आसमान से नजर, जमीन पर भी कहर: किश्तवाड़ में छिपे कई आतंकी! हेलीकॉप्टरों से खोज रहे जवान
सर्दी का मौसम आते ही घाटी में पाक आतंकियों की घुसपैठ की संभावनाएं काफी बढ़ जाती है. इसी बीच सुरक्षाबलों को किश्तवाड़ जिले में कई आतंकियों के छिपे होने के सुराग मिले हैं. सुरक्षाबलों की ओर से जमीन के साथ-साथ आसमान से भी आतंकियों का पता लगाया जा रहा है.
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षाबलों को कई आतंकियों के छिपे होने के सुराग मिले हैं. इसके बाद मारवाह, वारवान और दच्छन क्षेत्र में तलाशी अभियान तेज कर दिया है. जानकारी के मुताबिक, इन इलाकों में बड़ी संख्या में सेना, पुलिस, SOG और CRPF के जवानों को तैनात किया है. दुर्गम पहाड़ी इलाकों और घने जंगलों में जमीन के साथ-साथ आसमान से भी आतंकियों का पता लगाया जा रहा है. सुरक्षाबल के जवान पूरे इलाके में हेलीकॉप्टरों के जरिए चप्पे-चप्पे की निगरानी कर रहे हैं.
दुर्गम जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी
बता दें कि यह पूरा इलाका बेहद दुर्गम है. इलाके में काफी ऊंचे-ऊंचे पहाड़ और बेहद घने जंगल हैं, जिनमें आतंकियों को खोजना बेहद मुश्किल होता है. सर्दी के मौसम में इलाके में काफी बर्फबारी होती है, इस कारण से स्थानीय लोग भी जंगलों में नहीं जाते हैं. इस कारण से पाक आतंकी बड़े आराम से इन जंगलों में छिपे बैठे रहते हैं. हालांकि, अब सुरक्षाबल के जवान चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रहे हैं. जिन इलाकों में पहुंचना मुश्किल है, वहां हेलीकॉप्टर के जरिए जवानों को उतारा जा रहा है.
इसी महीने शहीद हुए थे 2 SPO
11 नवंबर को इसी इलाके में आतंकियों ने 2 विशेष पुलिस अधिकारियों (SPO) का अपहरण करके बड़ी निर्ममता से हत्या कर दी थी. दोनों जवान किश्तवाड़ की दच्छन तहसील के कियार गांव के निवासी थे. दच्छन के जंगलों में दोनों के शव मिले थे. दोनों जवानों के शरीर पर गोलियों के कई निशान मिले थे और उनकी सर्विस राइफलें भी गायब थीं. जानकारी के अनुसार, दोनों स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) का हिस्सा थे और बसनान में सेना की एक टीम को राहत देने के लिए जा रहे थे.
घाटी में नहीं बचा कोई स्थानीय आतंकी
इस घटना के मुख्य आरोपी आतंकी लतीफ भट को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था. इसी के साथ सुरक्षाबलों ने स्थानीय आतंकवादी नेटवर्क पूरी तरह खत्म होने का दावा किया है. सुरक्षाबलों के अधिकारियों के अनुसार 37 वर्षों में पहली बार घाटी में एक भी स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं बचा है. हालांकि, घाटी में अभी भी करीब 35 पाकिस्तानी आतंकियों को छिपे होने के इनपुट मिले हैं.
ये भी पढ़ें- जब भारत के पास आकाश और S-400 है, तो 'भार्गवास्त्र' क्यों बनाया? चाहकर भी हवाई सीमा नहीं लांघ पाएगा दुश्मन