पेड़ से बेर तोड़कर खाए तो मासूम बच्ची को आधा किलोमीटर तक घसीटा, CCTV में कैद हुई बर्बरता; अब तक लापता
पेड़ से बेर तोड़कर खाने पर मासूम बच्ची के साथ कथित बर्बरता का मामला सामने आया है. घटना की तस्वीरें सीसीटीवी में कैद होने की बात कही जा रही है और बच्ची के लापता होने के बाद पुलिस मामले की जांच व तलाश में जुटी है.
कहते हैं बचपन की नादानियां माफ करने के लिए होती हैं, लेकिन महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी के रोंगटे खड़े कर दिए हैं. यहां एक छोटी सी बच्ची को सिर्फ इसलिए बेरहमी से पीटा गया क्योंकि उसने पास के एक पेड़ से कुछ 'बेर' तोड़कर खा लिए थे. इस बर्बरता का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर रहा है.
यह चौंकाने वाली घटना मालेगांव-नांपुर रोड पर स्थित कश्ती इलाके में 'कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर' के पास की है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, एक मासूम बच्ची अपने घर जाने के लिए सड़क किनारे किसी वाहन का इंतजार कर रही थीं. इसी दौरान उसने पास लगे एक पेड़ से कुछ 'बेर' तोड़े और खा लिए. इस बच्ची को इस बात का जरा भी अंदाजा भी नहीं था कि उनकी यह छोटी सी नादानी उन पर कितनी भारी पड़ने वाली है. इस दौरान कश्ती का ही रहने वाला 65 वर्षीय वसंत दगा हिरे वहां पहुंचा. बेर तोड़े जाने से वह इस कदर आगबबूला हो गया कि उसने अपना आपा खो दिया.
आधा किलोमीटर तक बच्ची को बेरहमी से घसीटा
बच्ची के बेर तोड़ने के बाद वसंत दगा ने बच्ची को बेरहमी से पीटा और उसे लगभग आधा किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया. इस पूरी घटना का जो CCTV फुटेज सामने आया है, वह दिल दहला देने वाला है. फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी वसंत हिरे मासूम बच्ची को लगभग आधा किलोमीटर दूर से घसीटते हुए सड़क के बीचों-बीच लेकर आता है. इसके बाद वह सबके सामने बच्ची के साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर देता है.
बिखरे हुए बेर दे रहे बच्ची के साथ बर्बरता की गवाही
वीडियो में दिख रहा है कि आरोपी ने बच्ची के कान के पीछे इतनी जोर से वार किया कि मासूम अपना संतुलन खो बैठी और सड़क किनारे बने एक गड्ढे में जा गिरी. हैरानी की बात यह है कि जब आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने बच्ची को बचाने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी उनके साथ भी बेहद आक्रामक हो गया और गाली-गलौज करने लगा. घटनास्थल पर अब भी वे 'बेर' बिखरे पड़े हैं, जो इस पूरी बर्बरता की गवाही दे रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः बेटी प्लेटफॉर्म पर करती रही इंतजार, बुजुर्ग मां के साथ शौचालय में हुई हैवानियत; 25 साल का आरोपी गिरफ्तार
मासूम का अब तक सुराग नहीं, पुलिस जांच पर उठे सवाल
इस खौफनाक घटना के बाद से पीड़ित बच्ची लापता है और उसका अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है. बच्ची के गायब होने से परिजन और स्थानीय लोग बेहद चिंतित हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए वाडनेर खाकुर्दी पुलिस स्टेशन में 65 वर्षीय आरोपी वसंत दगा हिरे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115/2 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि लापता बच्ची की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं.
सियासी पारा चढ़ा, शिवसेना महिला अघाड़ी ने खोला मोर्चा
वीडियो वायरल होने के बाद इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर गुस्सा फूट पड़ा है. शिवसेना महिला अघाड़ी ने इस बर्बरता की कड़ी निंदा की है. महिला विंग की पदाधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा कर पुलिस की जांच के तरीके और बच्ची के अब तक न मिल पाने पर कड़ा विरोध जताया है. शिवसेना महिला अघाड़ी की ओर से मांग की गई है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाए और लापता मासूम को जल्द से जल्द सुरक्षित ढूंढ निकाला जाए. फिलहाल, इस पूरे मामले ने समाज में बच्चों की सुरक्षा और लोगों की खत्म होती संवेदनशीलता पर एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.
यह भी पढ़ेंः हाईवे पर गिरफ्तारी, फ्लैट में 'मौत का जखीरा': वलसाड में नशीली दवाओं के सिंडिकेट का हुआ पर्दाफाश!