'मेरे पति को वापस लाओ...' असम के बेटे को बिचौलियों ने जबरन रूसी सेना में धकेला! बीवी ने PM मोदी से लगाई गुहार
असम के रहने वाले एक युवक को कथित रूप से बिचौलियों के जरिए मॉस्को ले जाकर रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया है. इससे परेशान युवक की बीवी ने भारत सरकार से अपने शौहर को रूस से वापस लाने की मांग की है.
रूसी सेना में भारतीयों के भर्ती होने और यूक्रेन के खिलाफ लड़ने की खबरें जब-तब आती रही हैं. बिचौलियों के जरिए चोरी-छिपे होने वाली ऐसी भर्तियों पर आपत्ति जताते हुए भारत ने रूस से इन्हें रोकने की अपील करता रहा है. अब फिर ऐसे ही एक भारतीय युवक के रूसी सेना में जबरन भर्ती किए जाने का मामला सामने आया है. पीड़ित युवक असम का रहने वाला अब्दुल मुक्तादिर लश्कर है. उसके रूसी सेना में भर्ती किए जाने से परेशान अब्दुल के परिवार वालों में भारत सरकार से उसे रूस से वापस लाने की अपील है.
असम का रहने वाला है अब्दुल मुक्तादिर लश्कर
रिपोर्ट के मुताबिक, अब्दुल मुक्तादिर लश्कर असम के कछार जिले का रहने वाला है. पिछले साल उसे अजरबैजान में नौकरी मिलने का ऑफर मिला था. अच्छे पैसे कमाने के लालच में वह पासपोर्ट और वीजा बनवाकर इस साल की शुरुआत में अजरबैजान के शहर बाकू पहुंचा. इसके बाद से उसका कहीं अता-पता नहीं है.
बाकू से मॉस्को से वापस ले जाया गया था लश्कर
अब परिवार को उसके ट्रैवल डॉक्यूमेंट्स से पता चला है कि अब्दुल के नाम से 14 जुलाई को मुंबई से बाकू होते हुए मॉस्को के लिए एक टिकट बुक किया गया था. उसकी 30 जुलाई को भारत वापसी का भी टिकट बुक था. लेकिन इसके बाद परिवार को पता नहीं है कि वह भारत आने वाली लाइट में सवार हुआ या नहीं.
रूसी सैन्य वर्दी पहने दिखा अब्दुल मुक्तादिर
परिवार वालों का डर सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर से भी बढ़ गया है. इस तस्वीर में अब्दुल कई अन्य विदेशी नागरिकों के साथ रूसी सैन्य वर्दी में खड़ा है. परिवार वालों को संदेह है कि उसे बिचौलियों के जरिए रूस ले जाकर वहां पर जबरन सरकारी सेना में शामिल करवा लिया गया है. इस घटना के सामने आने से उसकी पत्नी सलमा सन्न है. वह अपने तीन साल के बेटे और एक साल की बेटी के साथ कछार जिले में रहती है.
बीवी ने की अपने शौहर को वापस लाने की मांग
सोशल मीडिया पर पति के रूसी मिलिट्री ड्रेस में दिखने के बाद उसने असम की हिमंता बिस्वा सरमा सरकार और मोदी सरकार से अपने शौहर को रूस से सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है. फिलहाल भारत सरकार की इस अनुरोध पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. लेकिन सूत्रों का कहना है कि सरकार अपने स्तर पर इस खबर की पुष्टि करने की कोशिश कर रही है. जिससे रूस सरकार से उचित तरीके से आग्रह किया जा सके.