं, तो प्रवर्तन एजेंसियां चैन से कैसे बैठ सकती हैं?

पटाखों और लाउडस्पीकर पर रोक लगाने में नाकामी

अदालत ने बीएमसी (BMC), महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (MPCB) और पुलिस को अदालती आदेश न मानने पर कड़ी फटकार लगाई है. कोर्ट ने पाया कि धार्मिक जुलूसों में बिना किसी इजाजत और तय आवाज सीमा की परवाह किए बिना धड़ल्ले से तेज म्यूजिक सिस्टम बजाए जा रहे हैं. यही नहीं, भीड़भाड़ वाली सड़कों पर भी बिना किसी रोक-टोक के पटाखे फोड़े जा रहे हैं. इसे लेकर अदालत ने साफ कहा कि कोर्ट के पुराने आदेशों की लगातार धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, न तो लाउडस्पीकर के लिए कोई मंजूरी ले रहा है और न ही सड़कों पर खुलेआम पटाखे जलाने वालों पर कोई ठोस कार्रवाई हो रही है.

अदालत के आदेशों की अनदेखी का आरोप

अदालत ने अपने आदेश में गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि बुनियादी जरूरी कदम तक नहीं उठाए गए. कोर्ट ने बीएमसी और एमपीसीबी को खास तौर पर निशाने पर लिया, क्योंकि 15 अक्टूबर को ही सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ने पर पूरी तरह रोक लगाने का साफ आदेश दिया गया था. अदालत ने कहा कि इस रोक के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाया, न तो अखबारों में कोई नोटिस छपवाया और न ही टीवी या सोशल मीडिया पर इसका कोई प्रचार-प्रसार किया.

दिवाली से पहले दिल्ली में भी प्रदूषण का स्तर गहराया

दूसरी तरफ, देश की राजधानी दिल्ली में भी त्योहारों से पहले प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है. मंगलवार शाम दशहरे पर पुतले जलने के बाद दिल्ली की हवा अचानक काफी खराब हो गई और आने वाले हफ्तों में दिवाली के आसपास इसके और ज्यादा बिगड़ने का डर है.

दिल्ली और मुंबई दोनों की हालत खराब

हम मुंबई की बात करें तो 22 अक्टूबर को मुंबई में प्रदूषण का स्तर (AQI) 165 से 171 के आसपास रहा, इसका मतलब है कि वहां की हवा सेहत के लिए ठीक नहीं है और 'मध्यम' से 'खराब' स्तर के बीच बनी हुई है. वहीं दिल्ली की बात करें तो गुरुवार को हवा काफी खराब है. सुबह करीब साढ़े दस बजे दिल्ली का AQI 299 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' स्तर के बिल्कुल करीब है. वहीं, निजी मॉनिटरिंग ऐप IQAir के अनुसार सुबह साढ़े नौ बजे यह 242 के स्तर पर था. कुल मिलाकर त्योहारों से पहले ही मुंबई और दिल्ली, दोनों बड़े शहरों की हवा बेहद नाजुक और खतरनाक स्थिति में पहुंच चुकी है.

ये भी पढ़ें: आंध्र में निकाय चुनाव पर रोक: NDA ने बताया YSRCP की साजिश, SC के निर्देश के बाद सियासी घमासान

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

पत्रकारिता में 9 साल से सक्रिय भूपेंद्र कुमार राय Zee News में सीनियर सब एडिटर के तौर पर न्यूज टीम का हिस्सा हैं, देश विदेशी की खबरें कवर करते हैं. 2017 में ETV Bharat (हैदराबाद) से करियर की शुरुआत करने के बाद वे 2020 में Zee News पहुंचे, जहां 2022 तक काम किया. 2023 में News24 की स्पोर्ट्स टीम को लीड करने का मौका मिला. इसके बाद India Daily Live में बतौर चीफ सब एडिटर स्पोर्ट्स टीम के साथ जुड़े. 2024 में दोबारा News24 लौटे और नई स्पोर्ट्स वेबसाइट लॉन्चिंग का अहम हिस्सा रहे. अक्टूबर 2025 में News24 से अलविदा लेकर एक बार फिर Zee News पहुंचे हैं. खेलों में गहरी रुचि रखते हैं और क्रिकेट वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स, ओलंपिक गेम्स, हॉकी वर्ल्ड कप समेत बड़े खेल इवेंट को कवर करने का अनुभव है. ब्रेकिंग न्यूज, क्रिकेट एनालिसिस और किस्से-कहानियों पर अच्छी पकड़ है. जी न्यूज में खेल से जुड़ी खबरों के बाद अब न्यूज टीम के साथ रियलटाइम न्यूज पर काम कर रहे हैं. एक्सप्लेनर और किसी भी मुद्दे पर रिसर्च के साथ उसे आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचा रहे हैं. आप Bhoopendra.Rai@zeemedia.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facebook से जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES