)
जयपुर: राजस्थान में अब सर्दी ने जोर पकड़ लिया है. इस सीजन में पहली बार मौसम विभाग ने शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है. शेखावाटी, अजमेर और कोटा संभाग के कुछ इलाकों में अगले कुछ दिन सर्द हवाएं चलेंगी. इससे रात की ठंड और बढ़ जाएगी. पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद वहां से आ रही ठंडी हवा राजस्थान में ठिठुरन बढ़ा रही है.
बुधवार रात सीकर के फतेहपुर में सबसे ज्यादा ठंड रही. वहां न्यूनतम तापमान सिर्फ 4.3 डिग्री दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटे में प्रदेश के 15 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया. शेखावाटी, अजमेर और कोटा के कुछ हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री तक नीचे चल रहा है.
मौसम विभाग के मुताबिक, शेखावाटी में रात का तापमान 4 से 6 डिग्री के बीच रह सकता है. अजमेर और कोटा के कुछ इलाकों में रात का पारा 8 से 11 डिग्री तक रहेगा. यानी सुबह और देर रात ठंड सबसे ज्यादा महसूस होगी.
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी हुई है. वहां से आ रही बर्फीली हवाएं राजस्थान तक पहुंच रही हैं. जब ये हवाएं तेज होती हैं, तो रात का तापमान तेजी से गिर जाता है. यही वजह है कि शेखावाटी समेत कई जिलों में सर्दी बढ़ गई है.
प्रदेश में अगले कई दिन मौसम सूखा रहेगा, बारिश के कोई आसार नहीं हैं. दिन में धूप निकलने से थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन सुबह और रात में ठंड बनी रहेगी.
जयपुर: 27 नवंबर को मौसम साफ रहेगा, दिन में धूप खिलेगी, सुबह-रात ठंड रहेगी, बारिश नहीं होगी.
सीकर: यहां ठंड तेज है। सीकर में रात का पारा 7.7 डिग्री और फतेहपुर में 6.1 डिग्री दर्ज हुआ. सुबह-रात ठंड से राहत नहीं मिलेगी.
उदयपुर (डबोक): न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री रहा. 27 नवंबर को मौसम सूखा रहेगा, दिन में धूप से राहत, रात में ठंड रहेगी.
चूरू: रात का पारा 9.5 डिग्री दर्ज हुआ. मौसम साफ रहेगा, बारिश नहीं होगी.
बाड़मेर: यहां दिन में अभी भी गर्मी है. प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री यहीं दर्ज हुआ. 27 नवंबर को भी मौसम सूखा रहेगा.